SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सात समंदर पार भी नहीं भूले छठ की परंपरा: अमेरिका के ह्यूस्टन में बिहारी परिवार ने खुद सजाया घाट; VIDEO वायरल

बिहार से हजारों किलोमीटर दूर अमेरिका में रहने वाले भारतीयों ने एक बार फिर दिखा दिया कि त्योहारों से उनका जुड़ाव कितना गहरा है. टेक्सास के ह्यूस्टन में छठ महापर्व मनाने के लिए परिवारों ने अभी से घाट की सफाई और सजावट शुरू कर दी है. यूट्यूबर रिचा मिश्रा ने इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जो वायरल हो रहा है. वीडियो में लोग छठ घाट बनाते नजर आ रहे हैं.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 12, 2026, 03:30 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 03:55 PM IST
Image Credit: @richamishra736 | अमेरिका में बिहारी परिवारों ने तैयार किया छठ घाट।
Join

बिहार और पूर्वांचल में छठ का नाम आते ही नदियों और तालाबों के किनारे सजे घाट, हाथों में पूजा की टोकरी और सूर्य को अर्घ्य देने के लिए जुटे लोगों की तस्वीर सामने आ जाती है. इस त्योहार की खास बात यह है कि लोग कहीं भी रहें, छठ आते ही उन्हें अपने घर और मिट्टी की याद जरूर आती है.

अब यही नजारा अमेरिका में भी देखने को मिल रहा है. वहां रहने वाले बिहारी और दूसरे भारतीय परिवार मिलकर छठ की तैयारी में जुट गए हैं. कोई तालाब की सफाई कर रहा है, तो कोई पेड़ों की टहनियां हटाने और लाइटिंग का इंतजाम करने में लगा है. ह्यूस्टन में रहने वाली कंटेंट क्रिएटर रिचा मिश्रा ने इस तैयारी का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इसमें मंदिर परिसर में लोगों को मिलकर छठ घाट तैयार करते देखा जा सकता है. वीडियो को इंस्टाग्राम पर अब तक 5.5 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है.

अमेरिका के मंदिर में सज रहा छठ घाट

यह आयोजन टेक्सास के रोजनबर्ग में स्थित जगन्नाथ हिंदू मंदिर में होता है. यहां हर साल भारतीय परिवार मिलकर छठ महापर्व मनाते हैं. मंदिर परिसर में मौजूद तालाब के किनारे व्रती महिलाएं डूबते और उगते सूर्य को अर्घ्य देती हैं. खास बात यह है कि इस आयोजन में केवल बिहार के लोग ही नहीं, बल्कि छठ मनाने वाले दूसरे भारतीय परिवार भी शामिल होते हैं. मंदिर की वेबसाइट के अनुसार, यहां सामूहिक छठ पूजा में शामिल होने के लिए परिवार रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.

कोई साफ कर रहा तालाब, कोई लगा रहा लाइट

रिचा मिश्रा ने अपने वीडियो में दिखाया कि छठ से पहले किस तरह लोग मिलकर घाट को तैयार कर रहे हैं. परिवार के सदस्य और वॉलंटियर तालाब के आसपास सफाई करते नजर आते हैं. पेड़ों की टहनियां हटाई जा रही हैं, ताकि पूजा के दौरान लोगों को परेशानी न हो. इसके अलावा घाट के आसपास लाइटिंग का इंतजाम भी किया जा रहा है. यह सब देखकर साफ लगता है कि वहां रहने वाले लोग इस त्योहार को लेकर कितने उत्साहित हैं. मंदिर की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, इस बार 59 परिवारों ने छठ महापर्व के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है.

चार दिनों तक चलेगा छठ का महापर्व

छठ पूजा चार दिनों तक चलती है. इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है और आखिरी दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत पूरा किया जाता है. ह्यूस्टन के मंदिर में भी इसी परंपरा के अनुसार कार्यक्रम रखा गया है.

शुक्रवार, 13 नवंबर: नहाय-खाय, घर पर.

शनिवार, 14 नवंबर: खरना, घर पर.

रविवार, 15 नवंबर: शाम 4 बजे संध्या अर्घ्य, घाट पर.

सोमवार, 16 नवंबर: सुबह 5:30 बजे उषा अर्घ्य, घाट पर.

इसका मतलब अमेरिका में रहने वाले परिवार भी उसी रीति-रिवाज के साथ छठ मनाएंगे, जैसे बिहार और उत्तर प्रदेश के गांवों में मनाया जाता है.

पिछले साल भी जुटे थे भारतीय परिवार

यह मंदिर कोई पहली बार छठ का आयोजन नहीं कर रहा है. पिछले साल की तस्वीरों में भी बड़ी संख्या में लोग घाट पर पूजा करते नजर आए थे. महिलाएं तालाब में घुटने तक पानी में खड़ी होकर सूर्य को अर्घ्य दे रही थीं. तालाब के अंदर पूजा के लिए एक अलग हिस्सा बनाया गया था. लकड़ी के ढांचे से पानी में जगह को घेरा गया था, जिससे व्रती महिलाओं और दूसरे लोगों को पूजा के दौरान परेशानी न हो. घाट को सजाया गया था और परिवार के पुरुष दऊरा लेकर वहां पहुंचे थे.

लोगों ने कहा- बिहारी छठ पूजा कभी नहीं भूलता

रिचा का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई यूजर्स ने विदेश में रहने के बावजूद अपनी परंपरा से जुड़े रहने के लिए भारतीय परिवारों की तारीफ की. एक यूजर ने इसे भारतीय डायस्पोरा की खासियत बताया. वहीं, एक दूसरे यूजर ने लिखा कि वह पहली बार महिलाओं को इस तरह छठ घाट की तैयारी करते देख रहा है. एक यूजर ने वीडियो के कमेंट में लिखा कि हमें नहीं पता आप लोग बिहार में कहां से हैं, लेकिन बिहारी छठ पूजा कभी नहीं भूलता. आप लोगों को मेरा प्रणाम. हालांकि, एक यूजर की नजर सफाई के तरीके पर भी गई. उसने मजाकिया अंदाज में सलाह दी कि अगली बार घाट की सफाई करते समय चप्पल उतार लेना.

सात समंदर पार भी कायम है अपनी मिट्टी से जुड़ाव

छठ की तैयारी का यह वीडियो सिर्फ एक त्योहार की झलक नहीं दिखाता, बल्कि उन लोगों का जुड़ाव भी सामने लाता है जो अपने घर से हजारों किलोमीटर दूर रहते हैं. जगह और देश बदल सकता है, लेकिन बचपन से देखी गई परंपराएं और त्योहारों से जुड़ी यादें आसानी से नहीं छूटतीं. ह्यूस्टन में भारतीय परिवारों की यह तैयारी बताती है कि छठ उनके लिए सिर्फ पूजा नहीं, बल्कि अपनी जड़ों से जुड़े रहने का एक तरीका भी है. शायद इसी वजह से विदेश में सजता यह घाट भी लोगों को अपने गांव और घर की याद दिला रहा है.

यह भी पढ़ें:- दिवाली पर आसमान से कैसी दिखती है हिंदुस्तान की धरती? एक पायलट ने Video बनाकर दिखलाया; पलकें नहीं झपका पाएंगे

यह भी पढ़ें:- मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने गया था बुजुर्ग: डॉक्टरों ने आंख खोली तो अंदर रेंग रहे थे 11 कीड़े; डॉक्टर भी रह गए हैरान

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES