)
अक्सर लोग अपनी दाढ़ी को एक तय लंबाई तक ही बढ़ाते हैं. कुछ समय बाद उसे ट्रिम करवा लेते हैं, तो कुछ लोग रोज उसकी शेप बनवाते हैं. लेकिन अमेरिका के कंसास में रहने वाले मैथ्यू हेय की कहानी इससे बिल्कुल अलग है. उन्होंने अपनी दाढ़ी को बढ़ने दिया और फिर उसे काटने के बारे में सोचा तक नहीं.
मैथ्यू की उम्र 54 साल है और वह बाल्डविन सिटी के रहने वाले हैं. करीब 20 साल पहले तक वह छोटी दाढ़ी रखते थे. फिर एक दिन कुछ बच्चों ने उनसे दाढ़ी में चोटी बनाने के लिए कहा. मैथ्यू को यह अंदाज पसंद आया और उन्होंने दाढ़ी बढ़ाना जारी रखा. शुरुआत में शायद उन्हें भी अंदाजा नहीं था कि उनकी यह आदत एक दिन उन्हें दुनिया भर में पहचान दिला देगी.
मैथ्यू की दाढ़ी समय के साथ बढ़ती गई. उन्होंने इसे न तो कटवाया और न ही इसकी लंबाई कम करने की कोशिश की. धीरे-धीरे दाढ़ी के बाल आपस में उलझकर एक मोटी लट में बदल गए. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के अनुसार, यह लट हर साल करीब 3 से 4 इंच तक बढ़ती रही. देखते ही देखते इसकी लंबाई इतनी हो गई कि मैथ्यू इसे अपनी कमर के चारों ओर बेल्ट की तरह लपेट सकते हैं. अब उनकी दाढ़ी की यही लट दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई है. इसकी लंबाई देखकर लोग हैरान हैं कि आखिर कोई शख्स इतने साल तक अपनी दाढ़ी को बिना कटवाए कैसे रख सकता है.
मैथ्यू हेय ने अपनी इस अनोखी दाढ़ी के दम पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह बनाई है. उनकी नेचुरल दाढ़ी की लट की लंबाई 5 फीट 3 इंच यानी करीब 1.603 मीटर मापी गई है. रिकॉर्ड बनाने के लिए उनकी दाढ़ी को एक बड़े लकड़ी के बोर्ड पर फैलाकर मापा गया. इसकी लंबाई देखकर पुराने रिकॉर्ड से तुलना की गई तो मैथ्यू उससे काफी आगे निकल गए. इससे पहले यह रिकॉर्ड अमेरिका के ही रूडोल्फ मार्टिनो के नाम था. उनकी दाढ़ी की लंबाई 3 फीट 6 इंच थी. मैथ्यू ने इस रिकॉर्ड को करीब 2 फीट के अंतर से पीछे छोड़ दिया.
मैथ्यू की दाढ़ी अब इतनी लंबी हो चुकी है कि अगर उसे खुला छोड़ दिया जाए तो वह जमीन को छूने लगती है. ऐसे में उनके लिए रोजमर्रा के काम करना आसान नहीं होता. इसलिए वह अपनी दाढ़ी को कई बार मोड़कर बांध लेते हैं. उनकी ग्रूमिंग का तरीका भी काफी साधारण है. वह दाढ़ी को साफ रखने के लिए शैंपू और कंडीशनर का इस्तेमाल करते हैं. हालांकि, ट्रिमिंग से पूरी तरह दूरी बनाए रखते हैं. मैथ्यू ने मजाकिया अंदाज में यह भी कहा कि अब उन्हें अपनी दाढ़ी का इंश्योरेंस कराने के बारे में सोचना चाहिए. आखिर इतनी लंबी और रिकॉर्ड बनाने वाली दाढ़ी को संभालना भी तो आसान काम नहीं है.
इतनी लंबी दाढ़ी होने के बावजूद मैथ्यू नहीं चाहते कि लोग उन्हें सिर्फ इसी वजह से पहचानें. गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से बातचीत में उन्होंने बताया कि उनके दोस्त उन्हें उनकी दूसरी पसंद और शौक के लिए जानते हैं. उन्हें कारों, कंप्यूटर, वेटलिफ्टिंग और वीडियो गेम्स में दिलचस्पी है. इसका मतलब रिकॉर्ड बनाने वाली दाढ़ी उनकी जिंदगी का सिर्फ एक हिस्सा है. वह अपनी पहचान को इससे कहीं ज्यादा बड़ा मानते हैं.
मैथ्यू को अपनी लंबी दाढ़ी की वजह से लोगों का अलग-अलग तरह का व्यवहार भी देखने को मिलता है. कुछ अनजान लोग उनकी तारीफ करते हैं और दाढ़ी के बारे में सवाल पूछते हैं. वहीं कुछ लोग उनके लुक को देखकर उन्हें जज करने लगते हैं. मैथ्यू का मानना है कि किसी का पहनावा या दिखने का तरीका अलग हो सकता है, लेकिन इसकी वजह से उसके साथ अलग व्यवहार नहीं करना चाहिए. उन्होंने लोगों से एक-दूसरे के प्रति सहनशील और दयालु बने रहने की अपील की.
इतना बड़ा रिकॉर्ड बनाने के बाद भी मैथ्यू की दाढ़ी बढ़ाने की आदत जारी है. फिलहाल उनका इसे कटवाने का कोई प्लान नहीं है. हालांकि, उन्होंने माना कि भविष्य में हालात बदल सकते हैं और उन्हें अपना फैसला बदलना भी पड़ सकता है. उनकी यह उपलब्धि नो-शेव नवंबर के मौके पर भी चर्चा में है. इस महीने कई लोग दाढ़ी-मूंछ बढ़ाने के लिए शेविंग से दूरी रखते हैं. लेकिन मैथ्यू के लिए यह कोई एक महीने का चैलेंज नहीं, बल्कि 20 साल से जारी सफर है. कभी बच्चों के कहने पर शुरू हुई दाढ़ी बढ़ाने की छोटी सी कोशिश आज उन्हें गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तक पहुंचा चुकी है. अब उनकी 5 फीट से लंबी दाढ़ी सिर्फ उनका लुक नहीं, बल्कि दुनिया भर में उनकी पहचान बन गई है.