)
सोचिए अगर आप स्मार्टवॉच की जगह अपने माथे और कान के बीच एक छोटा सा पिल जैसा गैजेट चिपका कर घूमने लगें? सुनने में थोड़ा अजीब और किसी साइंस-फिक्शन फिल्म जैसा लगता है ना? लेकिन जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल इसे हकीकत बनाने जा रहे हैं. उनका नया हेल्थ-टेक प्रोजेक्ट 'Temple' जल्द ही मार्केट में आने वाला है. इस गैजेट का लुक इतना हटके है कि सोशल मीडिया पर लोग लगातार सवाल पूछ रहे हैं. क्या यह त्वचा पर चिपकता है? क्या नहाते वक्त गिर जाएगा? कपड़े बदलते समय छूटेगा तो नहीं? इन सभी 'अतरंगी' और बेसिक सवालों का जवाब खुद दीपिंदर गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दिया है. आइए जानते हैं दीपिंदर गोयल का यह नया खिलौना क्या है और यह आपके लिए कितना काम का साबित हो सकता है.
आखिर क्या है यह नया गैजेट Temple?
अगर आपने अभी तक टेम्पल (Temple) के बारे में नहीं सुना है, तो आपको बता दें कि यह दीपिंदर गोयल का एक नया और अनोखा हेल्थ-टेक वेंचर है. यह गैजेट काफी छोटा है और देखने में एक कैप्सूल या गोली जैसा लगता है. इसे हाथ की कलाई पर पहनने के बजाय आपके माथे और कान के बीच वाले हिस्से (जिसे अंग्रेजी में Temple कहते हैं) पर चिपकाया जाता है.
इसका लुक इतना अलग है कि लोग इसके आते ही ढेरों सवाल पूछने लगे हैं. X (ट्विटर) पर 'त्याग' नाम के एक यूजर ने दीपिंदर गोयल से इस डिवाइस को लेकर बैक-टू-बैक 6 सवाल पूछे. दीपिंदर गोयल ने माना कि चूंकि यह एक बहुत ही नई और अलग टेक्नोलॉजी है, इसलिए लोगों के मन में इसको लेकर 'WTF' वाले रिएक्शन और सवाल आना बहुत नॉर्मल है.
Q1: क्या यह आपकी स्किन पर चिपकता है?
जवाब: हां, यह सीधे आपकी स्किन पर चिपकता है. दीपिंदर गोयल ने बताया कि टेम्पल को चिपकाने के लिए सिंगल-यूज 'Grips' यानी एक खास तरह के टेप का इस्तेमाल होता है. जब आप यह डिवाइस खरीदेंगे, तो कंपनी आपको इन ग्रिप्स की अनलिमिटेड सप्लाई बिल्कुल मुफ्त देगी.
दीपिंदर ने यह भी कहा कि इस ग्रिप को बनाना डिवाइस बनाने जितना ही मुश्किल काम था. उनकी टीम ने अब इसे इतना परफेक्ट बना लिया है कि 99% लोगों की स्किन पर यह आराम से फिट हो जाता है. इसे पहनने के बाद आपको अहसास भी नहीं होगा कि आपके माथे पर कुछ लगा हुआ है.
Q2: क्या भागने-दौड़ने या नहाते समय यह गिर जाएगा?
जवाब: बिल्कुल नहीं. दीपिंदर गोयल के मुताबिक यह टेप 'सुपर स्टिकी' यानी बहुत मजबूत ग्रिप वाला है. आप दौड़ें, कूदें या हैवी वर्कआउट करें, माथे की साइड में लगा यह गैजेट अपनी जगह से बिल्कुल नहीं हिलेगा.
रही बात नहाने या तैरने की, तो गोयल ने कन्फर्म किया कि आप इसे पहनकर शावर ले सकते हैं, स्विमिंग कर सकते हैं और सौना (Sauna) में भी जा सकते हैं. बस आप इसे पहनकर 'स्कूबा डाइविंग' (समुद्र में बहुत गहराई तक जाना) नहीं कर सकते. यह रुकावट टेप की वजह से नहीं, बल्कि डिवाइस की अपनी लिमिटेशन की वजह से है.
Q3: क्या इस चिपकाने वाले टेप को दोबारा यूज कर सकते हैं?
जवाब: नहीं. आप जब चाहें टेम्पल को अपने माथे से निकाल सकते हैं, लेकिन एक बार निकाला गया टेप (Grip) दोबारा इस्तेमाल नहीं किया जा सकता. दीपिंदर ने सलाह दी है कि हर बार नया और फ्रेश ग्रिप ही यूज करें.
वैसे तो एक ग्रिप और डिवाइस की बैटरी लाइफ लगभग 7 दिनों की है, लेकिन कंपनी का कहना है कि हाइजीन और सेफ्टी के लिए हर 2 से 3 दिनों में ग्रिप को बदल लेना चाहिए.
Q4: क्या कपड़े बदलते समय या मेकअप करते वक्त यह छूट जाएगा?
जवाब: दीपिंदर गोयल ने साफ कहा, "बिल्कुल नहीं." इस डिवाइस के किनारे (Edges) बहुत ज्यादा स्मूथ बनाए गए हैं. जब आप टी-शर्ट या शर्ट पहनते हैं या उतारते हैं, तो कपड़े इसके ऊपर से फिसल जाते हैं और यह नहीं गिरता.
इसके अलावा, आप इस डिवाइस को लगाए-लगाए अपना चेहरा धो सकते हैं, स्किनकेयर प्रोडक्ट्स यूज कर सकते हैं और लड़कियां इसके ऊपर या आसपास मेकअप भी कर सकती हैं. यह किसी भी रूटीन में रुकावट नहीं बनता.
Q5: अगर माथे पर खुजली हुई तो क्या करेंगे?
जवाब: यह सवाल सुनकर दीपिंदर ने हंसते हुए कहा कि अभी तक किसी यूजर ने ऐसी शिकायत नहीं की है. उन्होंने मजाक में कहा कि इसका टेप 'मेडिकल ग्रेड' का है जो स्किन को इतना सॉफ्ट रखता है कि खुजली होने का चांस ही नहीं बनता.
उन्होंने आगे बताया कि जिन लोगों ने इसका प्रोटोटाइप टेस्ट किया है, वे इसे अब तक का सबसे कम्फर्टेबल (आरामदायक) पहनने वाला गैजेट बता रहे हैं. हालांकि, इसे माथे पर लगाने के बाद नॉर्मल महसूस करने में लगभग 5 मिनट का समय लगता है.
Q6: यह काम क्या करता है और इसकी कीमत कितनी होगी?
जवाब: सिर्फ कूल दिखने के अलावा इस डिवाइस का असली मकसद आपकी सेहत का ख्याल रखना है. यह गैजेट आपके दिमाग में होने वाले ब्लड फ्लो (रक्त प्रवाह) को मापता है. इस टेक्नोलॉजी को कंपनी ने 'Brain Flow' का नाम दिया है. दीपिंदर का दावा है कि दुनिया में पहली बार लगातार ब्रेन ब्लड फ्लो मापने वाला कोई वियरेबल गैजेट बना है.
रंगों की बात करें तो यह गैजेट 6 अट्रैक्टिव कलर्स में आएगा- ट्रू गोल्ड (True Gold), रोज गोल्ड (Rose Gold), ब्लैक मिरर (Black Mirror), रियल जेड (Real Jade), डीप ब्लू (Deep Blue) और पर्पल फंक (Purple Funk).
इसकी बिक्री अगले हफ्ते से प्री-ऑर्डर के जरिए शुरू हो सकती है, जिसके लिए आपको उनकी वेबसाइट पर जाकर अर्ली एक्सेस के लिए अप्लाई करना होगा. हालांकि इसकी आधिकारिक कीमत का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन दीपिंदर गोयल ने पहले इशारा दिया था कि इसकी कीमत लगभग $1,000 यानी भारतीय रुपयों में करीब 1 लाख रुपये हो सकती है.