App

WhatsApp के प्राइवेट मैसेज होगा और भी सेफ, कनेक्टेड डिवाइस से गायब हो जाएगी खास चैट, आ रहा है नया फीचर!

WhatsApp अपनी प्राइवेसी को और मजबूत बनाने के लिए रिस्ट्रिक्टेड चैट फीचर ला रहा है. इसकी मदद से यूजर्स अपनी खास चैट को सिर्फ मेन डिवाइस तक सीमित रख सकेंगे, जिससे लिंक किए गए दूसरे डिवाइसेज पर वह चैट नहीं दिखाई देगी.

WhatsApp के प्राइवेट मैसेज होगा और भी सेफ, कनेक्टेड डिवाइस से गायब हो जाएगी खास चैट, आ रहा है नया फीचर!
Image Credit: WhatsApp पर प्राइवेट चैट के लिए नया इंतजाम

आज के डिजिटल दौर में ऑफिस की जरूरी बात हो या खास दोस्त से चैटिंग, हर कोई इसके लिए WhatsApp का इस्तेमाल करता है. WhatsApp पर कई लोग ऐसी बातें भी करते हैं, जिन्हें वे हर डिवाइस पर नहीं रखना चाहते. खासकर जब WhatsApp Web या कोई दूसरा डिवाइस अकाउंट से कनेक्ट हो. Android यूजर्स के लिए अब WhatsApp ऐसा फीचर ला रहा है, जिससे कुछ खास चैट को सिर्फ मेन डिवाइस तक ही सीमित रखा जा सकेगा.

WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp Restricted Chat नाम के नए फीचर पर काम कर रहा है. यह फीचर Advanced Chat Privacy का बदला हुआ और ज्यादा अपडेटेड रूप है. नाम बदलने का मकसद भी साफ है, जिससे यूजर्स को पहली नजर में समझ आ सके कि इसका क्या काम है.

खुद करना होगा फीचर ऑन

Restricted Chat अपने आप ऑन नहीं होगा. यूजर को किसी खास चैट के चैट इन्फो में जाकर इसे खुद ऑन करना होगा. यानी हर बातचीत के लिए यह फीचर अलग से लगाया जा सकेगा. फीचर ऑन होने के बाद उस चैट में कुछ पाबंदियां लग जाएंगी. बातचीत में शेयर की गई फोटो और वीडियो अपने आप फोन की गैलरी में सेव नहीं होंगी. इसके साथ ही चैट को एक्सपोर्ट करने का ऑप्शन भी नहीं मिलेगा. सिर्फ इतना ही नहीं, उस बातचीत में Meta AI के फीचर भी इस्तेमाल नहीं किए जा सकेंगे.

सबसे बड़ा बदलाव दूसरे डिवाइस को लेकर

Restricted Chat में सबसे खास बदलाव लिंक किए गए डिवाइस को लेकर है. फीचर ऑन करने के बाद ऐसी चैट सिर्फ मेन फोन पर ही रहेगी. अगर आपका WhatsApp Web किसी कंप्यूटर या दूसरे डिवाइस पर लॉग इन है या अकाउंट से कोई दूसरा डिवाइस कनेक्ट हुआ है, तो वहां Restricted Chat नहीं दिखेगा. WhatsApp चैट के अंदर एक सिस्टम मैसेज भी दिखाएगा. इसमें बताया जाएगा कि इस बातचीत में मैसेज सिर्फ मेन डिवाइस से भेजे और रिसीव किए जा सकते हैं.

AI टूल्स से भी बढ़ेगी दूरी

WhatsApp के लिंक किए गए डिवाइस का इस्तेमाल कुछ थर्ड पार्टी टूल और AI एजेंट भी बातचीत तक पहुंचने के लिए कर सकते हैं. Restricted Chat में इन डिवाइस पर चैट की पहुंच रोकने से ऐसी बातचीत के लिए प्राइवेसी की एक और परत जुड जाएगी. यह फीचर उन लोगों के लिए काम का हो सकता है, जो किसी खास बातचीत को ज्यादा प्राइवेट रखना चाहते हैं.

अभी सभी यूजर्स को नहीं मिला फीचर

Restricted Chat फिलहाल Android के WhatsApp Beta वर्जन 2.26.39.11 पर कुछ चुनिंदा बीटा टेस्टर्स के लिए जारी किया जा रहा है. इसका रोलआउट धीरे धीरे हो रहा है. इसलिए लेटेस्ट बीटा वर्जन इस्तेमाल करने वाले हर यूजर को भी यह फीचर अभी दिखाई दे, यह जरूरी नहीं है. WhatsApp ने अभी यह नहीं बताया है कि Restricted Chat को सभी Android यूजर्स के लिए स्टेबल वर्जन में कब जारी किया जाएगा. कंपनी टेस्टिंग के दौरान इसमें कुछ बदलाव भी कर सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Udbhav Tripathi

Udbhav Tripathi

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More