SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

WhatsApp पर बिना डाउनलोड किए शेयर कर सकेंगे Instagram-FB की रील्स और फोटो, आ रहा है नया अपडेट

मेटा अपने क्रॉस-पार्टनर इंटीग्रेशन को मजबूत करते हुए WhatsApp पर एक नया फीचर ला रहा है. इसकी मदद से यूजर्स बिना डाउनलोड किए सीधे मेटा अकाउंट्स से रील्स और फोटो शेयर कर सकेंगे.

Written By Udbhav Tripathi
Published: Sep 26, 2026, 11:32 AM IST | Updated: Sep 26, 2026, 11:40 AM IST
Image Credit: WhatsApp न्यू अपडेट
Join

अगर आप भी उन लोगों में से हैं जो Instagram या फेसबुक की मजेदार रील्स और तस्वीरें दोस्तों के साथ WhatsApp पर शेयर करने के लिए पहले उन्हें डाउनलोड करते हैं, तो यह आदत अब बदलने वाली है! Meta अपने सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को आपस में और ज्यादा कनेक्ट करने की तैयारी कर रहा है, जिससे यूजर्स का काम बहुत आसान होने वाला है. वॉट्सऐप जल्द ही एक ऐसा नया फीचर लाने की तैयारी में है, जिसकी सहायता से आप बिना इंस्टाग्राम या फेसबुक खोले, सीधे वॉट्सऐप के जरिए ही वहां का सारा मीडिया एक्सेस शेयर कर पाएंगे. आइए जानते हैं कि यह नया फीचर कैसे काम करेगा और इससे आपका कितना समय बचेगा.

WABetaInfo की एक रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp का यह फीचर अभी कुछ बीटा यूजर्स के लिए जारी किया गया है. इस फीचर को Android और iPhone दोनों पर टेस्ट किया जा रहा है. कंपनी धीरे धीरे इसका रोल आउट बढ़ा रही है, लेकिन अभी यह साफ नहीं है कि यह फीचर सभी यूजर्स के लिए कब रोल आउट किया जाएगा.

WhatsApp में ही दिखेगा Instagram और Facebook का कंटेंट

नए फीचर की खास बात यह है कि वॉट्सऐप के मौजूदा मीडिया पिकर में ही इंस्टाग्राम और फेसबुक को मीडिया सोर्स के रूप में जोड़ा जा रहा है. यूजर जब मीडिया पिकर में लिस्ट व्यू पर जाएंगे, तो उन्हें इंस्टाग्राम और फेसबुक के ऑप्शन दिखाई दे सकते हैं. इसके बाद ड्रॉपडाउन मेन्यू की सहायता से यूजर दोनों में से किसी एक प्लेटफॉर्म को चुन सकेंगे. यहां से अपने अकाउंट पर पहले से शेयर किए गए फोटो, वीडियो, स्टोरी, पोस्ट और Reels को देखा जा सकेगा.

मान लीजिए आपने Instagram पर कोई Reel पोस्ट की है और वही Reel WhatsApp चैट में भेजनी है. अभी इसके लिए कई बार Reel को फोन में डाउनलोड करके फिर WhatsApp पर अपलोड करना पड़ता है. नए फीचर के आने के बाद सीधे WhatsApp के मीडिया पिकर से उस Reel को सेलेक्ट किया जा सकेगा.

WhatsApp Status में भी कर सकेंगे इस्तेमाल

यह सुविधा सिर्फ WhatsApp चैट तक सीमित नहीं रहेगी. Instagram और Facebook पर पहले से शेयर किए गए कंटेंट को WhatsApp Status बनाते समय भी इस्तेमाल किया जा सकेगा. यह फीचर उन लोगों के लिए खास तौर पर काम का हो सकता है जो एक ही फोटो, वीडियो या रील को मेटा के अलग अलग प्लेटफॉर्म पर शेयर करते हैं. इससे बार बार कंटेंट डाउनलोड करने और फिर उसे फिर उसे अपलोड करने की जरूरत कम हो जाएगी.

Accounts Center से करना होगा WhatsApp कनेक्ट

इस फीचर का इस्तेमाल करने के लिए WhatsApp अकाउंट को मेटा के अकाउंट सेंटर से कनेक्ट करना होगा. अकाउंट सेंटर में मेटा के अलग-अलग अकाउंट को आपस में कनेक्ट करने की सुविधा मिलती है.

हालांकि WhatsApp को Accounts Center से जोड़ना जरूरी नहीं है. अगर कोई यूजर अपने WhatsApp अकाउंट को Instagram या फेसबुक से कनेक्ट नहीं करना चाहता है, तो वह पहले की तरह ही वॉट्सऐप का इस्तेमाल कर सकता है.

मेटा इससे पहले भी वॉट्सऐप को अपने दूसरे प्लेटफॉर्म से कनेक्ट करने की दिशा में काम कर चुका है. कंपनी ने WhatsApp Status को Instagram Stories और फेसबुक पर शेयर करने जैसे क्रॉस प्लेटफॉर्म फीचर भी शुरू किए हैं. नया अपडेट इसी तरह के इंटीग्रेशन को एक कदम आगे ले जाता है.

WhatsApp का कंटेंट Instagram और Facebook को नहीं मिलेगा

इस फीचर के साथ प्राइवेसी को लेकर भी एक अहम बात सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह इंटीग्रेशन एक तरफा तरीके से काम करता है. यानी Instagram और Facebook का कंटेंट वॉट्सऐप में इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन WhatsApp में मौजूद मीडिया को इंस्टाग्राम या फेसबुक एक्सेस नहीं कर सकते.

मेटा के अनुसार, WhatsApp को Accounts Center से कनेक्ट करने से निजी चैट और कॉल की एंड टू एंड एन्क्रिप्शन खत्म नहीं होती.

(ये भी पढ़ेंः गीला iPhone सुखाने के लिए चावल में रखना कारगर है या नहीं? Apple के हार्डवेयर इंजीनियरिंग VP ने बताया सच)

अभी सभी यूजर्स के लिए नहीं आया फीचर

फिलहाल यह फीचर सीमित बीटा यूजर्स के लिए रोल आउट किया जा रहा है. इसलिए अगर आपके WhatsApp में Instagram या Facebook का ऑप्शन अभी दिखाई नहीं दे रहा है, तो यह सामान्य बात है. कंपनी ने अभी यह नहीं बताया है कि फीचर को सभी Android और iPhone यूजर्स के लिए कब जारी किया जाएगा.

(ये भी पढ़ेंः अब विदेश में नहीं देना होगा रोमिंग का भारी बिल! Vi ने लाया फ्री इंटरनेशनल रोमिंग वाला प्लान, 170+ देशों में मिलेगा फायदा)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES