)
मैसेजिंग ऐप्स WhatsApp लगातार अपने यूजर्स के एक्सपीरियंस को और बेहतर बनाने के लिए लगातार नए-नए फीचर्स पर काम करता रहता है, इसी क्रम में WhatsApp में जल्द ही एक नया फीचर आने वाला है, जो चैटिंग के अंदाज को पूरी तरह से बदल सकता है. WhatsApp अपने Android यूजर्स के लिए एक नए फीचर पर काम कर रहा है. इसकी मदद से यूजर्स बिना सामने वाले को पता चले उसके मैसेज पढ़ सकेंगे. यानी आप किसी की चैट खोलकर मैसेज देख पाएंगे और सामने वाले को ब्लू टिक भी नहीं दिखाई देगा. अभी Android यूजर्स के पास इसके लिए नोटिफिकेशन देखने के अलावा कोई आसान तरीका नहीं है. लेकिन, नोटिफिकेशन हट जाने के बाद यह तरीका भी काम नहीं आता.
Android Authority की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp के Android बीटा वर्जन 2.26.44.12 के कोड में इस नए फीचर के संकेत मिले हैं. इसके तहत यूजर को चैट लिस्ट में किसी भी बातचीत पर कुछ देर तक दबाकर रखना होगा. ऐसा करने पर स्क्रीन पर एक छोटी विंडो खुलेगी, जिसमें उस चैट के नए मैसेज दिखाई देंगे. इस विंडो के नीचे एक नया मेन्यू भी नजर आएगा. खास बात यह है कि इस तरह मैसेज देखने पर सामने वाले को रीड रिसीट नहीं मिलेगी. यानी मैसेज पढ़ने के बाद भी चैट भेजने वाले को ब्लू टिक नहीं दिखाई देगा.
इस फीचर में यूजर्स को पुराने मैसेज देखने की सुविधा भी मिलेगी. इसके लिए वे प्रीव्यू विंडो में ऊपर की तरफ स्क्रॉल कर सकेंगे. ऐसा करने पर भी रीड रिसीट नहीं भेजी जाएगी. फिलहाल Android पर किसी चैट को देर तक पिन करने, आर्काइव करने, म्यूट करने या डिलीट करने के ऑप्शन मिलते हैं. नए फीचर के आने के बाद इसी तरीके से मैसेज का प्रीव्यू भी देखा जा सकेगा.
WhatsApp के iPhone ऐप में पहले से ही ऐसा मिलता-जुलता फीचर मौजूद है. वहां भी किसी चैट को देर तक प्रेस करने पर मैसेज का प्रीव्यू दिखाई देता है और इससे ब्लू टिक नहीं जाता. लेकिन, iPhone में इस प्रीव्यू विंडो के अंदर स्क्रॉल करने की सुविधा नहीं है. ऐसे में लंबे मैसेज या एक साथ आए कई मैसेज पूरे पढ़ना मुश्किल हो सकता है. Android के लिए तैयार हो रहे फीचर में इस कमी को दूर किया जा सकता है.
WhatsApp का यह फीचर फिलहाल तैयार किया जा रहा है. अभी इसे आम बीटा यूजर्स के लिए भी रोलआउट नहीं किया गया है. कंपनी ने इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है. इस बात का भी ध्यान रखें कि यह बिल्कुल भी जरूरी नहीं है कि ऐप के बीटा वर्जन के कोड में मिलने वाले सभी फीचर जरूरी नहीं कि अंतिम रूप से यूजर्स तक पहुंचें. ऐसे में Android यूजर्स को इस सुविधा के लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है.