जिस AI ऐप से आप दिन-रात दिल की बातें करते थे, वही आपकी पर्सनल चैट्स बेचने की तैयारी में! 42 राज्यों ने खोला मोर्चा
दिवालिया हो चुकी AI कंपनी Character.AI अब अपने 2 करोड़ से ज्यादा यूजर्स की प्राइवेट चैट्स की नीलामी करने जा रही है. इस फैसले के खिलाफ अमेरिका के 42 अटॉर्नी जनरल कोर्ट पहुंच गए हैं. आइए जानते हैं कि आपकी AI चैट्स कितनी सुरक्षित हैं और इस पूरे विवाद की असली कहानी क्या है.
टेक क्रंच की रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया के सबसे पॉपुलर AI चैटबॉट प्लेटफॉर्म्स में से एक 'Character.AI' दिवालिया हो चुका है और अब वह अपने करोड़ों यूजर्स की प्राइवेट बातचीत और पर्सनल डेटा को नीलाम करने की प्लानिंग कर रहा है. इस खबर के सामने आते ही हड़कंप मच गया है और अमेरिका के 42 राज्यों के अटॉर्नी जनरल (AGs) इस नीलामी को रुकवाने के लिए एक साथ मैदान में उतर आए हैं.
आखिर क्या है यह पूरा विवाद और नीलामी का खेल?
कहानी की शुरुआत अक्टूबर में हुई, जब कभी टेक दुनिया की चमकती हुई स्टार्टअप रही Character.AI ने 'चैप्टर 11 बैंकरप्सी' यानी दिवालिया होने की अर्जी दाखिल की. जब कोई कंपनी दिवालिया होती है, तो कोर्ट की निगरानी में उसकी संपत्तियों को बेचा जाता है ताकि कर्जदारों के पैसे लौटाए जा सकें.
Character.AI के पास सबसे कीमती चीज उसका डेटा है. कंपनी ने प्लान बनाया कि वह अपने यूजर्स की चैट हिस्ट्री और बाकी डेटा की नीलामी करेगी. इसके लिए 1 दिसंबर की तारीख तय की गई है. लेकिन जैसे ही यह बात सामने आई, कैलिफोर्निया के अटॉर्नी जनरल रॉब बोंटा समेत 42 राज्यों के शीर्ष कानूनी अधिकारियों ने कोर्ट में इस बिक्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. उनका सीधा कहना है कि कंपनी दिवालियापन की आड़ में यूजर्स के भरोसे का कत्ल कर रही है.
कितने यूजर्स का डेटा दांव पर लगा है?
यह कोई छोटा-मोटा डेटा लीक या बिक्री नहीं है. अटॉर्नी जनरल्स ने अपने बयानों में जो आंकड़े दिए हैं, वे वाकई चौंकाने वाले हैं. इस डेटासेट में अमेरिका के 2.1 करोड़ (21 मिलियन) से ज्यादा अकाउंट्स की चैट हिस्ट्री शामिल है.
सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि इनमें से 21 लाख (2.1 मिलियन) से ज्यादा अकाउंट्स नाबालिग बच्चों यानी माइनर्स के हैं. टीनएजर्स अक्सर इन चैटबॉट्स के साथ बहुत ही पर्सनल, इमोशनल और कई बार संवेदनशील बातें शेयर करते हैं. इसके अलावा, इस बिक्री में सिर्फ चैट्स ही नहीं, बल्कि यूजर्स के IP एड्रेस जैसी तकनीकी और निजी जानकारियां भी शामिल हैं, जिनसे किसी की लोकेशन और पहचान का पता लगाया जा सकता है.
वादा किया था 'डेटा नहीं बेचेंगे', फिर अब क्यों पलटी कंपनी?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा गुस्सा कंपनी के दोगले रवैये को लेकर है. Character.AI ने पहले अपने यूजर्स से साफ वादा किया था कि उनकी पर्सनल जानकारी कभी भी किसी को नहीं बेची जाएगी. यहां तक कि दिवालिया होने के बाद भी कंपनी ने एक ब्लॉग पोस्ट लिखकर यूजर्स को भरोसा दिलाया था कि उनकी जानकारी कंपनी की प्राइवेसी पॉलिसी के तहत पूरी तरह सुरक्षित रहेगी.
लेकिन अब कहानी बिल्कुल उलट है. अटॉर्नी जनरल्स का कहना है कि एक बार यह डेटा नीलामी में बिक गया, तो इसे खरीदने वाली कंपनी पर Character.AI की पुरानी प्राइवेसी पॉलिसी लागू नहीं होगी. यानी नया खरीदार उस डेटा के साथ जो चाहे कर सकता है. वह चाहे तो उन प्राइवेट चैट्स को आगे किसी और को बेच दे, पब्लिक कर दे या अपने फायदे के लिए इस्तेमाल करे, उस पर कोई रोक-टोक नहीं होगी. कैलिफोर्निया के AG रॉब बोंटा ने दो टूक कहा है कि यह सीधे तौर पर कानून का उल्लंघन है और दिवालियापन को कंज्यूमर प्रोटेक्शन से बचने का रास्ता नहीं बनाया जा सकता.
कौन है यह रहस्यमयी खरीदार 'Smirks'?
इस नीलामी को लेकर सस्पेंस तब और बढ़ गया जब इसके इकलौते घोषित बोली लगाने वाले (bidder) का नाम सामने आया. इस कंपनी का नाम है 'Smirks and Pangs Acquisition LLC' (जिसे शॉर्ट में Smirks कहा जा रहा है).
हैरानी की बात यह है कि यह कोई पुरानी या जानी-मानी टेक कंपनी नहीं है. इसे 13 नवंबर 2026 को ही अमेरिका के डेलावेयर में रजिस्टर किया गया था. और ठीक अगले ही दिन, यानी 14 नवंबर को Character.AI ने इसे अपनी नीलामी के लिए 'बेस बिड' के तौर पर चुन लिया. यह कंपनी किसकी है, इसके पीछे कौन लोग हैं और वे करोड़ों लोगों की प्राइवेट चैट्स खरीदकर आखिर क्या करने वाले हैं, इस बारे में किसी को कोई खबर नहीं है. अटॉर्नी जनरल्स ने इस बात पर भी सवाल उठाया है कि कंपनी ने कोर्ट को इस बिक्री से जुड़े खतरों के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी है.
अर्श से फर्श पर कैसे आ गई Character.AI?
एक वक्त था जब Character.AI को AI की दुनिया का अगला बड़ा सितारा माना जा रहा था. लोग इस प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग किरदारों (जैसे फेमस हस्तियों, फिक्शनल कैरेक्टर्स या खुद के बनाए बॉट्स) से घंटों बातें करते थे. लेकिन कंपनी का डाउनफॉल तब शुरू हुआ जब इसके दोनों को-फाउंडर्स, नोआम शाजीर और डैनियल डी फ्रीटास, कंपनी छोड़कर वापस गूगल चले गए. गूगल ने इस स्टार्टअप की टेक्नोलॉजी इस्तेमाल करने के लिए एक लाइसेंसिंग डील की और इसके फाउंडर्स को अपने साथ जोड़ लिया.
इसके बाद कंपनी कानूनी पचड़ों और विवादों में घिरती चली गई. कंपनी पर बच्चों की सेफ्टी को लेकर कई मुकदमे दर्ज हुए. इनमें सबसे चर्चित केस फ्लोरिडा के एक 14 साल के लड़के की आत्महत्या का था, जिसकी मां ने आरोप लगाया था कि उनका बेटा प्लेटफॉर्म के एक चैटबॉट के प्रति इस कदर दीवाना हो गया था कि उसने अपनी जान दे दी. कनेक्टिकट के अटॉर्नी जनरल विलियम टोंग ने तो यहां तक कहा कि कंपनी के खराब बिजनेस मॉडल और लापरवाही ने ही इसे बर्बाद किया है, क्योंकि इसके चैटबॉट्स ने कमजोर युवाओं को इमोशनल और गलत तरह की चैट्स के दलदल में धकेला.
डिज्नी वाली डील भी लटकी है अधर में
यह पहली बार नहीं है जब राज्य के अटॉर्नी जनरल्स ने Character.AI की किसी डील का विरोध किया है. इससे पहले कंपनी ने मनोरंजन जगत की दिग्गज कंपनी 'डिज्नी' (Disney) के साथ 20 मिलियन डॉलर की एक लाइसेंसिंग डील का प्रस्ताव रखा था. इस डील के तहत डिज्नी को Character.AI की टेक्नोलॉजी (इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी) मिलनी थी और बचे हुए ज्यादातर स्टाफ को नौकरी भी मिलनी थी, हालांकि इसमें यूजर्स की चैट्स शामिल नहीं थीं. अटॉर्नी जनरल्स के कड़े विरोध के चलते उस डील को भी अभी तक कोर्ट से फाइनल मंजूरी नहीं मिल पाई है.