)
टेक की दुनिया में एक कहावत है कि स्टीव जॉब्स जैसा विजन किसी के पास नहीं था. स्टीव जॉब्स अक्सर टिम कुक के बारे में कहते थे कि वे मैनेजमेंट तो बहुत अच्छा कर लेते हैं, लेकिन प्रोडक्ट के मामले में उनके अंदर वो दीवानगी नहीं है जो एक असली इनोवेटर में होती है. लेकिन आज टिम कुक ने पूरी दुनिया को गलत साबित कर दिया है. Apple का पहला फोल्डेबल फोन यानी iPhone Ultra बाजार में आने के लिए पूरी तरह तैयार है, और इसके पीछे किसी और का नहीं बल्कि टिम कुक का 10 साल का कड़ा संघर्ष और पैशन है. भले ही टिम कुक ने CEO के पद से स्टेप डाउन कर लिया हो, लेकिन उनका यह ड्रीम प्रोजेक्ट टेक वर्ल्ड में इतिहास रचने जा रहा है. आइए जानते हैं कि कैसे एशिया की सड़कों से शुरू हुआ यह आईडिया आज Apple का सबसे बड़ा मास्टरस्ट्रोक बन गया.

स्टीव जॉब्स की वो आलोचना और टिम कुक का जवाब
स्टीव जॉब्स जब तक Apple में रहे, उनका पूरा फोकस नए और इनोवेटिव प्रोडक्ट्स पर रहता था. जॉनी आइव के साथ मिलकर उन्होंने ऐसे प्रोडक्ट्स बनाए जिन्होंने पूरी दुनिया को बदलकर रख दिया. लेकिन टिम कुक के बारे में जॉब्स का मानना था कि वे एक ऑपरेशंस और बिजनेस गाय हैं, न कि प्रोडक्ट वाले बंदे.
कुक ने कभी भी Apple के डिजाइन में उस तरह सीधा दखल नहीं दिया जैसे जॉब्स दिया करते थे. लेकिन जब बात फोल्डेबल फोन की आई, तो टिम कुक ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया. Bloomberg की एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, Apple के इंजीनियर्स लंबे समय से फोल्डेबल डिवाइसेज पर काम तो कर रहे थे, लेकिन इस प्रोजेक्ट को पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ाने वाले टिम कुक खुद थे. यह उनका असली और आखिरी ड्रीम प्रोजेक्ट बन गया.
एशिया के दौरे पर लगा वो एक आइडिया
बात साल 2020 की है. टिम कुक एशिया के दौरे पर थे. वहां उन्होंने देखा कि सैमसंग और हुवावे जैसी कंपनियों के फोल्डेबल फोन्स को लोग बहुत पसंद कर रहे हैं. सड़कों पर, ऑफिसों में और लोगों के हाथों में फोल्डेबल फोन्स की संख्या तेजी से बढ़ रही थी.
भले ही उस समय फोल्डेबल फोन्स का मार्केट बहुत छोटा था, लेकिन टिम कुक की पैनी नजरों ने इसका फ्यूचर देख लिया था. उन्होंने तुरंत अपनी टीम को मैसेज दिया कि Apple को इस फोल्डेबल मार्केट में उतरना ही होगा और वो भी सबसे बेहतरीन प्रोडक्ट के साथ.

15 साल पुराना पेटेंट और iPad Mini का वो सपना
भले ही Samsung ने अपना पहला फोल्डेबल फोन साल 2019 में लॉन्च किया था, लेकिन Apple इस टेक्नोलॉजी पर बहुत पहले से रिसर्च कर रहा था.
- Apple ने फोल्डेबल स्क्रीन का पेटेंट 2011 में फाइल किया था, जो उन्हें 2015 में मिला.
- इसका मतलब है कि 15 साल पहले ही Apple इंजीनियर्स इसके पॉसिबिलिटीज तलाश रहे थे.
- शुरुआती दिनों में कंपनी का प्लान एक ऐसा iPad mini बनाने का था, जो खुलकर एक बड़े iPad की तरह काम करे.
- अप्रैल 2026 तक Apple 20-इंच के डिस्प्ले वाले फोल्डेबल iPad पर एक एक्सपेरिमेंट की तरह काम कर रहा था.
- बीच में फोल्डेबल MacBook का आईडिया भी आया था, लेकिन वह प्रोजेक्ट बाद में बंद कर दिया गया.
टिम कुक का सबसे बड़ा दांव: iPhone Ultra
जब इंजीनियर्स अलग-अलग आईडिया पर काम कर रहे थे, तब टिम कुक ने पूरी टीम का ध्यान सिर्फ एक चीज पर फोकस करवाया और वो था- iPhone Ultra.
कंपनी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि टिम कुक इस प्रोजेक्ट के सबसे बड़े सपोर्टर थे. उन्होंने Apple इतिहास में कभी किसी एक प्रोडक्ट के लिए इतनी जिद्द नहीं दिखाई थी. उसी समय उन्होंने Apple Vision Pro का शुरुआती वर्जन भी ट्राई किया था, लेकिन फोल्डेबल iPhone को लेकर उनका जुनून अलग ही लेवल पर था. उन्होंने कंपनी के बेस्ट रिसोर्सेस और इंजीनियर्स को इस मुश्किल प्रोजेक्ट पर लगा दिया.
जॉन टर्नस ने पूरा किया टिम कुक का सपना
किसी भी फोल्डेबल फोन को बनाना आसान नहीं होता, खासकर तब जब आप Apple का टैग लगाकर उसे मार्केट में उतार रहे हों. क्रीज को गायब करना, हिंज को मजबूत बनाना और सॉफ्टवेयर को स्मूथ रखना बहुत बड़ा चैलेंज था.
जब टिम कुक ने स्टेप डाउन करने का मन बनाया, तब नए बॉस जॉन टर्नस (John Ternus) ने इस प्रोजेक्ट की कमान संभाली. उन्होंने अपनी पूरी पावर का इस्तेमाल करके इस प्रोजेक्ट को फिनिशिंग लाइन तक पहुंचाया.
अब जब 9 सितंबर 2026 को जॉन टर्नस स्टेज पर आकर iPhone Ultra को दुनिया के सामने लाएंगे, तो यह न सिर्फ उनके कार्यकाल की शुरुआत होगी, बल्कि टिम कुक के 10 साल के सपने की जीत भी होगी.
टिम कुक की छाप अभी कई सालों तक रहेगी
अगर आपको लगता है कि टिम कुक के जाने के बाद Apple से उनकी छाप खत्म हो जाएगी, तो आप गलत हैं. ठीक वैसे ही जैसे स्टीव जॉब्स के जाने के कई सालों बाद तक उनके आइडियाज वाले प्रोडक्ट्स आते रहे, ठीक उसी तरह टिम कुक की छाप वाले प्रोडक्ट्स भी आने वाले 5 से 6 सालों तक लॉन्च होते रहेंगे. iPhone Ultra सिर्फ शुरुआत है, टिम कुक का विजन आने वाले कई सालों तक Apple के प्रोडक्ट्स में चमकता रहेगा.