SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

करोड़ों डॉलर बचाने के लिए एलन मस्क ने खेला सबसे बड़ा दांव: पहली बार अंतरिक्ष से सीधा लॉन्च टावर की बाहों में गिरेगा 171 फीट लंबा स्पेसशिप!

SpaceX पहली बार पूरे Starship रॉकेट को जमीन पर सुरक्षित उतारने जा रहा है. जानिए एलन मस्क के इस सबसे बड़े और जोखिम भरे स्पेस मिशन की पूरी कहानी.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 13, 2026, 07:45 AM IST | Updated: Nov 13, 2026, 07:49 AM IST
Image Credit: SpaceX पहली बार Starship रॉकेट को जमीन पर सुरक्षित उतारने जा रहा है.
Join

शुक्रवार को शाम 5:45 से 7:00 बजे (ET) के बीच SpaceX अपने Starship का एक ऐसा टेस्ट करने जा रहा है जो पहले कभी नहीं हुआ. इसे रॉकेट साइंस की दुनिया का 'Holy Grail' यानी सबसे बड़ा और पवित्र लक्ष्य कहा जा रहा है. अगर यह मिशन कामयाब रहा, तो अंतरिक्ष में जाना उतना ही आम और सस्ता हो जाएगा जितना आज एक देश से दूसरे देश की फ्लाइट लेना है. लेकिन अगर इसमें जरा सी भी चूक हुई, तो यह एक भयंकर हादसे में बदल सकता है.

क्या है रॉकेट साइंस का यह 'Holy Grail'?
अब तक अंतरिक्ष में जितने भी रॉकेट भेजे गए हैं, उनमें से ज्यादातर एक बार इस्तेमाल होने के बाद समुद्र में गिरकर कबाड़ बन जाते हैं. इससे हर एक लॉन्च पर करोड़ों डॉलर का नुकसान होता है. SpaceX ने अपने Falcon रॉकेट्स के निचले हिस्से यानी बूस्टर को वापस जमीन पर उतारकर पहले ही इतिहास रच दिया है, जिससे कंपनी के लाखों-करोड़ों डॉलर बचे हैं. लेकिन अब मस्क का सपना इससे कहीं ज्यादा बड़ा है. वे चाहते हैं कि Starship के दोनों हिस्से, यानी नीचे वाला Super Heavy बूस्टर और ऊपर वाला 171 फीट लंबा स्पेसशिप, दोनों ही सुरक्षित जमीन पर लौट आएं ताकि उनमें दोबारा ईंधन भरकर फिर से उड़ाया जा सके. इसी पूरी तरह से दोबारा इस्तेमाल होने वाले सिस्टम को 'Holy Grail' कहा जा रहा है. यह कामयाबी NASA के चांद पर इंसान बसाने के मिशन, Starlink इंटरनेट को बढ़ाने और खुद मस्क के मंगल ग्रह पर शहर बसाने के सपने को पंख लगा देगी.

22 घंटे का सफर और सांसें रोक देने वाला रोमांच
इस मिशन की शुरुआत साउथ टेक्सास के स्टारबेस से होगी. लॉन्च के कुछ ही मिनट बाद नीचे वाला Super Heavy बूस्टर ऊपर वाले स्पेसशिप से अलग हो जाएगा और वापस लॉन्च टावर पर आकर लैंड करेगा. SpaceX पहले भी ऐसा कर चुका है, लेकिन इस बार यह काम रॉकेट के नए V3 वर्जन के साथ हो रहा है जिसे मई में पेश किया गया था. असली खेल इसके बाद शुरू होगा. ऊपर वाला स्पेसशिप अपने इंजन चालू करेगा और आवाज की रफ्तार से 20 गुना तेज यानी 17,000 मील प्रति घंटे की स्पीड पकड़कर पृथ्वी की कक्षा में पहुंचेगा. वहां यह अगले 22 घंटों में धरती के करीब 14 चक्कर लगाएगा और इसी दौरान 26 नए Starlink V3 सैटेलाइट्स को अंतरिक्ष में छोड़ेगा.

आग का गोला बनकर लौटेगा स्पेसशिप
शनिवार दोपहर को इस मिशन का सबसे खतरनाक हिस्सा शुरू होगा, जिसे री-एंट्री (Reentry) कहते हैं. जब यह विशालकाय स्पेसशिप वापस पृथ्वी के घने वायुमंडल में घुसेगा, तो हवा के जबरदस्त दबाव और घर्षण की वजह से इसके बाहरी हिस्से का तापमान 2,000 डिग्री फारेनहाइट से भी ज्यादा हो जाएगा. चारों तरफ प्लाज्मा और आग की लपटें होंगी. सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इस बार यह स्पेसशिप अमेरिका के वेस्ट कोस्ट और उत्तरी मैक्सिको व दक्षिणी टेक्सास के जमीनी इलाकों के ऊपर से गुजरेगा. आमतौर पर ऐसे टेस्ट समुद्र के ऊपर किए जाते हैं ताकि कुछ गड़बड़ होने पर जान-माल का नुकसान न हो. आबादी वाले इलाकों के ऊपर से गुजरना इसे बेहद हाई-स्टेक मिशन बनाता है. हालांकि, SpaceX का कहना है कि यान में लगे चार फ्लैप्स छोटे-छोटे मोड़ लेकर इसे कम आबादी वाले रास्तों से निकालेंगे, और अगर जरा भी खतरा लगा तो कंट्रोल रूम इसे समंदर में गिरा देगा या हवा में ही नष्ट कर देगा.

मेकाजिला टावर का 'बेलीफ्लॉप' स्टंट
अगर सब कुछ ठीक रहा, तो लैंडिंग से ठीक पहले यह स्पेसशिप साउथ पाद्रे आइलैंड के ऊपर से गुजरेगा और फिर SpaceX के विशालकाय Mechazilla लॉन्च टावर की तरफ मुड़ेगा. यहां यह हवा में एक कलाबाज की तरह पेट के बल गिरने वाला 'बेलीफ्लॉप' पैंतरा दिखाएगा और आखिरी पलों में अपने इंजन चालू करके सीधा खड़ा हो जाएगा. इसके बाद टावर की दो बड़ी यांत्रिक भुजाएं, जिन्हें चॉपस्टिक्स भी कहा जाता है, इस 171 फीट लंबे यान को हवा में ही दबोच लेंगी. यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनोइस के प्रोफेसर जोसेफ गोंजालेज का मानना है कि अगर यह टेस्ट सफल रहा, तो अगले दो से तीन साल में हमारे पास पूरी तरह से रीयूजेबल रॉकेट होगा.

इंजनों का धोखा और पिछले मिशन का ड्रामा
इस मिशन में जोखिम इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि Starship के Raptor इंजनों ने पिछले कुछ टेस्ट में गच्चा दिया है. सितंबर में हुए Flight 14 के दौरान उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक इंजन अचानक बंद हो गया था. उस वक्त मिशन कंट्रोलर्स और लाइवस्ट्रीम होस्ट ने भी मान लिया था कि अब यान को ऑर्बिट में नहीं भेजा जाएगा. लेकिन एलन मस्क ने टीम से सवाल किया कि क्या आगे बढ़ने से रोकने वाला कोई ठोस कारण है. मस्क के कहने पर यान को आगे बढ़ाया गया और उसने हिंद महासागर में कंट्रोल लैंडिंग की, हालांकि वह उतनी साफ नहीं थी. अब उसी भरोसे के साथ यान को सीधे जमीन पर और आबादी के ऊपर से लाना एक अलग ही स्तर का जोखिम है.

स्पेस शटल की गलतियों से सीखा सबक
अंतरिक्ष से वापस लौटने वाले यान आमतौर पर छोटे कैप्सूल होते हैं, लेकिन Starship खुद में एक पूरा रॉकेट है जो इतना बड़ा है कि इसके अंदर अपोलो मिशन के 100 से ज्यादा कमांड मॉड्यूल समा सकते हैं. इसकी तुलना NASA के पुराने Space Shuttle से की जा सकती है, लेकिन शटल बहुत महंगे थे और हर उड़ान के बाद उनकी मरम्मत में हफ्तों लग जाते थे. शटल हवाई जहाज की तरह रनवे पर उतरते थे, जिसके लिए उनमें भारी-भरकम लैंडिंग गियर लगाने पड़ते थे और गर्मी से उनके खराब होने का डर रहता था. SpaceX ने लैंडिंग गियर का झंझट ही खत्म कर दिया है ताकि रॉकेट हल्का रहे. हालांकि, FAA के नियमों के मुताबिक किसी भी हादसे की आशंका दस लाख में एक से भी कम होनी चाहिए, जबकि 2025 के एक टेस्ट में मलबे से एक कार को नुकसान पहुंचा था. अब पूरी दुनिया की सांसें इस बात पर अटकी हैं कि क्या मस्क का यह दांव अंतरिक्ष युग की नई शुरुआत करेगा या फिर आसमान में एक और धमाका देखने को मिलेगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES