)
टेलीकॉम कंपनी रिलायंस जियो ने अपने कुछ रिचार्ज प्लान्स पर लगने वाली डेटा लिमिट को हटाने की बड़ी तैयारी की है. रिपोर्ट्स के मुताबिक 24 नवंबर से कंपनी के दो फेमस प्लान्स पर 2.5GB रोजाना की 5G या 4G डेटा लिमिट खत्म होने जा रही है.
ये बदलाव 399 रुपये वाले 28 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान और 3999 रुपये वाले 365 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान में देखने को मिलेगा. इसके साथ ही जियो सस्ते ऐड-ऑन पैक और एक नया नाइट डेटा प्लान भी पेश कर रही है.
जियो के 399 रुपये और 3999 रुपये वाले प्लान्स में पहले यूजर्स को हर दिन 2.5GB डेटा मिलता था. डेटा लिमिट हटने के बाद इन प्लान्स का इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को बड़ी राहत मिलेगी.
रिपोर्ट के मुताबिक ये अनलिमिटेड डेटा वाले प्लान्स 24 नवंबर से रिचार्ज के लिए उपलब्ध होंगे. ग्राहक इन्हें मायजियो ऐप, जियो वेबसाइट के साथ-साथ देशभर के जियो स्टोर्स और रिटेल दुकानों से भी आसानी से ले सकेंगे.
डेटा जरूरतों को देखते हुए जियो ने 15 रुपये और 25 रुपये के नए ऐड-ऑन प्लान्स भी उतारे हैं. इनमें 25 रुपये वाले प्लान की वैलिडिटी दो दिन की होगी, जबकि 15 रुपये वाला प्लान एक दिन की वैलिडिटी के साथ आता है.
25 रुपये का अनलिमिटेड 5G ऐड-ऑन 24 नवंबर से शुरू होगा, जबकि 15 रुपये वाला ऑप्शन पहले से ही लाइव है. जानकारी के मुताबिक इन ऐड-ऑन प्लान्स पर किसी तरह की डाउनलोड लिमिट, स्पीड थ्रॉटलिंग या डेटा सीमा लागू नहीं होगी.
जियो के 3999 रुपये वाले सालाना प्लान में सिर्फ डेटा ही नहीं, बल्कि कई कुछ और भी फायदे भी जोड़े गए हैं. इस पैक के साथ ग्राहकों को 12 महीने के लिए कैनवा प्रो लाइट का सब्सक्रिप्शन मिलेगा.
इसके अलावा मनोरंजन के लिए जीयो हॉटस्टार मोबाइल और जियोटीवी के जरिए फैनकोड का एक्सेस भी दिया जाएगा. इतना ही नहीं, यूजर्स को जीयोएआई क्लाउड पर 50GB फ्री क्लाउड स्टोरेज का लाभ भी मिलेगा.
रिपोर्ट्स के अनुसार जियो 26 नवंबर से 50 रुपये का एक नया नाइट डेटा प्लान भी शुरू करने जा रही है. ये प्लान भी ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से रिचार्ज के लिए उपलब्ध रहेगा.
सूत्रों का कहना है कि कोई भी मौजूदा ग्राहक इन प्लान्स का ऑप्शन चुन सकता है. लेकिन नई सेवाएं मौजूदा एक्टिव प्लान के खत्म होने के बाद ही शुरू होंगी.
टेलीकॉम सेक्टर की दूसरी बड़ी खबरों में सरकारी कंपनी BSNL ने भी ट्राई के निर्देश के बाद वॉयस और SMS वाले नए प्रीपेड प्लान्स पेश किए हैं. कंपनी ने 172 रुपये, 184 रुपये और 190 रुपये के स्पेशल टैरिफ वाउचर उतारे हैं.
इनमें अनलिमिटेड कॉलिंग और रोजाना 100 SMS की सुविधा मिलती है, जिसकी वैलिडिटी 28 दिन से लेकर एक महीने तक है.
सितंबर 2026 तक 9.4 करोड़ से ज्यादा मोबाइल यूजर्स वाली BSNL के अलावा जियो और Vi भी अपनी साइट व ऐप पर ट्राई मैंडेटेड पैक्स का सेक्शन दे चुकी हैं.