2.5 अरब डॉलर के एडवांस चिप्स की तस्करी में फंसे जय पुरी, पत्नी के लिंक ने बढ़ाई टेंशन, जानें क्या है पूरा मामला?
चीन में एडवांस चिप्स की तस्करी से जुड़े विवाद में एनवीडिया के पूर्व ग्लोबल सेल्स चीफ जय पुरी का नाम सामने आया है. ये मामला उनकी पत्नी सेनली चेन के सुपर माइक्रो कंप्यूटर से जुड़े पुराने कामकाज और एक शॉर्ट-सेलर रिपोर्ट के बाद चर्चा में आया है.
जब भी हम सोचते हैं कि अब सब खेल खत्म हो गया है, तब तक एक नया नाम सामने आ जाता है. ठीक ऐसा ही चीन में एडवांस चिप्स की तस्करी से जुड़े विवाद में हुआ है. इस बार एनवीडिया के पूर्व ग्लोबल सेल्स चीफ जय पुरी का नाम सामने आया है.
ताजा रिपोर्ट्स में जय पुरी का कनेक्शन कैलिफोर्निया की सर्वर बनाने वाली कंपनी सुपर माइक्रो कंप्यूटर की एक पूर्व अधिकारी से जोड़ा जा रहा है, जो इस केस में पहले से आरोपी हैं.
पत्नी के पुराने काम से जुड़ा है पूरा विवाद
जय पुरी का नाम इस बड़े घोटाले से उनकी पत्नी सेनली चेन की वजह से जुड़ा है. चेन पहले सुपर माइक्रो कंप्यूटर में एक बड़े पद पर काम कर चुकी हैं.
अमेरिकी जांच एजेंसियों ने इसी कंपनी के कुछ अधिकारियों पर आरोप लगाया है. एजेंसी का आरोप है कि इन लोगों ने ही एनवीडिया चिप्स वाले करीब 2.5 अरब डॉलर के सर्वर चोरी-छिपे चीन भेजने की साजिश रची थी.
जानकारों के मुताबिक, पुरी और चेन ने इसी साल की शुरुआत में अपने साथियों को अपनी शादी के बारे में बताया था.
बताया जा रहा है कि चेन उस टीम का हिस्सा थीं जो एनवीडिया के साथ कंपनी के कनेक्शन को संभालती थी, वैसे कंपनी ने चिप्स बांटने में उनकी किसी भी भूमिका से इनकार किया है.
शॉर्ट सेलर की रिपोर्ट ने खड़े किए गंभीर सवाल
इस पूरे मामले में नया मोड़ तब आया जब निवेश फर्म मडी वॉटर्स ने एक रिपोर्ट जारी कर एनवीडिया के शेयरों पर दांव लगाने और पुरी व चेन के रिश्तों पर सवाल उठाए.
इस रिपोर्ट में दोनों की तस्वीरें भी छापी गई हैं और एक पुराने मुकदमे का हवाला दिया गया है. उस शिकायत में दावा किया गया था कि चेन ही एनवीडिया से चिप्स खरीदने और ग्राहकों को बांटने का फैसला करती थीं.
इसलिए उन्हें इस अवैध बिक्री की जानकारी जरूर रही होगी. वैसे अभी तक चेन या पुरी पर किसी भी सरकारी एजेंसी ने कोई आपराधिक आरोप तय नहीं किया है और न ही आरोप साबित हुए हैं.
जांच में सहयोग कर रही है सर्वर कंपनी
सुपर माइक्रो कंप्यूटर ने अपनी सफाई में साफ कहा है कि चेन न तो एनवीडिया के साथ कामकाज देखती थीं और न ही चिप्स के बंटवारे पर उनका कोई कंट्रोल था.
दूसरी तरफ, कंपनी ने ये जरूर माना है कि जिन तीन लोगों पर आपराधिक आरोप लगे हैं, वे कंपनी से जुड़े रहे हैं. कंपनी ने उनके खिलाफ जरूरी कार्रवाई कर दी है और जांच में पूरा सहयोग कर रही है.
सबसे बड़ा सवाल अभी ये बना हुआ है कि तस्वीरों में जय पुरी के साथ दिखने वाली महिला क्या वही सेनली चेन हैं जिनका नाम मुकदमे में है. ये पूरा विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिका चीन को एडवांस टेक्नोलॉजी भेजने पर सख्ती बढ़ा रहा है.
टेक दुनिया के पुराने खिलाड़ी हैं जय पुरी
विवादों में घिरे जय पुरी सिलिकॉन वैली का एक बहुत जाना-माना नाम हैं. उनके पास करीब पचास साल का लंबा अनुभव है.
उन्होंने मिनेसोटा यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, कैलिफोर्निया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से मास्टर्स और हार्वर्ड बिजनेस स्कूल से एमबीए की पढ़ाई की है.
एनवीडिया से जुड़ने से पहले वे सन माइक्रोसिस्टम्स में एशिया-पैसिफिक कारोबार के प्रमुख रह चुके हैं.
इस साल जून में उन्होंने कंपनी में अपने रोजमर्रा के कामकाज से रिटायरमेंट ले लिया था, लेकिन वे अभी भी एनवीडिया के वरिष्ठ सलाहकार के तौर पर जुड़े हुए हैं.
कंपनी के अंदर भी सब कुछ ठीक नहीं है
भले ही जय पुरी कंपनी के बड़े अधिकारियों में गिने जाते रहे हों. लेकिन कंपनी के भीतर उनके रिश्ते हमेशा सही नहीं रहे हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स में अंदरूनी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इसी साल फरवरी में एक बंद कमरे की बैठक के दौरान कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने पुरी को काफी खरी-खोटी सुनाई थी.
उस बैठक में 30 से ज्यादा बड़े अधिकारी मौजूद थे और हुआंग ने पुरी को बहुत कुछ सुना दिया था. बताया जाता है कि इस पूरी बहस के दौरान जय पुरी बिल्कुल शांत रहे और उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया था.
ये भी पढे़ं: मिडिल क्लास की बढ़ी टेंशन! दिवाली के तुरंत बाद Samsung और Xiaomi ने चुपचाप 41 स्मार्टफोन्स के रेट बढ़ाकर सबको चौंकाया