SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अफेयर, जासूसी के आरोप और 30% क्रैश... 6 दिन पहले 'ना' कहने वाले बोर्ड को क्यों करना पड़ा सरेंडर? पढ़िए Nvidia के सबसे बड़े यू-टर्न की इनसाइड स्टोरी!

अफेयर विवाद, चीनी जासूसी के शक, सरकारी जांच और शेयरों में 30% गिरावट के बावजूद एनवीडिया के बोर्ड ने महज 11 दिन में अपना फैसला पलटते हुए जेन्सन हुआंग को दोबारा सीईओ बना दिया. जानिए उनकी वापसी की क्या-क्या वजहें थीं और 11 दिन में क्या-क्या हुआ...

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 24, 2026, 08:50 IST | Updated: Nov 24, 2026, 08:55 IST
Image Credit: एनवीडिया के बोर्ड ने महज 11 दिन में अपना फैसला पलटते हुए जेन्सन हुआंग को दोबारा सीईओ बना दिया.
Join

चिप बनाने वाली दुनिया की सबसे बड़ी कंपनी Nvidia में पिछले 11 दिनों से चल रहा हाई-वोल्टेज ड्रामा आखिरकार खत्म हो गया है. कंपनी के बोर्ड ने अपना ही फैसला पलटते हुए जेन्सन हुआंग (Jensen Huang) को फिर से प्रेसिडेंट, सीईओ और डायरेक्टर की कुर्सी सौंप दी है. मजे की बात यह है कि महज छह दिन पहले ही बोर्ड के चेयरमैन ने साफ कह दिया था कि हुआंग को वापस लाने का कोई प्लान नहीं है.

दरअसल, 63 साल के हुआंग को कंपनी की दो महिला कर्मचारियों के साथ अफेयर की बात सामने आने के बाद इस्तीफा देना पड़ा था. इनमें से एक हांगकांग की एलिस हुआंग हैं, जिन पर चीनी जासूस होने का भी शक है. हालांकि, अब यह जासूसी वाला एंगल थोड़ा ठंडा पड़ता दिख रहा है क्योंकि माना जा रहा है कि हुआंग को खुद भी नहीं पता था कि एलिस किसी विदेशी खुफिया एजेंसी के लिए काम करती हैं.

अब बड़ा सवाल यह है कि इतने बड़े विवाद और जांच के बावजूद Nvidia के बोर्ड को अपना फैसला क्यों बदलना पड़ा? आखिर हुआंग में ऐसा क्या है कि कंपनी उनके बिना एक कदम भी आगे नहीं बढ़ पा रही थी? चलिए, आसान भाषा में समझते हैं वे तीन बड़ी वजहें और इस पूरे मामले की 11 दिनों की पूरी कहानी.

जेन्सन हुआंग के बिना Nvidia क्यों नहीं चल सकता?


1. एलन मस्क और SpaceX की डील हाथ से निकलने का डर
जेन्सन हुआंग और एलन मस्क की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है. हुआंग की वजह से ही मस्क की कंपनी SpaceX अपने सारे डेटा सेंटर Nvidia के 'वेरा रुबिन' (Vera Rubin) प्लेटफॉर्म पर बना रही है. बोर्ड को डर था कि अगर हुआंग नहीं रहे, तो SpaceX के साथ यह बड़ी डील टूट सकती है. ऊपर से मस्क पहले ही हुआंग को अपनी कंपनी जॉइन करने का ऑफर दे चुके हैं. अगर हुआंग मस्क के साथ चले जाते और SpaceX खुद की चिप्स बनाने लगता, तो Nvidia को करोड़ों-अरबों का नुकसान झेलना पड़ता.

2. डेटा सेंटर मार्केट में मंदी का खतरा
हुआंग के जाने से पहले ही अमेरिका में नए डेटा सेंटर बनाने की रफ्तार धीमी करने की बात चल रही थी. हालिया चुनावों में भी ऐसे कई नेता जीते हैं जो डेटा सेंटर के खिलाफ हैं. इसका सीधा असर 'नियोक्लाउड्स' (Neoclouds) कंपनियों पर पड़ेगा, जो Nvidia की कमाई का बहुत बड़ा हिस्सा हैं. सोचिए, Nvidia के कुल डेटा सेंटर रेवेन्यू का 44% हिस्सा इन्हीं कंपनियों से आता है. अगर प्रोजेक्ट्स रुके तो ग्राहकों के पास पैसे की कमी होगी और Nvidia की सेल गिर जाएगी. इस मुश्किल हालात को संभालने के लिए बोर्ड को हुआंग जैसा अनुभवी खिलाड़ी ही चाहिए था.

3. मार्केट में पकड़ ढीली होने और मुनाफा घटने की टेंशन
Nvidia की सबसे बड़ी ताकत उसका 'CUDA' सॉफ्टवेयर और मार्केट में उसकी मोनोपॉली रही है. लेकिन अब AMD जैसी प्रतिद्वंद्वी कंपनियां और दूसरी टेक कंपनियों की खुद की बनाई AI चिप्स बाजार में तेजी से जगह बना रही हैं. बोर्ड को लगा कि हुआंग के बिना मार्केट शेयर बचाना मुश्किल होगा. मुकाबला करने के लिए कंपनी को चिप्स के दाम घटाने पड़ते, जिससे सीधे मुनाफे (मार्जिन) पर चोट लगती और शेयर बाजार में कंपनी बुरी तरह पिट जाती.

इस्तीफे से वापसी तक: 11 दिनों में कब क्या हुआ?


12 नवंबर: हुआंग का इस्तीफा और शेयरों में कोहराम
Nvidia ने अचानक ऐलान किया कि जेन्सन हुआंग ने प्रेसिडेंट, सीईओ और बोर्ड के पद से इस्तीफा दे दिया है. उनकी जगह कंपनी की CFO कोलेट क्रेस को कामचलाऊ सीईओ बनाया गया. इसकी वजह थी किम्बर्ली पॉवेल और एक अन्य महिला कर्मचारी के साथ हुआंग का अफेयर. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस खबर पर दुख जताया, लेकिन हुआंग के खिलाफ कुछ नहीं कहा. उधर, शेयर बाजार में इस खबर से हड़कंप मच गया और Nvidia के शेयर एक ही दिन में 30% से ज्यादा गिर गए.

13-14 नवंबर: मस्क की एंट्री और वापसी की मुहिम
अगले ही दिन एलन मस्क खुलकर हुआंग के सपोर्ट में आ गए. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि हुआंग को वापस लाने के लिए एक कैंपेन चल रहा है और वे खुद इसे सपोर्ट कर रहे हैं. मस्क ने साफ कहा कि Nvidia की कई बड़ी डील कागजों पर कम और हुआंग के भरोसे पर ज्यादा टिकी हैं, जो उनके बिना टूट जाएंगी. इसके बाद 'स्टैंड विद जेन्सन' नाम से एक ऑनलाइन लेटर भी चला और बड़े निवेशकों ने भी बोर्ड पर दबाव बनाना शुरू कर दिया.

15 नवंबर: सिलिकॉन वैली में बना 'वॉर रूम'
खबर आई कि हुआंग के करीबियों और सिलिकॉन वैली के बड़े टेक दिग्गजों ने मिलकर एक 'वॉर रूम' बनाया है, ताकि व्हाइट हाउस से सपोर्ट जुटाकर बोर्ड को झुकाया जा सके. हालांकि, इसी दिन अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने टीवी पर बयान दिया कि कंपनी के अंदर जो कुछ चल रहा है, उसे देखते हुए Nvidia को बाहर से कोई नया लीडर लाना चाहिए.

16 नवंबर: ट्रंप का साथ, लेकिन जांच भी शुरू
सारे विवादों को दरकिनार करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने भी हुआंग की वापसी का समर्थन कर दिया. जब उनसे पूछा गया कि क्या एलिस हुआंग चीनी जासूस है, तो ट्रंप ने साफ कह दिया कि उन्हें इस बारे में कुछ नहीं पता. दूसरी तरफ, अमेरिकी जांच एजेंसियों ने पुष्टि की कि वे एलिस हुआंग की कंपनी 'मेगास्पीड' (Megaspeed) की जांच कर रही हैं, क्योंकि उन पर संवेदनशील चिप्स की हेराफेरी का शक है.

17 नवंबर: हुआंग ने जताई इच्छा, बोर्ड ने किया इनकार
इस्तीफे के बाद पहली बार हुआंग ने X पर पोस्ट किया और कहा कि अगर बोर्ड को लगता है कि यह कंपनी के फायदे में है, तो वे वापस लौटने के लिए तैयार हैं. लेकिन बोर्ड के चेयरमैन हार्वे जोन्स ने इस बात को सिरे से खारिज कर दिया और कहा कि वे नया सीईओ ढूंढने के लिए एक बड़ी HR कंपनी की मदद ले रहे हैं. इसी दिन कंपनी ने यह भी सफाई दी कि उन्होंने चीन को कोई एडवांस चिप्स नहीं भेजी हैं.

18-20 नवंबर: जांच का शिकंजा कसा, शेयर फिर गिरे
मामला सिर्फ अफेयर तक नहीं रुका, बल्कि अब इस बात की जांच तेज हो गई कि क्या Nvidia ने अमेरिकी नियमों को ताक पर रखकर चीन को चिप्स भेजी हैं. अमेरिकी सांसदों ने हुआंग और कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लुटनिक से जवाब मांगना शुरू कर दिया. इसी बीच 20 नवंबर को खबर आई कि अमेरिकी मार्केट रेगुलेटर (SEC) कंपनी के हिसाब-किताब (अकाउंटिंग) की भी जांच कर रहा है. इस खबर के आते ही Nvidia के शेयर एक बार फिर तेजी से नीचे आ गए.

21-22 नवंबर: खुफिया अलर्ट के बावजूद पलट गई बाजी
न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने ट्रंप को दो बार चेतावनी दी थी कि एलिस हुआंग और उनके बिजनेस पार्टनर के संबंध चीनी खुफिया विभाग से हैं. इसके बावजूद ट्रंप ने इस मामले में दखल नहीं दिया और सोशल मीडिया पर लिख दिया कि Nvidia के बोर्ड को हुआंग को वापस रख लेना चाहिए, यह कंपनी और अमेरिका दोनों के लिए अच्छा है. ट्रंप के इस बयान के बाद ट्रेजरी सेक्रेटरी बेसेंट ने भी अपने सुर बदल लिए. आखिरकार 22 नवंबर को बोर्ड ने हार मान ली और हुआंग को वापस सीईओ बना दिया.

23 नवंबर: ग्रैंड कमबैक और शेयरों में जबरदस्त उछाल
हुआंग की वापसी की खबर आते ही बाजार झूम उठा और Nvidia के शेयर 30% से ज्यादा उछल गए. हुआंग ने कहा कि इस नई टेक्नोलॉजी क्रांति के दौर में कंपनी का फिर से नेतृत्व करना उनके लिए गर्व की बात है. बोर्ड ने साफ किया है कि जांच जारी रहेगी और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों पर नजर रखने के लिए एक नई टीम बनाई जाएगी. उधर, ट्रंप ने हुआंग को "महान देशभक्त" बताया है, जबकि एलिस हुआंग के आखिरी बार चीन के बीजिंग में देखे जाने की खबर है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES