)
आज के समय फोन का खो जाना, बस एक मशीन के खो जाने जैसा नहीं है. इसके साथ हमारे यादें, जरूरी डाक्यूमेंट और प्राइवेट चैट भी चला जाता है. रविवार को मन की बात के 140वें एपिसोड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी बड़ी परेशानी से राहत देने वाले संचार साथी प्लेटफॉर्म की बात की है. साथ ही उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के नए हुनर सीखने के जज्बे की भी बहुत तारीफ की है.
खोया हुआ मोबाइल वापस पाने से लेकर साइबर ठगी रोकने तक, ‘संचार साथी’ बन रहा है डिजिटल सुरक्षा का मजबूत साथी! #MannKiBaat की 140वीं कड़ी में प्रधानमंत्री @narendramodi ने ‘संचार साथी’ प्लेटफॉर्म की उपयोगिता साझा की। इसके जरिए अब तक 14 लाख से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं। वहीं, 1,600 से अधिक संस्थानों के साथ जुड़ी यह व्यवस्था अब तक 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के संभावित साइबर नुकसान को रोकने में मदद कर चुकी है। 23 भाषाओं में उपलब्ध इस ऐप के जरिए संदिग्ध कॉल और धोखाधड़ी की शिकायत करना भी आसान है। इसके बारे में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें और डिजिटल दुनिया को सुरक्षित बनाने में अपनी भूमिका निभाएं। #MannKiBaat #SancharSaathi #DigitalSafety
— MyGov Hindi (@MyGovHindi) November 29, 2026
प्रधानमंत्री ने यह भी समझाया कि ये ऐप कैसे काम करता है. उन्होंने कहा कि हर फोन की अपनी एक खास पहचान होती है, जिसे आईएमईआई नंबर कहा जाता है. पुलिस में रिपोर्ट करने के साथ ही संचार साथी पर ये नंबर और जरूरी जानकारी देकर फोन को ब्लॉक कराया जा सकता है.
जैसे ही कोई चोर या ठग उसमें नया सिम डालकर नेटवर्क से जुड़ता है, पुलिस के लिए उसका पता लगाना आसान हो जाता है.
इस तरीके से अब तक 14 लाख से ज्यादा खोए फोन मिल चुके हैं और असली मालिकों को लौटाये जा चुके हैं. इस पोर्टल पर 30 करोड़ से ज्यादा बार लोग आ चुके हैं. करीब 3 करोड़ बार इसका ऐप भी डाउनलोड हुआ है.
पीएम मोदी आगे कहते हैं कि संचार साथी का सिस्टम लोगों को एक-दूसरे की मदद करने का मौका भी देता है. मान लीजिए किसी ठग ने आपसे ओटीपी मांगा और आप समझ गए. आपने फोन काट दिया, लेकिन वही ठग किसी बुजुर्ग को फंसा सकता है.
ऐसे में संदिग्ध कॉल की जानकारी संचार साथी पर जरूर देनी चाहिए. पुणे के हिमांशु ने ऐसे 300 से ज्यादा नंबरों की शिकायत की है.
इससे एक साल में करीब 18 हजार कनेक्शन बंद कराने में मदद मिली. नेल्लोर के विवेक ने भी 900 से ज्यादा फ्रॉड नंबर का कंप्लेन साझा किए और करीब 17 हजार कनेक्शन कटवाने में योगदान दिया.
संचार साथी से बैंक, पेमेंट ऐप, टेलीकॉम कंपनियां और पुलिस समेत 1600 से ज्यादा संस्थाएं जुड़ी हैं. समय रहते कदम उठाने से साइबर ठगी की कई कोशिशें नाकाम हुई हैं.
इस व्यवस्था से अब तक पांच हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान रोका गया है. ये प्लेटफार्म 23 भाषाओं में मौजूद है और इसे चलाना बहुत आसान है.
पीएम मोदी ने अपील की कि लोग इसके बारे में दूसरों को भी बताएं. छोटी सावधानियां भी डिजिटल दुनिया को सुरक्षित रखती हैं.
मन की बात में उन सरकारी कर्मचारियों की भी तारीफ हुई जो कुछ नया सीख रहे हैं. इनमें कई लोग 20 से 25 साल से सेवा में हैं. अपनी ड्यूटी निभाते हुए भी वे सीखने के लिए समय निकाल रहे हैं.
इसके लिए वे आईगॉट कर्मयोगी डिजिटल मंच का सहारा ले रहे हैं. इस प्लेटफॉर्म पर 17 भारतीय भाषाओं में 7 हजार से ज्यादा कोर्स उपलब्ध हैं.
लाखों कर्मचारी अलग-अलग विषयों की पढ़ाई पूरी कर चुके हैं. कोई नई टेक्नोलॉजी सीख रहा है तो कोई भारतीय सांकेतिक भाषा में हाथ आजमा रहा है.
नई टेक्नोलॉजी से जुड़े 200 से ज्यादा कोर्स हैं और 3.25 लाख से ज्यादा बार कोर्स पूरे किए जा चुके हैं. केंद्र के साथ राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों के कर्मचारी भी इससे जुड़े हैं.
आशा बहनें, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी और सफाई कर्मचारी लोगों के रोज संपर्क में रहते हैं.
जब ये साथी कुछ नया सीखते हैं तो उसका सीधा फायदा आम लोगों को मिलता है. ये मिशन नियम से आगे बढ़कर भूमिका के हिसाब से काम सिखाने पर जोर देता है.