SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मोहब्बत के बाजार में पैसों का सबसे बड़ा जुआ! चीन के इस ऐप पर 3 साल में शादी नहीं हुई, तो वापस मिल जाएगी पाई-पाई!

3 साल में शादी नहीं हुई तो ₹28,000 रिफंड! चीन के AI ऐप Liangpei AI का नया अनोखा ऑफर. जानिए कैसे काम करता है यह लव ऐप.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 12, 2026, 06:58 AM IST | Updated: Nov 12, 2026, 07:01 AM IST
Image Credit: 3 साल में शादी नहीं हुई तो ₹28,000 रिफंड!
Join

सोचिए, क्या कोई ऐप आपसे यह कहे कि 'हमारा ऐप यूज करो, अगर 3 साल के अंदर शादी नहीं हुई तो पूरे पैसे वापस!' सुनने में यह किसी सपने या किसी अजीब से सट्टे जैसा लगता है ना? लेकिन चीन के एक नए स्टार्टअप ने डेटिंग की दुनिया में यही बड़ा दांव खेला है. Liangpei AI नाम का एक चाइनीज ऐप आपकी लव लाइफ पर करीब 28,000 रुपये का दांव लगा रहा है. अगर आपको 3 साल में अपना जीवनसाथी नहीं मिला, तो आपकी पूरी फीस रिफंड कर दी जाएगी. आइए जानते हैं कि यह ऐप काम कैसे करता है...

लव लाइफ पर 28,000 रुपये की शर्त
चीन में इस समय युवाओं के बीच सिंगल रहने का ट्रेंड काफी बढ़ रहा है और इसी बीच मैचमेकिंग मार्केट भी बहुत गर्म है. साल 2024 में चीन की ऑनलाइन डेटिंग इंडस्ट्री करीब 31,753 करोड़ रुपये (22.6 बिलियन युआन) की थी, जिसमें 28 करोड़ से ज्यादा यूजर्स एक्टिव हैं. इसी भीड़ में अपनी अलग जगह बनाने के लिए Liangpei AI ने एंट्री ली है.

यह ऐप जुलाई में ही लॉन्च हुआ है. इसकी एनुअल मेंबरशिप फीस 2,000 युआन है, जो भारतीय रुपये में लगभग 28,100 रुपये बैठती है. ऐप के फाउंडर का कहना है कि अगर कोई डेटिंग प्लेटफॉर्म आपको सही पार्टनर नहीं दिला पाता, तो उसे आपसे पैसे लेने का कोई हक नहीं है. इसी सोच के साथ उन्होंने 3 साल के अंदर शादी न होने पर 100% मनी-बैक गारंटी का ऐलान किया है.

एक बार में सिर्फ एक मैच, मल्टीपल डेटिंग का जमाना गया
अगर आप Tinder या Bumble यूज करते हैं, तो आपको पता होगा कि वहां एक साथ कई लोगों से चैट की जा सकती है. लेकिन Liangpei AI का नियम बिल्कुल अलग और सख्त है. यहां 'One-to-One' मैचिंग सिस्टम चलता है.

इसका मतलब यह है कि आप एक समय में सिर्फ एक ही इंसान से कनेक्ट हो सकते हैं. जब तक आप उस मैच को खत्म यानी क्लोज नहीं करते, तब तक आप किसी दूसरे प्रोफ़ाइल को देख भी नहीं सकते. ऐप मैनेजमेंट का मानना है कि जब किसी ऐप पर ढेर सारे ऑप्शन मिलते हैं, तो इसका सीधा मतलब है कि ऐप का एल्गोरिदम आपके लिए सही इंसान ढूंढने में नाकाम रहा है. इसलिए यहां सिर्फ एक समय में एक ही ऑप्शन मिलता है ताकि लोग सीरियस होकर बात करें.

AI लेगा 20 मिनट का इंटरव्यू, फिर ढूंढेगा आपका परफेक्ट मैच
इस ऐप पर रजिस्टर करना कोई बच्चों का खेल नहीं है. सबसे पहले तो आपको अपना असली नाम, फोटो और अनमैरिड होने का सबूत देना होता है. फेक या शादीशुदा लोगों के लिए यहां कोई जगह नहीं है. लॉन्च के पहले ही महीने में इस ऐप ने 150 से ज्यादा शादीशुदा लोगों के एप्लिकेशन रिजेक्ट कर दिए थे.

वेरिफिकेशन के बाद, नए यूजर को एक AI सिस्टम के साथ 20 मिनट का लंबा कन्वर्सेशन यानी इंटरव्यू देना पड़ता है. यह AI आपसे आपकी फैमिली बैकग्राउंड, पढ़ाई, नौकरी, शौक, पर्सनालिटी, लाइफस्टाइल और पार्टनर से जुड़ी उम्मीदों पर खुलकर सवाल पूछता है. basic बायो डेटा से हटकर AI आपकी सोच और इमोशन्स को समझने की कोशिश करता है, ताकि आपको सही पार्टनर से मिलाया जा सके.

करोड़ों के शेयर और नौकरी छोड़कर बनाया यह अनोखा ऐप
इस दिलचस्प ऐप के पीछे दिमाग है जेंग शिनशुन (Zeng Xinxun) का. जेंग इससे पहले प्रसिद्ध चाइनीज कंपनी Moonshot AI के Kimi चैटबॉट में AI सर्च टेक्नोलॉजी हेड के रूप में काम कर रहे थे.

जेंग को AI मैचमेकिंग का आईडिया तब आया जब उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान डेटिंग प्रोडक्ट्स के बारे में सुना. उन्हें लगा कि AI अपनी रीजनिंग और जानकारी समझने की क्षमता से दो लोगों को आपस में बेहतर तरीके से जोड़ सकता है. उन्होंने Kimi K2 के रिलीज के आसपास अपनी हाई-पेइंग जॉब छोड़ दी. इतना ही नहीं, उन्होंने करोड़ों रुपये के स्टॉक ऑप्शंस भी कुर्बान कर दिए ताकि Liangpei AI बना सकें.

जेंग का कहना है कि मौजूदा डेटिंग ऐप्स केवल प्रोफ़ाइल्स की एक डायरेक्टरी बनकर रह गए हैं. वे यूजर्स को ही सही इंसान ढूंढने के झंझट में छोड़ देते हैं. जबकि आज के युवाओं की उम्मीदें और सोच काफी बदल चुकी है.

जेंग की अपनी लव स्टोरी भी बनी इस ऐप की प्रेरणा
जेंग का मानना है कि जब तक दो लोग एक-दूसरे को गहराई से नहीं समझते, तब तक कनेक्शन नहीं बनता. उनकी अपनी निजी जिंदगी ने भी इस ऐप के डिजाइन में बड़ी भूमिका निभाई है.

जेंग अपनी पत्नी से एक डेटिंग ऐप के जरिए ही मिले थे. खास बात यह थी कि दोनों ने अपनी प्रोफ़ाइल में 1,000 से ज्यादा शब्दों का लंबा-चौड़ा बायो लिखा था. सिर्फ एक दिन की बातचीत के बाद ही वे दोनों मिल गए और उनकी शादी हो गई. जेंग का मानना है कि डिटेल में दी गई जानकारी ने उनके बीच की दूरी को तुरंत खत्म कर दिया था. Liangpei AI भी इसी लंबे इंटरव्यू वाले मॉडल पर काम करता है.

जब ब्रेकअप का डर हो, तो सलाह देगा 'AI स्ट्रेटजिस्ट'
इस ऐप में केवल मैचिंग ही नहीं होती, बल्कि रिश्तों को संभालने के लिए एक खास 'AI Strategist' फीचर भी दिया गया है. यह फीचर यूजर की प्रोफ़ाइल और चैट हिस्ट्री को एनालाइज करके रिलेशनशिप की प्रॉब्लम्स में सलाह देता है.

हाल ही में एक मामला सामने आया था जहां एक महिला का मैच उसे रिप्लाई नहीं कर रहा था. महिला ने ऐप के AI से सलाह मांगी. AI स्ट्रेटजिस्ट ने तुरंत सुझाव दिया कि चाहे कोई कितना भी बिजी क्यों न हो, उसे 3 दिन के अंदर मैसेज का जवाब दे देना चाहिए. अगर ऐसा नहीं हो रहा है, तो आगे बढ़ना ही बेहतर है. महिला ने AI की सलाह मानकर उस मैच को खत्म किया और बाद में उसे एक ज्यादा समझदार पार्टनर मिल गया.

3 साल बाद रिफंड का क्या है नियम? क्या है असली कैच?
रिफंड पॉलिसी इस ऐप का सबसे बड़ा अट्रैक्शन है, लेकिन इसको लेकर कुछ सवाल भी खड़े हो रहे हैं. जेंग का तर्क है कि शादी एक कानूनी प्रोसेस है जिसे सरकारी कागजातों से आसानी से वेरीफाई किया जा सकता है. इसलिए रिफंड देना कोई मुश्किल काम नहीं होगा.

हालांकि, कुछ प्रैक्टिकल सवाल अभी भी बने हुए हैं. जैसे, अगर कोई यूजर ऐप का इस्तेमाल लगभग न के बराबर करे और किसी बाहरी जरिए से शादी कर ले, तो क्या उसे भी रिफंड मिलेगा? कंपनी ने अभी ऐसे अजीब मामलों पर स्थिति पूरी तरह साफ नहीं की है. लेकिन जेंग अपने रुख पर कायम हैं कि अगर ऐप काम नहीं आया, तो यूजर का पैसा लौटाना ही सही बिजनेस मॉडल है.

35,000 यूजर्स और 21 करोड़ की फंडिंग
भले ही ऐप नया है, लेकिन मार्केट में इसका रिस्पॉन्स काफी पॉजिटिव दिख रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, Liangpei AI के पास 35,000 से ज्यादा रजिस्टर्ड यूजर्स हो चुके हैं और इसका कन्वर्जन रेट करीब 9 परसेंट है. स्टार्टअप ने हाल ही में 15 मिलियन युआन (लगभग 21.08 करोड़ रुपये) की एंजेल फंडिंग भी हासिल की है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES