चार्जिंग की टेंशन खत्म... Lava ने लॉन्च किया 7000mAh वाला नया धाकड़ फोन Smart 4 Pro, मिलेगी मिलिट्री-ग्रेड की मजबूती
लावा ने अपनी ऑफलाइन स्मार्टफोन रेंज में 10,999 रुपये की कीमत के साथ लावा स्मार्ट 4 प्रो लॉन्च कर दिया है. इसमें 7000mAh की सबसे बड़ी बैटरी, 18W चार्जिंग, 6.75-इंच 90Hz डिस्प्ले, और वर्चुअल को मिलाकर 8GB तक रैम मिलता है.
भारतीय स्मार्टफोन कंपनी लावा ने अपनी ऑफलाइन लाइनअप को बढ़ाते हुए नया बजट फोन लावा स्मार्ट 4 प्रो लॉन्च कर दिया है. इससे पहले कंपनी ने स्मार्ट 4 प्लस को मार्केट में उतारा था. नया मॉडल खास तौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर बनाया गया है जिन्हें लंबी बैटरी लाइफ और मजबूत बॉडी वाला फोन चाहिए.
कंपनी इसे देशभर में केवल अपने ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स के जरिए बेच रही है. 10,999 रुपये की कीमत में आने वाला ये फोन अपनी बड़ी बैटरी और टिकाऊ डिजाइन की वजह से बजट में फोन खरीदने वालों के लिए एक दमदार ऑप्शन बनकर उभरा है.
लावा की सबसे बटरी वाला फोन...
इस स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7000mAh की लिथियम-आयन बैटरी है. ये अब तक किसी भी लावा स्मार्टफोन में दी गई सबसे बड़ी बैटरी क्षमता है.
कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज होने पर ये फोन 950 घंटे तक का स्टैंडबाय टाइम दे सकता है. इसके अलावा यूजर्स इस पर लगातार 748 मिनट तक यूट्यूब वीडियो देख सकते हैं.
इतनी बड़ी बैटरी को चार्ज करने के लिए बॉक्स में यूएसबी टाइप-सी पोर्ट के साथ 18W फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया गया है.
90Hz डिस्प्ले और मिलिट्री-ग्रेड मजबूत डिजाइन
फोन के फ्रंट में 6.75-इंच का एचडी प्लस एलसीडी डिस्प्ले दिया गया है, जो वाटरड्रॉप नॉच और 90Hz रिफ्रेश रेट के साथ आता है. इससे स्क्रीन स्क्रॉलिंग बहुत स्मूथ हो जाती है.
लावा ने इसे नीलम ब्लू और कोणार्क गोल्ड जैसे दो बेहतरीन रंगों में उतारा है. इसे गिरने से बचाने के लिए इस डिवाइस को MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन मिला है.
इसका मतलब है कि ये फोन आम बजट स्मार्टफोन्स के मुकाबले कहीं ज्यादा मजबूत और टिकाऊ है.
क्या है स्टोरेज और रैम?
परफॉर्मेंस के लिए लावा स्मार्ट 4 प्रो में ऑक्टा-कोर यूनिसॉक T610 प्रोसेसर और PowerVR GE8322 जीपीयू लगाया गया है. फोन में 4GB की फिजिकल रैम मिलती है, जिसे वर्चुअल रैम फीचर की मदद से 4GB और बढ़ाया जा सकता है.
इसका मतलब है कि जरूरत पड़ने पर आपको कुल 8GB रैम का अनुभव मिलेगा. इसमें 64GB की इंटरनल स्टोरेज दी गई है, जिसे डेडिकेटेड माइक्रोएसडी कार्ड स्लॉट के जरिए 512GB तक बढ़ाना संभव है.
कैसा है कैमरा?
फोटोग्राफी के लिए फोन के पीछे एलईडी फ्लैश के साथ 13-मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है. इसमें पोर्ट्रेट, नाइट, प्रो मोड, पैनोरमा, स्लो मोशन और टाइम-लैप्स जैसे कई मोड्स मिलते हैं.
सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए आगे 5-मेगापिक्सल का कैमरा है, जो कम रोशनी के लिए स्क्रीन फ्लैश के साथ आता है.
सॉफ्टवेयर की बात करें तो ये एंड्रॉयड 16 गो पर चलता है और इसमें फालतू ऐप्स या विज्ञापन नहीं मिलते. कंपनी ने इसमें दो साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा भी किया है.
मिलेगी घर बैठे सर्विस
इतना ही नहीं कनेक्टिविटी और सुरक्षा के लिए फोन में डुअल 4G VoLTE, वाई-फाई, ब्लूटूथ 4.2, 3.5mm ऑडियो जैक, फेस अनलॉक और साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर शामिल हैं.
इसके साथ ही लावा अपनी मशहूर फ्री सर्विस एट होम सुविधा भी दे रहा है, जिसके तहत पूरे देश में घर बैठे रिपेयरिंग सर्विस मिलती है.
कंपनी ने इसे केवल 4GB रैम और 64GB स्टोरेज के एक ही वेरिएंट में उतारा है, जिसकी कीमत 10,999 रुपये रखी गई है.