घर के लिए कैसा एयर प्यूरीफायर खरीदना चाहिए? खरीदने से पहले जान लें ये जरूरी बातें, वरना पैसे होंगे बर्बाद
बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच घरों और दफ्तरों में एयर प्यूरीफायर की मांग तेजी से बढ़ी है. लेकिन सिर्फ महंगा या स्मार्ट फीचर्स वाला प्यूरीफायर खरीद लेना काफी नहीं है. इस खबर में हम आपको बताएंगे कि आपको किस तरह का एयर प्यूरीफायर खरीदना चाहिए.
आजकल शहरों में हवा जिस तरह खराब हो रही है, उससे घर के भी अंदर सांस लेना भी मुश्किल हो गया है. यही वजह है कि आज के समय में एयर प्यूरीफायर खरीदना घर और ऑफिस की एक बड़ी जरूरत बन गया है.
लेकिन दिक्कत ये है कि मार्केट में जाकर कोई भी महंगा प्यूरीफायर उठा लाना काफी नहीं है. इसे खरीदने से पहले आपको कमरे के साइज, उसके फिल्टर और बिजली के खर्च जैसी कई छोटी-बड़ी बातों का ध्यान रखना चाहिए.
एक्सपर्ट्स तो ये भी कहते हैं कि कई बार घर के अंदर की हवा बाहर से भी ज्यादा गंदी होती है, इसलिए कैसा प्यूरीफायर खरीदना चाहिए ये जानना भी जरूरी होता है.
कैसा होना चाहिए फिल्टर?
जब आप प्यूरीफायर खरीदने जाएं, तो सबसे पहले उसके फिल्टर के बारे में जरूर पूछें. आज के समय में हेपा फिल्टर को सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि ये हवा में मौजूद धूल, मिट्टी और बारीक कणों को 99 प्रतिशत तक खींच लेता है.
साथ ही आपको ये बात भी पता होनी चाहिए कि ये फिल्टर सिर्फ धूल-कण साफ करता है, घर की बदबू या गैस को नहीं हटाता है.
आज-कल बाजार में किसी भी चीज की कॉपी मिल जाती है. इसलिए आपको हमेशा सर्टिफाइड और असली हेपा फिल्टर वाला मॉडल ही चुनना चाहिए.
कमरे के हिसाब से देखें मशीन की ताकत
प्यूरीफायर को बेचते समय अक्सर दुकानदार बहुत तारीफ करते हैं. लेकिन आपको ये देखना चाहिए कि मशीन का कैड्र (CADR) यानी क्लीन एयर डिलीवरी रेट कितना है.
इसका सीधा मतलब ये है कि मशीन कितनी तेजी से और कितनी हवा को साफ कर सकती है. अगर आपका कमरा बड़ा है और आप छोटे कमरे वाली मशीन ले आए, तो कोई फायदा नहीं होगा.
इसलिए हमेशा अपने कमरे के नाप के हिसाब से ही प्यूरीफायर का चुनाव करें ताकि वो कोने-कोने की हवा साफ कर सके.
कार्बन और प्री-फिल्टर का क्या काम है?
अच्छी मशीनों में हेपा फिल्टर के अलावा दो और फिल्टर होते हैं, जिनके बारे में आपको पता होना चाहिए. सबसे पहले होता है प्री-फिल्टर, जो घर में उड़ने वाले बाल, बड़े रेशे और मोटी धूल को रोक लेता है ताकि मेन फिल्टर जल्दी खराब न हो.
इसके बाद आता है कार्बन फिल्टर, जो घर के अंदर आने वाली बदबू, खाने की महक और गैसों को रोकता है.
ध्यान रखें कि प्री-फिल्टर को तो आप घर पर धो सकते हैं, लेकिन भूलकर भी हेपा फिल्टर को पानी से धोने की गलती न करें.
शोर और स्मार्ट फीचर्स के चक्कर में न फंसें
आज के समय में मार्केट में आने वाले प्यूरीफायर में वाई-फाई, मोबाइल ऐप और तरह-तरह के सेंसर आने लगे हैं जो हवा की क्वालिटी बताते हैं.
ये चीजें इस्तेमाल में भले ही अच्छी लगें, लेकिन इनसे हवा साफ करने की ताकत नहीं बढ़ती है. अगर आप इसे बेडरूम में रखने वाले हैं, तो सबसे पहले उसकी आवाज चेक करें.
रात के वक्त अगर मशीन जोर-जोर से आवाज करेगी, तो आपकी नींद खराब हो सकती है. इसलिए ऐसे मॉडल को चुनें जो चुपचाप अपना काम करे और डिस्टर्ब न करें.
खर्च और इस्तेमाल से जुड़ी जरूरी बातें
लोग ऐसा सोचते हैं कि बस एयर प्यूरीफायर खरीद लेने से खर्चा खत्म हो जाता है. पर ऐसा नहीं है कुछ समय बाद अगर उसका फिल्टर खराब हो गया तो आपको ये भी देखना होगा कि उसके नए फिल्टर मार्केट में आसानी से मिलते हैं या नहीं और उनकी कीमत क्या है. गंदा फिल्टर लगाने से मशीन काम करना बंद कर देती है.
मार्केट में कुछ ऐसी भी मशीनें भी आती है, जो ओजोन गैस छोड़ती हैं. ओजोन गैस फेफड़ो के लिए नुकसान दायक होता है. इसलिए ऐसी टेक्नोलॉजी से दूर रहें.
जब भी हवा ज्यादा खराब हो, मशीन को उसी कमरे में चलाएं जहां आप सबसे ज्यादा बैठते हैं और घर के अंदर धुआं करने वाली चीजें जलाने से बचें.