SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सोलर पैनल का जमाना गया पुराना, अब हनीकॉम्ब जैसी 3D टेक्नोलॉजी बढ़ाएगी 142% तक बिजली

मधुमक्खियों के छत्ते से प्रेरित होकर इंजीनियरों ने सोलर पैनल की सबसे बड़ी समस्या का समाधान ढूंढ लिया है, जिससे बिजली उत्पादन में 142% तक का बंपर उछाल आया है.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 17, 2026, 09:09 IST | Updated: Nov 17, 2026, 09:11 IST
Image Credit: इंजीनियरों ने सोलर पैनल की सबसे बड़ी समस्या का समाधान ढूंढ लिया है.
Join

सूरज की किरणें हर वक्त एक जैसी नहीं गिरतीं. सुबह से शाम तक सूरज की पोजीशन बदलती है और जब धूप तिरछी यानी ऑब्लिक एंगल से सोलर पैनल पर पड़ती है, तो आधी से ज्यादा एनर्जी रिफ्लेक्ट होकर वापस आसमान में लौट जाती है. मतलब साफ है, इतनी धूप होने के बावजूद वो बस यूं ही बर्बाद हो जाती है. लेकिन इसका रास्ता भी इंजीनियर्स ने ढूंढ निकाला है. इस बार हमारे इंजीनियर्स को ये रास्ता किसी लैबोरेटरी में नहीं, बल्कि सीधे प्रकृति के सबसे छोटे इंजीनियर यानी मधुमक्खियों से मिला है. जी हां, वही मधुमक्खियां जो अपना छत्ता बनाने में गजब की इंजीनियरिंग का इस्तेमाल करती हैं. उनके इस नेचुरल ब्लूप्रिंट ने सोलर पैनल की दुनिया में ऐसा तहलका मचाया है कि हर कोई हैरान है.

ट्रेडशनल फ्लैट सोलर पैनल के साथ असल दिक्कत क्या है?
अब तक हमारे घरों और छतों पर जो सोलर पैनल लगते आए हैं, उनका सरफेस एकदम फ्लैट होता है. जब तक दोपहर के वक्त सूरज बिल्कुल सिर के ऊपर होता है, तब तक तो सब कुछ ठीक-ठाक चलता है और पैनल अच्छी खासी बिजली बना लेते हैं. लेकिन असली ड्रामा तब शुरू होता है जब सूरज अपनी दिशा बदलता है.

जब सूरज की किरणें किसी फ्लैट ग्लास पर तिरछी पड़ती हैं, तो प्रोटेक्टिव ग्लास उन्हें एब्जॉर्ब करने की बजाय सीधे रिफ्लेक्ट कर देता है. फिजिक्स का ये सिंपल सा फिनोमिना हमारे सोलर सिस्टम के लिए बहुत बड़ा घाटा साबित होता था. जो लाइट रिफ्लेक्ट होकर वापस चली गई, वो भला बिजली में कैसे कन्वर्ट होगी. इंजीनियर्स इस बात से परेशान थे कि सुबह और शाम के वक्त जब धूप की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, तब फ्लैट पैनल रिफ्लेक्शन की वजह से अपनी क्षमता का सिर्फ एक छोटा सा हिस्सा ही इस्तेमाल कर पाते हैं. महंगे मोटर लगाकर पैनल को घुमाने वाले ट्रैकिंग सिस्टम भी बनाए गए, लेकिन वो हर जगह मुमकिन और किफायती नहीं थे.

मधुमक्खियों के छत्ते से कैसे चमकी इंजीनियरों की किस्मत?
यहीं पर एंट्री होती है कुदरती कारीगरी की. मधुमक्खियों का छत्ता यानी हनीकॉम्ब स्ट्रक्चर सदियों से अपनी मजबूती और डिजाइन के लिए मिसाल रहा है. वैज्ञानिकों और इंजीनियरों ने जब इस स्ट्रक्चर की बारीकी से स्टडी की, तो उन्हें समझ आया कि इसका ज्योमैट्रिकल पैटर्न सिर्फ छत्ते के लिए नहीं, बल्कि लाइट को ट्रैप करने के लिए भी एक मास्टरपीस है.

इंजीनियरों ने इस आइडिया को उठाया और एक नया कॉनकेव यानी अवतल और थ्री-डाइमेंशनल डिज़ाइन तैयार किया. इस नए मॉड्यूल में फ्लैट सरफेस की बजाय ढलान वाली यानी स्लोपिंग वॉल्स को आपस में जोड़ा गया. अब जब सूरज की किरणें तिरछे एंगल से भी आती हैं, तो वे सीधे बाहर भागने की बजाय इस थ्री-डाइमेंशनल स्ट्रक्चर के अंदर फंस जाती हैं.

कैसे काम करता है ये मैजिक, और क्या है लाइट रीकैप्चर का फंडा?
इस नई टेक्नोलॉजी का सबसे धांसू हिस्सा है 'enhanced light recapture' यानी लाइट को दोबारा पकड़ने की प्रक्रिया. इसे ऐसे समझिए कि जब सूरज की कोई किरण इस 3D मॉड्यूल के अंदर दाखिल होती है, तो वो पहले एक स्लांटेड या तिरछी दीवार से टकराती है.

पारंपरिक फ्लैट पैनल की तरह वो तुरंत बाहर नहीं लौटती. इसके बजाय, वो पहली दीवार से टकराने के बाद सीधे सामने वाली अपोजिट दीवार पर जाकर बाउंस करती है. इस तरह वह रिफ्लेक्टेड लाइट हवा में गायब होने की बजाय बार-बार अलग-अलग सतहों से टकराती रहती है और आखिर में पूरी तरह एब्जॉर्ब हो जाती है. यानी जो धूप पहले बेकार चली जाती थी, उसे एक दूसरा मौका मिल जाता है बिजली बनाने का.

आंकड़ों का खेल: क्या सच में इतना बड़ा बदलाव आया है?
अब आप सोच रहे होंगे कि भाई बातें तो बड़ी-बड़ी हैं, लेकिन क्या इसके कोई पुख्ता सबूत भी हैं? द पल्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस हनीकॉम्ब-इंस्पायर्ड स्ट्रक्चर ने कमाल के नतीजे दिखाए हैं.

जब इस नए डिज़ाइन को एक पारंपरिक फ्लैट पैनल के साथ उन्हीं कंडीशंस में टेस्ट किया गया, तो इसकी मैक्सिमम पावर आउटपुट में सीधे 142.3% का बंपर उछाल देखा गया. सोचिए, पावर आउटपुट का दोगुने से भी ज्यादा हो जाना अपने आप में किसी रेवोल्यूशन से कम नहीं है. अगर अलग-अलग एंगल्स की बात करें, तो जब जीरो-डिग्री एंगल पर सूरज की किरणें सीधे पड़ती हैं, तब भी आउटपुट में 36.4% की बढ़ोतरी दर्ज की गई. और जब एंगल बढ़कर 60 डिग्री तक पहुंच गया, तब तो गजब ही हो गया, क्योंकि उस वक्त परफॉर्मेंस में 61.8% का शानदार सुधार देखने को मिला.

यहां एक बात बिल्कुल साफ समझनी जरूरी है कि ये सारे आंकड़े इस बात के हैं कि पैनल ने पावर आउटपुट कितना बढ़ाया है, न कि इस बात के कि सूरज की रोशनी बिजली में कितनी एफिशिएंसी से कन्वर्ट हो रही है. इसके बावजूद, बिना किसी भारी-भरकम और महंगे ट्रैकिंग मोटर के सिर्फ डिज़ाइन बदलकर इतना बड़ा जंप हासिल करना बहुत बड़ी जीत है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES