याद है 41MP वाला PureView कैमरा? 7 साल बाद इसे वापस ला रही HMD, इस बार जर्मनी की कंपनी से मिलाया हाथ
फिनलैंड की कंपनी HMD करीब सात साल बाद फेमस प्योरव्यू कैमरा ब्रांडिंग को वापस लाने की तैयारी कर रही है. कंपनी के फोरम पर शेयर किए गए 10 सेकंड के टीजर में चार कैमरों वाला गोल मॉड्यूल, पेरिस्कोप जूम लेंस और जर्मन कंपनी Schneider-Kreuznach लिखी हुई नजर आई है
मोबाइल फोटोग्राफी की दुनिया में इन दिनों एक बड़ा और चौंकाने वाला बदलाव देखने को मिल रहा है. जहां एक तरफ शाओमी और ओप्पो जैसी बड़ी कंपनियां महंगे अल्ट्रा कैमरा फोन बनाने से पीछे हट रही हैं, वहीं फिनलैंड की कंपनी HMD ने बड़ा दांव खेल दिया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक शाओमी ने अपना अगला शाओमी 18 अल्ट्रा और ओप्पो ने फाइंड X10 अल्ट्रा प्रोजेक्ट फिलहाल रोक दिया है.
ठीक इसी समय HMD ने करीब सात साल बाद मशहूर प्योर व्यू नाम को फिर से जिंदा करने का फैसला किया है. इसके लिए कंपनी ने जर्मनी की एक पुरानी और बड़ी लेंस बनाने वाली कंपनी से पार्टनरशीप भी कर ली है.
10 सेकंड के टीजर में दिखी नए फोन की झलक
फिनलैंड की टेक वेबसाइट SuomiMobiili और टिप्स्टर @smashx_60 की रिपोर्ट्स के अनुसार, HMD के एक कर्मचारी ने कंपनी के आधिकारिक फोरम पर 10 सेकंड का एक छोटा वीडियो शेयर किया है.
इस टीजर में फोन के जल्द लॉन्च होने का संकेत दिया गया है, जो HMD ग्लोबल की दसवीं सालगिरह के मौके पर आ सकता है.
वीडियो की शुरुआत HMD के नाम के साथ प्योर व्यू ब्रांडिंग से होती है, जो आखिरी बार साल 2019 में किसी फोन पर दिखी थी. खास बात ये है कि फोन के पीछे नोकिया की जगह HMD का खुद का लोगो नजर आ रहा है.
चार कैमरे और जर्मन लेंस का दमदार मेल
इस छोटे से वीडियो क्लिप में फोन के पिछले हिस्से का डिजाइन साफ देखा जा सकता है. फोन के बैक पैनल पर एक बड़ा गोल कैमरा मॉड्यूल दिया गया है, जिसके बगल में एक लंबी पिल-शेप एलईडी फ्लैश लाइट लगी है.
इस रिंग के अंदर कुल चार कैमरे दिख रहे हैं, जिनमें तीन गोल लेंस और एक चौकोर पेरिस्कोप टेलीफोटो जूम लेंस शामिल है. कैमरे के बीच में Schneider-Kreuznach Optics लिखा हुआ है, क्योंकि पुराना पार्टनर Zeiss अब वीवो के साथ जुड़ चुका है.
41MP कैमरे से लेकर नासा तक का पुराना इतिहास
प्योर व्यू और Schneider-Kreuznach दोनों ही नाम मोबाइल कैमरा इतिहास में बेहद खास जगह रखते हैं. साल 2012 में नोकिया 808 प्योर व्यू ने 41-मेगापिक्सल के बड़े सेंसर के साथ तहलका मचाया था और फिर लूमिया 1020 ने इसका बहुत नाम किया था.
साल 2018 में माइक्रोसॉफ्ट से यह नाम वापस लेने के बाद HMD ने 2019 में पांच कैमरों वाला नोकिया 9 प्योर व्यू उतारा था.
दूसरी तरफ, 1913 में बनी जर्मन कंपनी Schneider-Kreuznach हॉलीवुड फिल्मों और नासा के अपोलो मिशन के लिए लेंस बना चुकी है. पहले यह कंपनी LG Viewty और ब्लैकबेरी Priv जैसे आइकॉनिक फोन्स के कैमरे भी तैयार कर चुकी है.
कंपनी ने अभी छिपा रखे हैं कई बड़े राज
फिलहाल HMD ने इस नए स्मार्टफोन के असली मॉडल नाम, कैमरा सेंसर साइज, प्रोसेसर और कीमत की कोई जानकारी नहीं दी है. ये फोन किन देशों में बिकेगा, इस पर भी कंपनी ने अभी चुप्पी साध रखी है.
पिछले दो सालों से HMD ने एक हजार डॉलर वाले महंगे फ्लैगशिप फोन्स से दूरी बना रखी है और बजट या मिड-रेंज फोन पर ही ध्यान दिया है.
इसके अलावा साल 2028 तक चलने वाली मेमोरी चिप की किल्लत के बीच किफायती फ्लैगशिप बनाना कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है.
पुराने अनुभव से सबक लेना होगा जरूरी
टेक जानकारों का मानना है कि सिर्फ बड़ा कैमरा नाम जोड़ देने से ही फोन बेहतरीन नहीं बन जाता है. साल 2019 में आए नोकिया 9 प्योर व्यू का अनुभव इसका सबसे बड़ा उदाहरण है, जब कमजोर प्रोसेसर पांच कैमरों का डेटा एक साथ नहीं संभाल पाया था.
उस समय यूजर्स को एक फोटो प्रोसेस होने के लिए बीस सेकंड तक इंतजार करना पड़ता था. अगर HMD इस बार दमदार प्रोसेसर और सही इमेज प्रोसेसिंग चिप देती है, तभी प्योर व्यू की नाइट फोटोग्राफी को और अच्छे से देख पाएंगे.