GTA 6 खेलने के लिए शख्स ने पत्नी और बेटी से साइन कराया 'नो-डिस्टर्बेंस' एग्रीमेंट, बदले में दिए पैसे; टीचर ने भी टाल दी परीक्षा
स्कॉटलैंड के रहने वाले शॉन लिटिल ने आने वाले GTA 6 गेम को बिना किसी दिक्कत के खेलने के लिए अपनी पत्नी और बेटी के साथ एक लिखित समझौता किया है, जिसके तहत उन्होंने पैसे भी दिए हैं. वहीं, स्पेन के एक टीचर ने भी छात्रों को गेम खेलने का समय देने के लिए अपनी परीक्षा की तारीख आगे बढ़ा दी है.
अक्सर लोग काम से एक हफ्ते की छुट्टी लेकर परिवार के साथ घूमने का प्लान बनाते हैं. लेकिन स्कॉटलैंड के रहने वाले 38 साल के शॉन लिटिल ने अपनी छुट्टियों के लिए कुछ और ही सोचा है. वो अपनी पूरी छुट्टी सिर्फ वीडियो गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 खेलकर बिताना चाहते हैं.
गेमिंग के बीच कोई रुकावट न आए, इसके लिए उन्होंने एक अनोखा तरीका निकाला है. शॉन ने अपनी पत्नी और बेटी को बकायदा पैसे देकर एक लिखित समझौता साइन कराया है.
घर में लागू हुए गेमिंग के सख्त नियम
शॉन ने अपने परिवार से सिर्फ अकेले रहने की गुजारिश नहीं की, बल्कि एक दस्तावेज तैयार किया है. इस दस्तावेज का नाम GTA 6 हाउसहोल्ड नॉन-इंटरफेरेंस एग्रीमेंट रखा गया है. इस पर उनकी पत्नी नताली और 13 साल की बेटी चार्लोट ने साइन भी किए हैं.
समझौते के तहत, शॉन को पूरे सात दिनों तक बिना किसी घरेलू जिम्मेदारी के गेम खेलने की पूरी आजादी मिलेगी.
इस दौरान परिवार का कोई भी सदस्य उनसे घर का काम करने को नहीं कह सकता. यहां तक कि तुम घंटों से गेम खेल रहे हो या क्या तुम अभी भी खेल रहे हो जैसे ताने मारने पर भी पूरी तरह पाबंदी लगाई गई है.
पत्नी और बेटी को मिली मोटी रकम
इस अनोखे समझौते को पक्का करने के लिए शॉन ने अपनी जेब भी ढीली की है. उन्होंने एग्रीमेंट साइन करने के बदले अपनी पत्नी को 50 यूरो यानी करीब 5,000 रुपये और बेटी को 20 यूरो यानी करीब 2,000 रुपये दिए हैं.
इसके अलावा, उन्होंने घर के हफ्ते के खर्च के लिए अपना हिस्सा बढ़ाकर 500 यूरो यानी लगभग 51,000 रुपये कर दिया है. खाने-पीने की चीजों का स्टॉक जमा करने के लिए उन्होंने पत्नी को अलग से पैसे दिए हैं. बर्तन धोने के झंझट से बचने के लिए शॉन पहले ही ढेर सारी पेपर प्लेट खरीदकर घर ले आए हैं.
13 साल के लंबे इंतजार का है जुनून
मीडिया से बातचीत में शॉन ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने ये कॉन्ट्रैक्ट एक टिकटॉक वीडियो के लिए मजाक के तौर पर बनाया था. लेकिन अब वो इसे लेकर बहुत सीरियस हैं. इस खास छुट्टी की तैयारी के लिए उन्होंने वीकेंड पर भी काम किया और 13-13 घंटे की लंबी शिफ्ट करके अलग से पैसे बचाए हैं.
शॉन का कहना है कि साल 2013 में जब जीटीए 5 आया था, तब वे 25 साल के थे. वे पिछले 13 सालों से इस नए गेम का इंतजार कर रहे हैं. उनका मानना है कि गेम का मजा लेने के लिए उम्र कभी आड़े नहीं आनी चाहिए.
स्पेन के एक टीचर ने टाल दी परीक्षा
जीटीए 6 के लॉन्च को लेकर दीवानगी सिर्फ शॉन तक ही नहीं है. स्पेन के एक कॉलेज टीचर जुआन मिगुएल लोपेज का एक ईमेल भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
इस ईमेल के मुताबिक, टीचर ने अपने छात्रों को गेम खेलने का समय देने के लिए पढ़ाई का शेड्यूल ही बदल दिया है.
जिस हफ्ते यह गेम लॉन्च हो रहा है, उस दौरान छात्रों को कोई होमवर्क या असाइनमेंट नहीं दिया जाएगा. इतना ही नहीं, टीचर ने 23 तारीख को होने वाली परीक्षा को भी आगे बढ़ाकर 30 तारीख कर दिया है.
छात्रों की खुशी के लिए लिया फैसला
टीचर जुआन ने अपने इस फैसले के पीछे एक बेहद प्यारी वजह बताई है. उनका कहना है कि साल 2013 में जब जीटीए 5 रिलीज हुआ था, तब वे भी अपने छात्रों की उम्र के ही थे.
उस समय इस गेम को लेकर जो उत्साह और बेसब्री उन्होंने खुद महसूस की थी, वे चाहते हैं कि उनके छात्र भी उसी खुशी का अनुभव करें.
वैसे टीचर ने छात्रों को ये सलाह भी दी है कि वे जिम्मेदारी के साथ इस ब्रेक का आनंद लें और छुट्टियां खत्म होते ही वापस अपनी पढ़ाई पर पूरा ध्यान दें.
ये भी पढे़ं: मिडिल क्लास की बढ़ी टेंशन! दिवाली के तुरंत बाद Samsung और Xiaomi ने चुपचाप 41 स्मार्टफोन्स के रेट बढ़ाकर सबको चौंकाया