App

हर अमेरिकी बच्चे को फ्री में SpaceX शेयर बांटेंगे एलन मस्क: 2027 से शुरुआत, पर इन 5 सवालों पर अब भी सस्पेंस

एलन मस्क ने अमेरिकी बच्चों को स्पेसएक्स के शेयर देने का ऐलान तो कर दिया, लेकिन अब 5 बड़े सवाल खड़े हो चुके हैं. मस्क ने बस इतना बताया है कि शेयरों को गिफ्ट करने का यह सिलसिला अगले साल यानी 2027 से शुरू होगा.

हर अमेरिकी बच्चे को फ्री में SpaceX शेयर बांटेंगे एलन मस्क: 2027 से शुरुआत, पर इन 5 सवालों पर अब भी सस्पेंस
Image Credit: एलन मस्क फाइल फोटो...

दुनिया के सबसे रईस कारोबारी एलन मस्क एक बार फिर चर्चा में हैं. इस बार उन्होंने चौंकाने वाले फैसले से हर किसी को हैरान किया है. मस्क ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ऐलान किया, वो अगले साल अमेरिका के हर बच्चे को अपनी एयरोस्पेस कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) का एक शेयर गिफ्ट करेंगे. उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि यह अनूठे तोहफे की पहली कड़ी है.

स्पेसएक्स के संस्थापक और सीईओ एलन मस्क ने पोस्ट में लिखा, 'अगले साल, मैं अमेरिका के हर बच्चे को अपने स्पेसएक्स के शेयरों में से एक शेयर दूंगा, यह कई शेयरों की शुरुआत होगी.'

मस्क के ऐलान के बाद खड़े हुए ये बड़े सवाल

  1. अब सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि मस्क आखिर किन बच्चों को यह शेयर गिफ्ट करेंगे? उन्होंने अपनी पोस्ट में इस बात को बिल्कुल साफ नहीं किया है.
  2. यह भी तय नहीं है कि शेयर सभी को एक साथ मिलेंगे या फिर अलग-अलग चरणों में बांटे जाएंगे. 
  3. कंपनी इसके नियम-कायदे कब जारी करेगी और इसके लिए रजिस्ट्रेशन कैसे और कब शुरू होगा, इसको लेकर भी मस्क ने कोई जानकारी नहीं दी है.
  4. मस्क की घोषणा में अमेरिका के हर बच्चे का जिक्र है, लेकिन यह क्लियर नहीं किया गया है कि कौन पात्र होगा. मतलब ये कि यह वादा सिर्फ अमेरिकी नागरिकों को ही कवर करेगा या वो बच्चे भी शामिल होंगे, जो उनके देश में बिना नागरिकता के रहते हैं.
  5. मस्क की पोस्ट में बच्चों की आयु सीमा का भी जिक्र नहीं है. ना ये बताया गया कि नवजात शिशु पात्र होंगे या नहीं और कंपनी 2027 में 18 साल के होने वाले बच्चों के मामले को कैसे संभालेगी?

अमेरिका में कितने बच्चे हैं?

दरअसल, अमेरिकी जनगणना ब्यूरो के आंकड़े बताते हैं कि अमेरिका में 18 साल से कम उम्र के करीब 7.3 करोड़ (73 मिलियन) बच्चे हैं. वहीं नवजात से लेकर 4 साल तक के बच्चों की संख्या करीब 1.85 करोड़ (18.5 मिलियन) बैठती है.

मस्क के ऐलान को लेकर सीधी बात यह है कि जब तक मस्क या स्पेसएक्स की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आ जाता, तब तक आवेदन करने और शेयर मिलने की तारीखों को लेकर सिर्फ कयास ही लगाए जा सकते हैं.

सीओओ ने अपनी जेब से करीब 32 करोड़ डॉलर देने का किया वादा

मस्क के ऐलान से पहले स्पेसएक्स की सीओओ (COO) ग्विन शॉटवेल पहले ही बड़ा दिल दिखा चुकी हैं. उन्होंने 20 लाख से ज्यादा बच्चों के 'ट्रम्प खातों' में मदद के लिए अपनी जेब से स्पेसएक्स के शेयरों के तौर पर 320 मिलियन डॉलर (करीब 32 करोड़ डॉलर) से ज्यादा दान करने का वादा किया है.

शेयर बाजार में स्पेसएक्स का क्या हाल है?

इस वक्त स्पेसएक्स का शेयर करीब 147.43 डॉलर के आसपास चल रहा है, जो इसके लिस्टिंग भाव से करीब 2% नीचे है. कंपनी ने इसी साल 12 जून 2026 को अमेरिकी शेयर बाजार नैस्डैक (Nasdaq) पर धमाकेदार एंट्री मारी थी. इसका इश्यू प्राइस 135 डॉलर था, लेकिन यह 11% के भारी प्रीमियम के साथ 150 डॉलर पर लिस्ट हुआ था.

अगस्त की शुरुआत में स्पेसएक्स के शेयरों पर थोड़ा दबाव दिख रहा था, क्योंकि कंपनी ने अपने एआई कारोबार पर अनुमान से कहीं ज्यादा पैसा खर्च कर दिया था. साल 2026 के शुरुआती 6 महीनों में ही कंपनी का पूंजीगत खर्च (कैपेक्स) उछलकर 28.5 अरब डॉलर पर जा पहुंचा. यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले चार गुना से भी ज्यादा है. हालांकि, बाजार के जानकार इस भारी-भरकम खर्च को घाटा नहीं, बल्कि आने वाले दिनों में कंपनी के बड़े कारोबार की मजबूत तैयारी मान रहे हैं. बाजार के जानकारों से लेकर बड़े-बड़े निवेशकों तक, सबको भरोसा है कि लंबी रेस में यह शेयर तगड़ा मुनाफा कमाकर देगा. पिछले महीने ही मस्क ने दावा किया था कि कंपनी अपने सबसे बड़े टारगेट को तय वक्त से पहले ही छू लेगी.

2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की कमाई का टारगेट

मस्क का कहना है कि 2026 के शुरुआती 6 महीनों में एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और स्टारलिंक इंटरनेट की जबर्दस्त डिमांड देखने को मिली है. इसी रफ्तार के दम पर स्पेसएक्स अपने तय समय से पूरे एक साल पहले, यानी 2030 तक ही 1 ट्रिलियन डॉलर के सालाना रेवेन्यू का जादुई आंकड़ा पार कर लेगी.

दूसरी तिमाही (Q2) के नतीजों को लेकर मस्क ने बताया था कि कंपनी के तीनों बड़े कारोबार स्टारलिंक, एआई इंफ्रास्ट्रक्चर और रॉकेट लॉन्चिंग सर्विस उम्मीद से कहीं बेहतर रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं. स्पेसएक्स को पूरी उम्मीद है कि 2026 खत्म होने तक उसका सालाना कमाई का रन रेट (ARR) 100 अरब डॉलर के पार निकल जाएगा.

कंपनी के सीएफओ (CFO) ब्रेट जॉनसन ने कहा है, तीसरी तिमाही के शुरुआती दिनों में ही क्लाउड सर्विसेज के कुछ नए सौदे पक्के हुए हैं. इनसे कंपनी की झोली में 6.7 अरब डॉलर की अतिरिक्त कमाई आएगी, जो अक्टूबर से शुरू होने जा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More