App

BSNL का नया ऑफर! रिचार्ज के साथ मिलेगा 1 लाख का बीमा, ऑनलाइन ठगी पर भी मिलेगा पैसा; ये रही डिटेल्स

BSNL ने अपने यूजर्स के लिए रिचार्ज के साथ मिलने वाली नई सुविधा शुरू की है. कंपनी ने चुनिंदा प्रीपेड प्लान में अब 1 लाख रुपये तक का एक्सीडेंट कवर और 10 हजार रुपये तक का साइबर फ्रॉड कवर देने का ऐलान किया है.

BSNL का नया ऑफर! रिचार्ज के साथ मिलेगा 1 लाख का बीमा, ऑनलाइन ठगी पर भी मिलेगा पैसा; ये रही डिटेल्स
Image Credit: BSNL नया रिचार्ज ऑफर

क्या आपने कभी सोचा है कि मोबाइल का सामान्य सा रिचार्ज कराने पर आपको कॉलिंग और डेटा के साथ-साथ जिंदगी की सुरक्षा भी मिल सकती है? आज के समय में जहां प्राइवेट टेलीकॉम कंपनियां हर दिन अपने रिचार्ज प्लान्स महंगे करती जा रही हैं, वहीं सरकारी टेलीकॉम कंपनी BSNL ने अपने यूजर्स को राहत देते हुए बड़ा मास्टरस्ट्रोक चला है. अब BSNL का सिम कार्ड रिचार्ज कराना सिर्फ बातचीत या इंटरनेट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह आपके और आपके बैंक खाते के लिए एक सुरक्षा कवच भी बनेगा. सरकारी टेलीकॉम कंपनी ने एक ऐसी शानदार पहल की है जिसके तहत चुनिंदा प्लान्स के साथ ग्राहकों को बिना एक भी रुपया अतिरिक्त दिए 1 लाख रुपये तक का बीमा और ऑनलाइन ठगी से बचाव मिल रहा है. आइए जानते हैं कि BSNL की इस नई सौगात का फायदा आपको कैसे मिल सकता है.

BSNL ने अपने फाउंडेशन डे पर कस्टमर्स के लिए दो नई सुविधाओं का ऐलान किया है. कंपनी ने Bharat Fibre ब्रॉडबैंड यूजर्स के लिए OTT ऐप चुनने की सुविधा शुरू की है. वहीं, कुछ चुनिंदा प्रीपेड प्लान के साथ अब ग्राहकों को बिना किसी अतिरिक्त फीस के एक्सीडेंट और साइबर फ्रॉड इंश्योरेंस भी मिलेगा.

इन दोनों सुविधाओं का मकसद ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से सेवाएं चुनने की आजादी देना है. खासकर छोटे शहरों, गांवों और ऐसे इलाकों में रहने वाले ग्राहकों को इसका फायदा मिलने की उम्मीद है, जहां अलग से इंश्योरेंस लेना आसान नहीं होता.

दो प्रीपेड प्लान के साथ फ्री इंश्योरेंस

लेकिन यह इंश्योरेंस चुनिंदा BSNL प्रीपेड प्लान जैसे STV 202 और STV 2449 पैक के साथ ही मिलेगा. BSNL ने The Oriental Insurance Company Limited यानी OICL के साथ मिलकर कुछ चुनिंदा प्रीपेड प्लान पर इंश्योरेंस सुविधा भी शुरू की है. इन प्लान के साथ ग्राहकों को अलग से इंश्योरेंस प्रीमियम देने की जरूरत नहीं होगी. इस सुविधा में 1 लाख रुपये तक का एक्सीडेंटल डेथ कवर और 10 हजार रुपये तक का साइबर फ्रॉड कवर दिया जाएगा.

एक्सीडेंट कवर में जलने, सांप के काटने, बिजली गिरने, करंट लगने और सड़क हादसे जैसी घटनाएं शामिल हैं. किसी दुर्घटना की स्थिति में OICL को 48 घंटे के अंदर इसकी जानकारी देनी होगी.

हर महीने अपनी पसंद के OTT चुन सकेंगे

BSNL Bharat Fibre यानी FTTH यूजर्स के लिए कंपनी ने OTT को लेकर नया ऑप्शन भी दिया है. यूजर्स 25 से ज्यादा OTT प्लेटफॉर्म की लिस्ट में से अपनी पसंद के ऐप चुन सकेंगे. इसमें Disney+ Hotstar, SonyLIV और ZEE5 के साथ ही कई रीजनल OTT ऐप भी शामिल हैं.

खास बात यह है कि यूजर्स हर महीने अपनी पसंद बदल भी सकेंगे. यानी अगर किसी महीने स्पोर्ट्स कंटेंट ज्यादा देखना है तो उसके हिसाब से OTT चुन सकते हैं और अगले महीने अपनी पसंद के दूसरे ऐप पर स्विच कर सकते हैं.

यह सुविधा BSNL के CinemaPlus पोर्टल के जरिए मिलेगी. यूजर्स यहां मौजूद OTT ऐप में से अपनी पसंद चुनकर उन्हें अपने ब्रॉडबैंड प्लान के साथ इस्तेमाल कर सकेंगे.

साइबर फ्रॉड होने पर भी मिलेगी मदद

BSNL के अनुसार साइबर फ्रॉड कवर उन यूजर्स के लिए लागू होगा, जिनका BSNL मोबाइल नंबर बैंक अकाउंट से लिंक है. इसके तहत फिशिंग, ईमेल स्पूफिंग और ऑनलाइन चोरी जैसे मामलों में होने वाले आर्थिक नुकसान के लिए 10 हजार रुपये तक का कवर मिलेगा. साइबर फ्रॉड की घटना होने पर इसकी जानकारी सात दिनों के अंदर देनी होगी.

रिचार्ज के 24 घंटे बाद एक्टिव होगा इंश्योरेंस

इस इंश्योरेंस सुविधा के लिए ग्राहकों को अलग से कोई प्रक्रिया पूरी नहीं करनी होगी. पात्र प्लान पर रिचार्ज करने के 24 घंटे बाद इंश्योरेंस अपने आप एक्टिव हो जाएगा और प्लान के टाइम पीरियड तक जारी रहेगा. किसी घटना की रिपोर्ट करने या क्लेम से जुड़ी जानकारी के लिए यूजर्स OICL के टोल फ्री नंबर 1800-11-8485 पर संपर्क कर सकते हैं. क्लेम के लिए Claims.bsnl@orientalinsurance.co.in पर ईमेल भी किया जा सकता है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Udbhav Tripathi

Udbhav Tripathi

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More