SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ऑफिस लैपटॉप पर WhatsApp Web खुला छोड़ देते हैं? 1 क्लिक में सेफ रखें अपनी चैट, ये 4 कदम अभी उठाएं

ऑफिस या शेयर्ड कंप्यूटर पर WhatsApp Web खुला छोड़ना खतरनाक. गृह मंत्रालय की साइबर विंग I4C ने हैकिंग से बचने के लिए जारी की जरूरी एडवाइजरी.

Written By Mohit Chaturvedi
Published: Nov 24, 2026, 10:11 IST | Updated: Nov 24, 2026, 10:13 IST
Image Credit: गृह मंत्रालय ने हैकिंग से बचने के लिए जारी की जरूरी एडवाइजरी.
Join

क्या आप जानते हैं कि आपकी यही छोटी सी लापरवाही आपके पूरे WhatsApp अकाउंट को किसी और के हाथ में सौंप सकती है? जी हां, भारत सरकार की साइबर सुरक्षा इकाई ने इसे लेकर एक बेहद जरूरी चेतावनी जारी की है. इस एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि ऑफिस या शेयर्ड कंप्यूटर पर खुला रह गया एक एक्टिव WhatsApp Web सेशन आपकी प्राइवेट चैट, कॉन्टैक्ट्स और यहां तक कि आपकी पहचान का गलत इस्तेमाल करवा सकता है. आइए समझते हैं कि सरकार ने क्या कहा है और आप खुद को कैसे सुरक्षित रख सकते हैं.

गृह मंत्रालय की साइबर यूनिट ने क्यों जारी किया यह अलर्ट?

देश में बढ़ते डिजिटल इस्तेमाल के साथ-साथ साइबर ठगी के तरीके भी तेजी से बदल रहे हैं. इसी को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर यानी I4C की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) ने एक अहम एडवाइजरी जारी की है. इस चेतावनी का सीधा संबंध उन करोड़ों यूजर्स से है जो रोजमर्रा के कामकाज के लिए डेस्कटॉप या लैपटॉप पर WhatsApp Web का इस्तेमाल करते हैं. एजेंसी का साफ कहना है कि अगर किसी ऑफिस के सिस्टम या ऐसे कंप्यूटर पर आपका WhatsApp Web सेशन एक्टिव रह जाता है, जिस तक दूसरे लोगों की भी पहुंच है, तो कोई भी गलत इरादे वाला व्यक्ति आपके अकाउंट में झांक सकता है. इसका मतलब यह है कि आपकी निजी बातचीत, जरूरी डॉक्यूमेंट्स, ग्रुप चैट्स और कॉन्टैक्ट लिस्ट सब कुछ खतरे में पड़ सकता है.

सिर्फ चैट लीक नहीं, आपकी पहचान से हो सकता है बड़ा फ्रॉड

अक्सर लोग सोचते हैं कि भला कोई मेरी चैट पढ़कर क्या ही कर लेगा. लेकिन असली खतरा इससे कहीं ज्यादा बड़ा है. सरकारी एडवाइजरी के मुताबिक, जब किसी को आपके एक्टिव WhatsApp Web सेशन का अनऑथराइज्ड एक्सेस मिल जाता है, तो वह सिर्फ आपके मैसेज ही नहीं पढ़ता बल्कि आपकी पहचान का इस्तेमाल करके दूसरों के साथ ठगी भी कर सकता है. सोचिए, अगर आपके नंबर से आपके किसी दोस्त, रिश्तेदार या ऑफिस के कलीग को पैसे मांगने का मैसेज चला जाए या कोई फिशिंग लिंक भेज दिया जाए, तो सामने वाला आप पर भरोसा करके तुरंत झांसे में आ सकता है. इसके अलावा साइबर अपराधी आपके अकाउंट के जरिए दूसरे लोगों को निशाना बना सकते हैं, जिससे कानूनी और सामाजिक परेशानी सीधे आपके सिर आ सकती है.

ब्राउजर बंद करना लॉगआउट नहीं है, इस आदत को तुरंत बदलें

हम में से बहुत से लोग यह मानकर चलते हैं कि अगर हमने क्रोम या किसी दूसरे ब्राउजर का टैब बंद कर दिया, तो WhatsApp Web भी बंद हो गया. लेकिन हकीकत बिल्कुल उलट है. जब तक आप मैनुअली लॉगआउट बटन पर क्लिक नहीं करते, तब तक आपका सेशन उस कंप्यूटर पर एक्टिव रहता है. अगली बार जब भी कोई उस सिस्टम पर ब्राउजर खोलेगा और WhatsApp Web की वेबसाइट पर जाएगा, तो बिना किसी क्यूआर कोड या पासवर्ड के सीधे आपका अकाउंट खुल जाएगा. इसलिए सरकार ने साफ सलाह दी है कि खास तौर पर ऑफिस के कंप्यूटर, शेयर्ड सिस्टम या ऐसे किसी भी डिवाइस पर अपना सेशन परमानेंटली लॉग-इन न छोड़ें. हर बार काम खत्म होने के बाद मैनुअली लॉगआउट करने की पक्की आदत डाल लें.

Incognito मोड पर आंख मूंदकर भरोसा करना भी सही नहीं

कई स्मार्ट यूजर्स यह सोचकर निश्चिंत रहते हैं कि वे किसी दूसरे के कंप्यूटर पर Incognito या प्राइवेट ब्राउजिंग मोड में WhatsApp Web चलाते हैं, इसलिए उनका डेटा अपने आप डिलीट हो जाएगा. सरकारी एडवाइजरी ने इस भ्रम को भी दूर किया है. इसमें कहा गया है कि अगर किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर अस्थायी रूप से WhatsApp Web चलाना बहुत जरूरी हो, तो Incognito मोड का इस्तेमाल जरूर करें, लेकिन इसे लॉगआउट का विकल्प न समझें. यह सिर्फ एक अतिरिक्त सावधानी है. विंडो बंद करने से पहले मैनुअली लॉगआउट करना फिर भी उतना ही जरूरी है. इसके साथ ही साइबर कैफे, पब्लिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर या किसी से उधार लिए गए कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉग-इन करने से पूरी तरह बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि ऐसे सिस्टम्स पर पहले से स्पाईवेयर या की-लॉगर मौजूद होने का खतरा रहता है.

ऑफिस और संवेदनशील काम के लिए WhatsApp Web से दूरी बनाएं

आजकल कई दफ्तरों में भी फटाफट फाइलें और जानकारी भेजने के लिए WhatsApp Web का जमकर इस्तेमाल होने लगा है. लेकिन सरकार ने इस पर खास तौर पर चिंता जताई है. एडवाइजरी में साफ कहा गया है कि कंप्यूटर पर WhatsApp Web सेशन के जरिए किसी भी तरह की संवेदनशील सरकारी, आधिकारिक, वित्तीय या गोपनीय जानकारी का आदान-प्रदान नहीं किया जाना चाहिए. संगठनों और कंपनियों को भी यह सलाह दी गई है कि वे संवेदनशील और ऑफिशियल वर्क एनवायरनमेंट में इसके इस्तेमाल से बचें. एक छोटी सी चूक कंपनी या संस्थान के गोपनीय डेटा को गलत हाथों में पहुंचा सकती है, जिसका नुकसान बेहद गंभीर हो सकता है.

अपने अकाउंट की सुरक्षा के लिए इन बातों पर भी रखें नजर

लॉगआउट करने के अलावा कुछ और छोटी-छोटी आदतें हैं जो आपको बड़े साइबर हादसे से बचा सकती हैं. सबसे पहले, अपने फोन के WhatsApp में जाकर 'Linked Devices' वाले सेक्शन को समय-समय पर चेक करते रहें, ताकि यह पता रहे कि आपका अकाउंट किन-किन डिवाइस पर लॉग-इन है. अगर कोई अनजान डिवाइस दिखे, तो तुरंत वहां से लॉगआउट कर दें. इसके अलावा अपने अकाउंट में किसी भी अजीब गतिविधि पर नजर रखें, जैसे कोई ऐसा मैसेज जो आपने भेजा ही नहीं हो, या किसी कॉन्टैक्ट का ऐसा रिप्लाई जो आपको समझ न आए. अपने कंप्यूटर का ऑपरेटिंग सिस्टम, वेब ब्राउजर और एंटीवायरस सॉफ्टवेयर हमेशा अपडेट रखें. किसी भी अनजान फाइल, संदिग्ध लिंक या क्रैक्ड सॉफ्टवेयर को डाउनलोड करने से बचें, क्योंकि इन्हीं के जरिए हैकर्स आपके सिस्टम में सेंध लगाते हैं. थोड़ी सी सतर्कता और हर बार लॉगआउट करने की एक छोटी सी आदत आपकी डिजिटल दुनिया को पूरी तरह सुरक्षित रख सकती है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मोहित चतुर्वेदी डिजिटल न्यूज मीडिया में 16 से अधिक वर्षों का एक्सपीरियंस रखने वाले एक वरिष्ठ टेक जर्नलिस्ट हैं, जो वर्तमान में Zee News में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में टेक्नोलॉजी सेक्शन का नेतृत्व कर रहे हैं. स्मार्टफोन रिव्यू, गैजेट एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और साइबर सुरक्षा में गहरी विशेषज्ञता रखने वाले मोहित ने Apple, Samsung, OnePlus, Vivo और Xiaomi जैसे टॉप ब्रांड्स के फ्लैगशिप डिवाइसों का गहन और निष्पक्ष इन-डेप्थ रिव्यू किया है. अंतरराष्ट्रीय टेक इवेंट्स की ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव रखने वाले मोहित ने लंदन में 'Nothing Phone' और आयरलैंड के बेलफास्ट में 'Realme' के ग्लोबल लॉन्च इवेंट्स को कवर किया है, और इससे पहले वे NDTV, आजतक और दैनिक भास्कर जैसे देश के सबसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में टेक जर्नलिज्म और डिजिटल कंटेंट स्ट्रेटेजी में अहम भूमिकाएं निभा चुके हैं. जटिल तकनीकी बारीकियों को बेहद आसान भाषा में डिकोड करने के लिए पहचाने जाने वाले मोहित से सीधे Mohit.chaturvedi@zeemedia.com पर ईमेल के जरिए या उनके एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट किया जा सकता है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES