WhatsApp को सीधी चुनौती! Zoho लाया नया बिजनेस प्लेटफॉर्म, अस्पतालों और एजुकेशन सेक्टर के लिए बंपर गिफ्ट
Zoho ने आधिकारिक तौर पर Arattai-for-Business और Arattai Business Platform लॉन्च कर दिया है. रेलवे और सरकारी सेवाओं के लिए यह प्लेटफॉर्म फ्री रहेगा, जबकि अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों को हर महीने 10 लाख फ्री मैसेजेस मिलेंगे.
अगर आप भी हर छोटे-बड़े बिजनेस अपडेट के लिए विदेशी मैसेंजिंग ऐप्स पर निर्भर रहते हैं, तो अब आपके लिए एक बेहद शानदार खुशखबरी है. भारत की दिग्गज टेक कंपनी Zoho के फाउंडर श्रीधर वेम्बू ने अपनी स्वदेशी मैसेंजिंग सर्विस Arattai का नया बिजनेस वर्जन 'Arattai-for-Business' लॉन्च कर दिया है. इस नए ऐप और प्लेटफॉर्म की सबसे खास बात यह है कि यह रेलवे जैसे सरकारी विभागों के लिए बिल्कुल फ्री रहेगा, जबकि स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों को हर महीने 10 लाख मैसेजेस की फ्री लिमिट मिलेगी. चलिएसमझते हैं कि यह मेड-इन-इंडिया ऐप कैसे काम करेगा और बिजनेस वर्ल्ड में क्या बड़ा बदलाव लाने वाला है.
क्या है Zoho का नया Arattai-for-Business ऐप
Zoho अपने मेड-इन-इंडिया चैट ऐप Arattai को एक नया और बड़ा अवतार दे चुकी है. कंपनी के फाउंडर श्रीधर वेम्बू ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया कि Arattai-for-Business ऐप अब लाइव हो चुका है. इस ऐप का मुख्य मकसद यह है कि छोटे-बड़े सभी बिजनेसेस अब सीधे अपने ग्राहकों से जुड़ सकेंगे और उनसे आसानी से बातचीत कर सकेंगे.
अभी तक आम यूजर्स के बीच पर्सनल चैटिंग के लिए पहचान बनाने वाला Arattai अब सीधे कॉर्पोरेट और बिजनेस वर्ल्ड में कदम रख रहा है. इसका सबसे बड़ा फायदा भारतीय कंपनियों को यह होगा कि उन्हें अपने ग्राहकों तक पहुंचने के लिए किसी विदेशी मैसेंजिंग ऐप पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा और उनका सारा डेटा भारत में ही सुरक्षित रहेगा.
Arattai Business Platform से ऑटोमेशन होगा आसान
ऐप के साथ-साथ Zoho ने Arattai Business Platform भी पेश किया है. यह एक ऐसा टूल है जिसकी मदद से कोई भी कंपनी अपने मौजूदा सॉफ्टवेयर, कस्टमर सपोर्ट सिस्टम और ऑटोमेशन प्रोसेस को Arattai से आसानी से जोड़ सकती है.
सरल शब्दों में कहें तो अगर कोई कंपनी अपने ग्राहकों को ऑटोमैटिक बिल, ऑर्डर अपडेट या सर्विस नोटिफिकेशन भेजना चाहती है, तो वह इस प्लेटफॉर्म के जरिए अपने इंटरनल सिस्टम को सीधे Arattai से कनेक्ट कर सकती है. इससे कंपनियों का समय भी बचेगा और ग्राहकों को भी तुरंत सटीक अपडेट्स उनकी पसंदीदा चैट स्क्रीन पर मिल जाएंगे.
सरकारी सेवाओं और भारतीय रेलवे के लिए बिल्कुल फ्री
श्रीधर वेम्बू ने इस लॉन्च के दौरान एक बहुत बड़ा और सराहनीय फैसला भी सुनाया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि Arattai Business Platform को सरकार और सार्वजनिक सेवाओं के लिए पूरी तरह से मुफ्त रखा जाएगा.
विशेष रूप से भारतीय रेलवे (Indian Railways) का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि उनकी टीम अभी रेलवे और अन्य सरकारी संस्थाओं के साथ सिस्टम इंटीग्रेशन पर तेजी से काम कर रही है. इसका सीधा मतलब यह है कि आने वाले दिनों में आपको ट्रेन की टिकट बुकिंग, पीएनआर स्टेटस या ट्रेन की लाइव रनिंग पोजीशन जैसे जरूरी अपडेट्स सीधे Arattai ऐप पर देखने को मिल सकते हैं.
अस्पतालों और स्कूलों को मिलेंगे 10 लाख फ्री मैसेजेस
Zoho का यह नया कदम सिर्फ सरकारी विभागों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकार से जुड़े दो सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों - हेल्थकेयर और एजुकेशन को भी इसका बहुत बड़ा लाभ दिया गया है.
कंपनी ने ऐलान किया है कि हर अस्पताल, मेडिकल सेंटर, स्कूल, कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान को हर महीने 1 मिलियन (10 लाख) फ्री मैसेजेस की लिमिट दी जाएगी. इस कदम से देश के छोटे-बड़े अस्पतालों को मरीजों के साथ अपॉइंटमेंट कंफर्मेशन और रिपोर्ट शेयरिंग में काफी आसानी होगी, वहीं स्कूल-कॉलेज भी बिना किसी अतिरिक्त खर्च के अभिभावकों और छात्रों तक जरूरी नोटिस सेकंडों में पहुंचा सकेंगे.
WhatsApp Business के लिए कितनी बड़ी चुनौती
भारत में इस वक्त बिजनेस मैसेंजिंग के बाजार पर WhatsApp Business का एकछत्र राज है. ज्यादातर कंपनियां कस्टमर सपोर्ट और नोटिफिकेशन के लिए मेटा (Meta) के प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करती हैं. लेकिन Zoho का यह नया कदम इस बाजार में हलचल पैदा कर सकता है.
श्रीधर वेम्बू की सोच स्पष्ट रूप से एक ऐसे स्वदेशी इकोसिस्टम को खड़ा करने की है जो भारतीय जरूरतों के हिसाब से काम करे और डेटा सिक्योरिटी के मामले में भी पूरी तरह भरोसेमंद हो. हालांकि, आम बिजनेसेस के लिए इस ऐप के सशुल्क प्लान (Pricing Details) की जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन फ्री मैसेजिंग की जो शुरुआत की गई है, वह टेक जगत में एक बड़ा गेम-चेंजर साबित हो सकती है.