अब iPad में मिलेगा MacBook जैसा मजा? अंदरूनी तौर पर macOS की टेस्टिंग कर रहा Apple, बड़े फोल्डेबल टैबलेट पर भी आया अपडेट
रिपोर्ट के मुताबिक एप्पल कुछ आईपैड मॉडल्स पर macOS का परीक्षण कर रहा है, लेकिन इसका मकसद आम यूजर्स को macOS देना नहीं बल्कि iPadOS में डेस्कटॉप जैसे फीचर्स लाना है. इसके साथ ही करीब 19-20 इंच वाले फोल्डेबल आईपैड की लॉन्च डेट 2029 तक खिसक सकता है.
पिछले कुछ सालों में एप्पल के आई पैड हार्डवेयर के मामले में बहुत दमदार हो गए हैं. कई मॉडल्स में कंपनी के पावरफुल M-सीरीज प्रोसेसर मिल रहे हैं, जो किसी लैपटॉप से कम नहीं हैं. लेकिन सॉफ्टवेयर के मामले में iPadOS अभी भी macOS के मुकाबले थोड़ा पीछे है और इसमें कई डेस्कटॉप फीचर्स की कमी खलती है.
अब एक ताजा रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि कंपनी इस अंतर को कम करने के लिए कुछ खास काम किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि एप्पल कुछ iPad मॉडल्स पर macOS चलाकर देख रही है.
एप्पल सिलिकॉन आर्किटेक्चर से आसान हुई टेस्टिंग
ब्लूमबर्ग के फेमस पत्रकार मार्क गुरमन ने अपने पावर ऑन पॉडकास्ट के सवाल-जवाब सेशन में एप्पल की इस टेस्टिंग पर बात की है. गुरमन के मुताबिक कंपनी पिछले कुछ समय से अपने चुनिंदा आईपैड पर macOS का टेस्ट कर रही है.
लेकिन अब मैक कंप्यूटर और आईपैड दोनों ही एप्पल सिलिकॉन चिपसेट के एक जैसे आर्किटेक्चर पर काम करते हैं, इसलिए कंपनी को इस तरह के प्रयोग करने में काफी आसानी हो रही है. हार्डवेयर की यह समानता इंजीनियरों को नए विकल्प आजमाने की पूरी आजादी देती है.
यूजर्स के लिए नहीं आएगा macOS
हालांकि इस खबर से उत्साहित होने वाले यूजर्स के लिए एक जरूरी स्पष्टीकरण भी दिया गया है. मार्क गुरमन ने साफ किया है कि एप्पल फिलहाल ग्राहकों के लिए आईपैड पर macOS जारी करने की किसी योजना पर काम नहीं कर रही है.
इसके अलावा कंपनी न तो आईपैड के लिए कोई बिल्कुल नया ऑपरेटिंग सिस्टम बना रही है और न ही macOS को सीधे टैबलेट के हिसाब से बनाने का कोई प्रोजेक्ट चल रहा है.
iPadOS में जुड़ेंगे डेस्कटॉप जैसे फीचर्स
रिपोर्ट के अनुसार इस अंदरूनी टेस्टिंग का असली मकसद यह समझना है कि iPadOS को और बेहतर कैसे बनाया जाए. एप्पल की रणनीति आईपैड पर अलग से macOS देने के बजाय मौजूदा iPadOS में ही मैक जैसी क्षमताओं को जोड़ने की है.
इस परीक्षण से कंपनी के इंजीनियरों को यह परखने में मदद मिल रही है कि टैबलेट की स्क्रीन और टच इंटरफेस पर डेस्कटॉप लेवल के फीचर्स किस तरह काम करेंगे.
इससे आने वाले समय में आईपैड पर मल्टीटास्किंग और प्रोफेशनल काम करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो सकता है.
20 इंच के फोल्डेबल आईपैड पर भी चल रहा काम
पॉडकास्ट के दौरान गुरमन ने एप्पल के एक बड़े फोल्डेबल आईपैड प्रोजेक्ट के बारे में भी जानकारी दी, जिसे कंपनी के अंदर Project J312 कोडनेम दिया गया है. रिपोर्ट के मुताबिक इस खास डिवाइस को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि खुलने पर इसकी स्क्रीन करीब 19 या 20 इंच बड़ी होगी.
दिखने में ये एक बड़े डुओ डिवाइस जैसा लग सकता है, लेकिन इसमें बाहर की तरफ कोई अलग डिस्प्ले नहीं दिया जाएगा. ये उन यूजर्स को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है, जो बड़ा डिस्प्ले चाहते हैं.
लॉन्च में हो सकती है देरी...
इस नए प्रोजेक्ट को अब तक कई बार देरी हो चुकी है. पहले इसके 2027 में लॉन्च होने की उम्मीद थी, जिसे बाद में 2028 तक टाला गया और अब ये 2029 तक खिसक सकता है.
इसको बनाने में आने वाली परेशानियों बहुत ज्यादा लागत के कारण एप्पल फ्यूचर में इस प्रोजेक्ट को बंद भी कर सकती है. इस डिवाइस के मार्केट में आने के बाद हो सकता है कि इसकी कीमत 3000 डॉलर से 5000 डॉलर के बीच रह सकती है.