SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Apple Maps का बड़ा अपडेट: भारत के इन 8 शहरों में मिलेगी पब्लिक ट्रांसपोर्ट की पूरी जानकारी, अब भटकने का झंझट खत्म

एप्पल ने भारत में अपने मैप्स ऐप का नया वर्जन लॉन्च किया है, जिसमें 300 से ज्यादा 3D लैंडमार्क और हिंदी के साथ 12 भारतीय भाषाओं का सपोर्ट दिया गया है. अब ये ऐप सड़कों के नाम के बजाय पेट्रोल पंप या दुकानों के नाम से रास्ता बताएगा.

Written By Harsh Singh
Published: Nov 18, 2026, 19:41 IST | Updated: Nov 18, 2026, 19:58 IST
Image Credit: आ गया एप्पल मैप्स का नया और बेहतर वर्जन.
Join

भारत की सड़कों पर सफर करना अब और भी आसान होने वाला है. टेक कंपनी एप्पल ने 18 नवंबर को भारत में अपने एप्पल मैप्स का नया और बेहतर वर्जन लॉन्च कर दिया है. इस बड़े अपडेट के साथ कंपनी ने देश भर के 300 से ज्यादा जगहों के 3D लैंडमार्क जोड़े हैं.

इसके अलावा, अब आप फोन पर ही सड़कों और गलियों का असली नजारा देख सकते हैं. साथ ही भारतीय सड़कों के हिसाब से खास नेविगेशन फीचर्स भी दिए गए हैं.

कंपनी ने कहा है कि इस वर्जन का असली मकसद छोटे शहरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में रास्ता ढूंढने की परेशानी को खत्म करना है.

मिलेगी वॉइस गाइडेंस फीचर की मदद

भारत में अक्सर लोग सड़क के नाम के बजाय किसी दुकान, चौराहे या पेट्रोल पंप का नाम लेकर रास्ता पूछते और बताते हैं. एप्पल ने इसी देसी अंदाज को अपने ऐप में शामिल किया है.

नए वॉइस गाइडेंस फीचर की मदद से अब ऐप बोलकर कहेगा कि पेट्रोल पंप के बाद दाएं मुड़ें. इसके साथ ही लुक अराउंड फीचर से आप घर बैठे किसी भी गली या बिल्डिंग का 3D नजारा देख सकते हैं.

पैदल चलने वालों के लिए भी खास सुविधा दी गई है. फोन का कैमरा सामने करने पर स्क्रीन पर ही असली सड़क के ऊपर तीर के निशान दिखने लगेंगे, जिससे अनजान गली में भटकने का डर नहीं रहेगा.

गाड़ी चलाने वालों के लिए आए कई काम के टूल्स

नए अपडेट में ड्राइविंग करने वालों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा गया है. इसमें लेन गाइडेंस फीचर जोड़ा गया है, जो मोड़ या फ्लाईओवर आने से पहले ही बता देगा कि आपको किस लेन में गाड़ी चलानी है.

अब आप एक ही सफर में 15 अलग-अलग स्टॉप जोड़ सकते हैं और अपनी लाइव लोकेशन परिवार या दोस्तों को भेज सकते हैं. अगर रास्ते में कोई हादसा हुआ है या सड़क खराब है, तो सीरी के जरिए इसकी जानकारी ऐप पर डाल सकते हैं.

इलेक्ट्रिक गाड़ी चलाने वालों को रास्ते में चार्जिंग स्टेशन की जानकारी मिलेगी, वहीं साइकिल चलाने वालों के लिए भी अलग से रास्ते दिखाए जाएंगे.

हिंदी के साथ 12 भारतीय भाषाओं में दिखेंगे नाम

भारतीय यूजर्स की जरूरत को समझते हुए एप्पल ने मैप पर दो भाषाओं में नाम दिखाने की सुविधा शुरू की है. मान लीजिए, अगर आपका फोन अंग्रेजी में सेट है और आप दिल्ली का मैप देख रहे हैं, तो आपको जगहों के नाम अंग्रेजी और हिंदी दोनों में दिखेंगे.

इसी तरह मुंबई में अंग्रेजी के साथ मराठी में नाम नजर आएंगे. कंपनी ने अंग्रेजी और हिंदी के अलावा बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, तमिल, तेलुगु, पंजाबी, उड़िया और उर्दू भाषा को भी सपोर्ट दिया है.

वैसे इन नए भाषा और वॉइस फीचर्स को चलाने के लिए आपके फोन में लेटेस्ट सॉफ्टवेयर अपडेट होना जरूरी है.

भारतीय रेलवे और लोकल ट्रांसपोर्ट की मिलेगी पूरी जानकारी

बस बाइक और कार वाले ही नहीं, इससे बस और ट्रेन से सफर करने वालों को भी इस अपडेट से बड़ा फायदा मिलेगा. एप्पल मैप्स में अब इंडियन रेलवे की जानकारी भी जोड़ दी गई है.

यात्री अपने पास के स्टेशन को आसानी से ढूंढ सकते हैं और अपना पसंदीदा रूट सेव कर सकते हैं. इतना ही नहीं, आपका स्टेशन आने पर ऐप आपको अलर्ट भी भेज देगा. जिसकी वजह से आप सही जगह बिना किसी समस्या के उतर सकते हैं.

इस मैप में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, हैदराबाद, पुणे और अहमदाबाद जैसे 8 बड़े शहरों के लोकल पब्लिक ट्रांसपोर्ट की जानकारी आसानी से मिल जाएगा.

प्राइवेसी का भी रखा पूरा ख्याल

कंपनी ने यूजर्स की प्राइवेसी को सबसे ऊपर रखा है. उनका कहना है मैप इस्तेमाल करने के लिए आपको किसी अकाउंट में लॉग-इन करने की जरूरत नहीं है.

आपकी लोकेशन का डेटा किसी की पहचान से नहीं जोड़ा जाता और 24 घंटे के भीतर सर्वर से आपकी सटीक लोकेशन धुंधली कर दी जाती है.

जानकारों का मानना है कि इन नए और देसी फीचर्स के आने से भारत में गूगल मैप्स को कड़ी टक्कर मिल सकती है. 

ये भी पढे़ं: मिडिल क्लास की बढ़ी टेंशन! दिवाली के तुरंत बाद Samsung और Xiaomi ने चुपचाप 41 स्मार्टफोन्स के रेट बढ़ाकर सबको चौंकाया

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

हर्ष सिंह जी न्यूज डिजिटल में एक अनुभवी और धारदार शैली के पत्रकार हैं. उन्होंने मार्च 2024 में जी न्यूज जॉइन किया था. वर्तमान में हर्ष ऑटोमोबाइल और टेक्नोलॉजी से जुड़ी खबरों की खास कवरेज कर रहे हैं. वे देश-दुनिया में लॉन्च होने वाली नई गाड़ियों, इलेक्ट्रिक व्हीकल्स, लेटेस्ट गैजेट्स और टेक जगत के बड़े बदलावों से जुड़े जरूरी अपडेट्स पाठकों तक पूरी सटीकता के साथ पहुंचाते हैं. हर्ष को उनकी फैक्ट-आधारित और भरोसेमंद लेखन शैली के लिए जाना जाता है.बनारस के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट-ग्रेजुएशन करने वाले हर्ष अपनी पूरी ऊर्जा और समझ के साथ ऑटो और टेक की दुनिया की खबरों को बेहद सरल और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं.अगर आप हर्ष सिंह से संपर्क करना चाहते हैं या उनसे जुड़ा कोई सुझाव साझा करना चाहते हैं, तो उन्हें इस ईमेल आईडी पर लिख सकते हैं: Harsh.singh@India.com
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES