App

वनडे में बनाना है दबदबा तो इन दो क्रिकेटर्स को दो मौका... युवराज सिंह ने उठाई बड़ी मांग, सेलेक्टर्स को दी खास सलाह

युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी को भारतीय वनडे टीम में मौका देने की मांग की है. पूर्व भारतीय दिग्गज का मानना है कि इन टैलेंटेड खिलाड़ियों को 50 ओवर के क्रिकेट से दूर रखना उनके टैलेंट के साथ नाइंसाफी होगी.

वनडे में बनाना है दबदबा तो इन दो क्रिकेटर्स को दो मौका... युवराज सिंह ने उठाई बड़ी मांग, सेलेक्टर्स को दी खास सलाह
Image Credit: Yuvraj Singh, Abhishek Sharma And Vaibhav Sooryavanshi

भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सेलेक्शन कमेटी के सामने बड़ी मांग रखी है. युवराज सिंह के मुताबिक अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी को भारत की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में मौका मिलना चाहिए. युवराज सिंह ने भारतीय सेलेक्टर्स को यह भी कहा कि अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी जैसे टैलेंटेड खिलाड़ियों के साथ अन्याय नहीं करें. युवराज सिंह ने इस मामले में ईशान किशन का भी जिक्र किया, लेकिन यह विकेटकीपर पहले से ही टीम का हिस्सा हैं.

अभिषेक शर्मा दुनिया के नंबर-1 T20I बल्लेबाज हैं और पिछले कुछ सालों में सबसे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे हैं. हालांकि, वह केवल एक ही फॉर्मेट खेलते हैं और वनडे या टेस्ट टीम में उनकी कोई जगह नहीं बन पाई है. वहीं, वैभव सूर्यवंशी को भी T20I टीम में जगह बनाने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है. जापान में हुए एशियन गेम्स के बाद से उन्होंने केवल दो मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने न्यूजीलैंड में चोटिल ईशान किशन की जगह ली थी, लेकिन शुक्रवार को खेले गए चौथे T20I मैच से उन्हें बाहर कर दिया गया.

युवराज सिंह ने उठाई बड़ी मांग

युवराज सिंह ने कहा, 'मैं अभिषेक शर्मा को वनडे टीम में देखना चाहूंगा. मैंने पहले भी कहा है कि अगर हम अभिषेक शर्मा, ईशान किशन और वैभव सूर्यवंशी जैसे खिलाड़ियों को 50 ओवर के क्रिकेट में नहीं चुनते हैं, तो कहीं न कहीं हम अपनी प्रतिभा के साथ न्याय नहीं कर रहे हैं.' उन्होंने आगे कहा, 'मैं समझता हूं कि हमारे पास कई बेहतरीन खिलाड़ी हैं और उनके लिए टीम में जगह बनाना मुश्किल है, लेकिन जिस तरह से वे और बाकी खिलाड़ी प्रदर्शन कर रहे हैं, मुझे उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही टीम में शामिल किया जाएगा.'

सबसे बड़ी चुनौती कॉम्पिटीशन

अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी दोनों के लिए सबसे बड़ी चुनौती कॉम्पिटीशन है. भारत के पास ओपनर के तौर पर रोहित शर्मा और शुभमन गिल हैं, जो भारत को 2023 वर्ल्ड कप के फाइनल तक ले गए थे. पूरी संभावना है कि 2027 में अफ्रीका में होने वाले वर्ल्ड कप में भी यही दोनों खिलाड़ी पारी की शुरुआत करेंगे. टीम में जगह पाने की होड़ इतनी कड़ी है कि यशस्वी जायसवाल, जिन्होंने छह वनडे मैचों में दो शतक लगाए हैं, उन्हें भी टीम में जगह नहीं मिल पा रही है. 

अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी ने घरेलू लिस्ट-ए क्रिकेट में अपनी दावेदारी को मजबूत नहीं किया है. लिस्ट-ए क्रिकेट में अभिषेक शर्मा का बल्लेबाजी औसत 33.78 है. अभिषेक शर्मा ने 69 मैचों में 2196 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं. यह T20I के लिए तो काफी अच्छा है, लेकिन वनडे में टॉप ऑर्डर के लिए पर्याप्त नहीं होगा. उन्होंने मिडिल ऑर्डर में अपनी जगह बनाने के लिए भी कुछ खास नहीं किया है. वैभव सूर्यवंशी ने घरेलू लिस्ट-ए क्रिकेट में अभी तक 13 मैच खेले हैं. वैभव सूर्यवंशी के नाम घरेलू लिस्ट-ए क्रिकेट में 43.38 के औसत और 176.80 के स्ट्राइक रेट से 564 रन दर्ज हैं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More