SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

WTC का समीकरण: भारत क्राइस्टचर्च टेस्ट में हारा तो क्या होगा? शुभमन गिल-गौतम गंभीर को मिलेगा 'मिशन इम्पॉसिबल'

भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में फंस चुकी है. वह पहली पारी में 240 रन से पीछे और दूसरे दिन तक अपने छह विकेट गंवा दिए हैं. टीम इंडिया पर हार का खतरा मंडरा रहा है. इससे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की सीट भी दांव पर है.

Written By Rohit Raj
Published: Nov 28, 2026, 22:00 IST | Updated: Nov 28, 2026, 22:21 IST
Image Credit: गौतम गंभीर और शुभमन गिल. X@BCCI
Join

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के चक्र में भारतीय टीम न्यूजीलैंड का सामना दो टेस्ट मैचों की सीरीज में कर रही है. वेलिंगटन में पहला टेस्ट मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ और दूसरा मुकाबला क्राइस्टचर्च में खेला जा रहा है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचने के लिए भारत के लिए यह मुकाबला काफी अहम है. वह पहली पारी में शनिवार (28 नवंबर) को मैच के दूसरे दिन 240 रन पीछे है. ऐसे में हार का खतरा अभी से ही मंडराने लगा है और फाइनल में पहुंचने की उम्मीदें भी धीरे-धीरे धूमिल हो रही हैं. ऐसे में भारतीय टीम के समीकरण को समझना काफी अहम हो जाता है.

आईसीसी की आधिकारिक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका के अनुसार, भारत अभी 12 मैचों में 72 अंक के साथ तालिका में चौथे स्थान पर है. इसमें पांच जीत, चार हार और तीन ड्रॉ शामिल हैं. टीम इंडिया का प्वॉइंट्स परसेंटेज (पीसीटी) 50.00 है. यह 51.52 परसेंट से कम है, जब न्यूजीलैंड ने 23 नवंबर को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में आखिरी दिन बैटिंग करके ड्रॉ पर मजबूर किया था. उस मैच में भारत ने नौ विकेट पर 720 रन बनाकर पारी घोषित की थी. लंदन के द ओवल में जून 2027 में होने वाले फाइनल की रेस में भारत से आगे साउथ अफ्रीका (77.78 पीसीटी), ऑस्ट्रेलिया (69.23 पीसीटी), और न्यूजीलैंड (66.67 पीसीटी) हैं.

क्या है फाइनल का गणित?

क्राइस्टचर्च में दूसरे दिन भारत ने पहली पारी में छह विकेट पर 116 रन बना लिए हैं. ऐसे में दूसरे टेस्ट में हार का खतरा मंडरा रहा है. टीम इंडिया अगर हारती है तो क्वालिफिकेशन का गणित बुरी तरह बिगड़ जाएगा. जीत पर 12 प्वाइंट्स, ड्रॉ पर चार प्वाइंट और हार पर 0 प्वाइंट मिलते हैं. हेगले ओवल में हारने पर भारत 13 टेस्ट में 72 प्वाइंट्स पर अटक जाएगा. इससे उसका पीसीटी 50.00 से घटकर 46.15 हो जाएगा. इसके उलट, जीत से न्यूजीलैंड के आठ मैचों में 68 प्वाइंट्स हो जाएंगे और उसका पीसीटी 66.67 से बढ़कर 70.83 हो जाएगा. इससे वह ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर आ जाएगा. भारत और टॉप दो टीमों के बीच का अंतर 23 परसेंटेज प्वाइंट्स से ज्यादा हो जाएगा.

ये भी पढ़ें: 'भारत का कप्तान बन सकता था, लेकिन...', ऋषभ पंत के खराब शॉट पर बरसे अश्विन, आंकड़ों से खोली पोल

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी पर नजर

अगर भारत न्यूजीलैंड से 0-1 से सीरीज हार जाता है, तो उसे'मिशन इम्पॉसिबल' मिल जाएगा. टीम इंडिया को मौजूदा चक्र में अब बाकी पांच मैच ऑस्ट्रेलिया से होने हैं. कंगारू टीम पांच सीरीज के लिए भारत दौरे पर आएगी. भारत अगर पांचों मैचों में जीतता है तो उसके ज्यादा से ज्यादा 18 मैचों में 132 प्वाइंट हो जाएंगे. इससे टीम के खाते में 61.11 पीसीटी दर्ज होंगे. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक ड्रॉ के साथ 4-0 की सीरीज जीतने पर 124 प्वाइंट (57.41 पीसीटी) मिलेंगे, जबकि 4-1 की जीत पर 120 प्वाइंट (55.56 पीसीटी) रह जाएंगे. इसका मतलब है कि क्राइस्टचर्च में हारने पर घर पर गलती की लगभग सारी गुंजाइश खत्म हो जाएगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES