App

लक्ष्मण की कोचिंग स्टाइल से सबक लेंगे गंभीर, अभिषेक-संजू के साथ वैभव को करेंगे फिट? ऐसी हो सकती है प्लेइंग XI

India vs West Indies: वीवीएस लक्ष्मण की कोचिंग में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के साथ-साथ वैभव सूर्यवंशी को भी प्लेइंग इलेवन में मौका मिला था. क्या गौतम गंभीर भी ये रणनीति अपनाएंगे?

लक्ष्मण की कोचिंग स्टाइल से सबक लेंगे गंभीर, अभिषेक-संजू के साथ वैभव को करेंगे फिट? ऐसी हो सकती है प्लेइंग XI
Image Credit: BCCI/X

India vs West Indies T20I: भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी, जिसका आगाज मंगलवार, 6 अक्टूबर (आज) को होगा. एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतकर श्रेयस अय्यर एंड कंपनी के हौसले बुलंद हैं. अब अपने घरेलू मैदान पर टीम इंडिया वेस्टइंडीज को टक्कर देने के लिए तैयार है. एशियन गेम्स में पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण भारत के हेड कोच की भूमिका निभा रहे थे, लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज में गौतम गंभीर ये ड्यूटी संभालेंगे.

जब एशियन गेम्स में वीवीएस लक्ष्मण मुख्य कोच की भूमिका में थे, तो उन्होंने कुछ ऐसा फॉर्मूला अपनाया, जो गौतम गंभीर के राज में अभी तक देखने को नहीं मिला है. लक्ष्मण ने प्लेइंग इलेवन में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा के साथ-साथ वैभव सूर्यवंशी को भी फिट किया. क्या गंभीर भी लक्ष्मण की कोचिंग स्टाइल से सबक लेंगे?

गंभीर अपनाएंगे लक्ष्मण वाला फॉर्मूला?

गौतम गंभीर की कोचिंग में अभी तक अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी को एक साथ खेलने का मौका नहीं मिला है. ज्यादातर मैचों में उन्होंने संजू पर भरोसा जताया है. जिम्बाब्वे दौरे पर जब सैमसन टीम का हिस्सा नहीं थे, तब 15 साल के वैभव को लगातार 3 मैचों में खेलने का मौका मिला था. उन्होंने शानदार प्रदर्शन भी किया, लेकिन फिर संजू ने वापसी की और वैभव प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गए.

ऐसा लगा कि टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी में से किसी एक को ही खिलाना चाहती है, लेकिन वीवीएस लक्ष्मण की कोचिंग में ये प्लान बदल गया. एशियन गेम्स 2026 में अभिषेक और वैभव ओपनिंग करते दिखे, जबकि सैमसन नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते दिखे. इस टूर्नामेंट में वैभव ने दो पारियों में 53 रन बनाए.

बड़ा सवाल ये है कि क्या गौतम गंभीर भी लक्ष्मण से सबक लेंगे और तीनों को प्लेइंग इलेवन में फिट करेंगे? अगर ऐसा हुआ तो एशियन गेम्स की तरह वेस्टइंडीज के खिलाफ भी ईशान किशन मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते दिख सकते हैं. ईशान इस रोल में भी कामयाब हुए थे और श्रीलंका के खिलाफ सेमीफाइनल में 46 गेंदों पर 80 रनों की शानदार पारी खेली थी.

ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग XI

अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव/मयंक यादव

भारत-वेस्टइंडीज टी20 सीरीज का शेड्यूल

पहला टी20 इंटरनेशनल मैच: 6 अक्टूबर, लखनऊ (इकाना स्टेडियम)
दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच: 9 अक्टूबर, रांची (JSCA स्टेडियम)
तीसरा टी20 इंटरनेशनल मैच: 11 अक्टूबर, इंदौर (होल्कर स्टेडियम)
चौथा टी20 इंटरनेशनल मैच: 14 अक्टूबर, हैदराबाद (राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम)
पांचवां टी20 इंटरनेशनल मैच: 17 अक्टूबर, बेंगलुरु (एम चिन्नास्वामी स्टेडियम)

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ritesh Kumar

Ritesh Kumar

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More