SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

सस्पेंस ही सस्पेंस: चेन्नई सुपर किंग्स को कब मिलेगा नया हेड कोच? रेस में शामिल ये बड़ा नाम

स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के नए हेड कोच को लेकर हेमांग बदानी का नाम चर्चा में है. कुछ ही दिनों में महेंद्र सिंह धोनी इसे लेकर टीम मैनेजमेंट के साथ बैठक करने वाले हैं.

Written By Tarun Verma
Published: Sep 16, 2026, 10:56 AM IST | Updated: Sep 16, 2026, 11:41 AM IST
Image Credit: Chennai Super Kings New Head Coach
Join

चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम स्टीफन फ्लेमिंग के 17 साल लंबे कार्यकाल के खत्म होने के बाद अपने नए हेड कोच की तलाश में है. रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व भारतीय बल्लेबाज हेमांग बदानी इस रेस में सबसे आगे चल रहे हैं और इस पूरे बदलाव में महेंद्र सिंह धोनी को रोल बेहद अहम है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने हेमांग बदानी को नए हेड कोच के तौर पर गंभीरता से विचार किया है. अब चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) टीम मैनेजमेंट नए कोचिंग सेटअप के जरिए अपनी टीम को दोबारा मजबूत करने की तैयारी में है.

रिपोर्ट के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी नए हेड कोच की तलाश और पूरे कोचिंग सेटअप को तैयार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं. धोनी चाहते हैं कि CSK का सपोर्ट स्टाफ ज्यादा से ज्यादा भारतीय हो. इसके पीछे तर्क यह है कि भारतीय कोच और सपोर्ट स्टाफ घरेलू क्रिकेट और IPL के मौजूदा माहौल को बेहतर तरीके से समझ सकते हैं. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नए हेड कोच के नाम का ऐलान अगले एक से दो हफ्तों में हो सकता है. हेमांग बदानी को IPL कोचिंग का अनुभव और दुनियाभर की T20 लीग में काम करने का अनुभव होने के कारण मजबूत दावेदार माना जा रहा है.

बदानी के अनुभव से CSK को फायदा मिलेगा

हेमांग बदानी हाल के समय में दिल्ली कैपिटल्स के हेड कोच रह चुके हैं. इसके अलावा उन्होंने SA20, ILT20 और लंका प्रीमियर लीग में भी खिताबी सफलता हासिल की है. तमिलनाडु के लिए लंबे समय तक क्रिकेट खेलने के कारण उन्हें चेन्नई की परिस्थितियों और पिचों की अच्छी समझ भी है. पिछले दो सीजन में CSK को अपने घरेलू मैदान चेपॉक पर भी संघर्ष करना पड़ा है. फ्लेमिंग ने भी माना था कि टीम कई बार पिच को सही तरीके से पढ़ने में नाकाम रही, जिसका असर घरेलू मुकाबलों के नतीजों पर पड़ा. ऐसे में तमिलनाडु के लिए खेल चुके बदानी की लोकल हालात की समझ CSK के लिए उपयोगी साबित हो सकती है.

क्या नए कोच पर होगी सिर्फ CSK की जिम्मेदारी?

रिपोर्ट के मुताबिक महेंद्र सिंह धोनी चाहते हैं कि नया हेड कोच सिर्फ CSK के साथ काम करे और किसी दूसरी फ्रेंचाइजी की कोचिंग जिम्मेदारी न संभाले. स्टीफन फ्लेमिंग के कार्यकाल में वह SA20 और मेजर लीग क्रिकेट जैसी विदेशी टी20 लीग की टीमों के साथ भी जुड़े हुए थे. धोनी के प्रस्तावित मॉडल में नए कोच का पूरा फोकस CSK पर होगा. CSK के लिए यह बदलाव इसलिए भी अहम है, क्योंकि टीम को आने वाले IPL 2027 सीजन से पहले अपने स्क्वॉड को दोबारा तैयार करना है. पिछले कुछ सीजन में CSK की टीम अपने पुराने मैच विनर खिलाड़ियों के कोर ग्रुप से आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है. ऐसे में नए कोच से टीम के दोबारा निर्माण में बड़ा रोल निभाने की उम्मीद होगी.

बदानी के रास्ते में रोड़ा

हेमांग बदानी की नियुक्ति पूरी तरह आसान नहीं दिखती. वह फिलहाल द हंड्रेड में सदर्न ब्रेव और ILT20 में दुबई कैपिटल्स के कोच हैं. इसके अलावा वह मेजर लीग क्रिकेट में सिएटल ऑर्कास के साथ कंसल्टेंट की भूमिका में भी जुड़े हैं. ऐसे में अगर CSK का नया कोचिंग नियम लागू होता है, तो हेमांग बदानी को अपनी मौजूदा जिम्मेदारियों में बदलाव करना पड़ सकता है. अगर बदानी दूसरी लीग की जिम्मेदारियां छोड़कर सिर्फ CSK के साथ काम करते हैं, तो इसके लिए फ्रेंचाइजी को आकर्षक कॉन्ट्रैक्ट की पेशकश करनी पड़ सकती है.

विदेशी कोच का विकल्प

CSK के नए कोच को लेकर विदेशी विकल्प भी है. फ्रेंचाइजी के भीतर एक राय यह भी बताई जा रही है कि विदेशी कोच लगातार सफलता दिलाने में सक्षम हो सकते हैं, जैसा कि फ्लेमिंग के लंबे कार्यकाल में देखने को मिला. हालांकि, IPL और भारतीय घरेलू क्रिकेट की समझ को प्राथमिकता देने की दिशा में भारतीय कोच का विकल्प भी चर्चा में है. CSK मैनेजमेंट ने SA20 में जोबर्ग सुपर किंग्स के लिए एल्बी मोर्केल को हेड कोच नियुक्त किया है. ऐसे में यह संकेत माना जा रहा है कि चेन्नई अपने अलग-अलग फ्रेंचाइजी सेटअप में कोचिंग जिम्मेदारियों को अलग रखने की दिशा में आगे बढ़ रही है.

श्रीकांत ने बदानी की दावेदारी खारिज कर दी

इस बीच भारत के पूर्व सेलेक्टर क्रिस श्रीकांत ने हेमांग बदानी को CSK का अगला हेड कोच बनाए जाने की खबरों पर अपनी राय रखी है. क्रिस श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि उन्हें नहीं लगता कि CSK को बदानी के लिए जाना चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि अगर धोनी भारतीय कोच चाहते हैं तो चंद्रकांत पंडित एक विकल्प हो सकते हैं. श्रीकांत ने बदानी के दिल्ली कैपिटल्स कार्यकाल का हवाला देते हुए उनकी कोचिंग क्षमता पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स उनके कार्यकाल में प्लेऑफ तक नहीं पहुंच सकी और इसी वजह से उन्हें CSK के लिए उपयुक्त विकल्प नहीं मानते.

श्रीकांत ने कहा, 'जब आपके पास धोनी हैं, तो आपको किसी और कोच की जरूरत क्यों है? अगर धोनी भारतीय कोच को प्राथमिकता देते हैं, तो चंद्रकांत पंडित पर विचार किया जा सकता है. चंद्रकांत पंडित घरेलू क्रिकेट और IPL में कोचिंग का अनुभव रखते हैं और IPL में KKR के साथ भी काम कर चुके हैं. CSK को ऐसे भारतीय कोच पर विचार करना चाहिए, जिसके पास इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने या घरेलू/IPL लेवल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल करने का अनुभव हो.'

'जल्दबाजी नहीं करे CSK मैनेजमेंट'

श्रीकांत ने CSK को नए हेड कोच की नियुक्ति में जल्दबाजी नहीं करने की सलाह दी है. उनका कहना है कि IPL 2027 के लिए ऑक्शन दिसंबर में होना है, इसलिए फ्रेंचाइजी के पास फैसला लेने के लिए पर्याप्त समय है. श्रीकांत के मुताबिक CSK मैनेजमेंट को सभी विकल्पों पर विचार करने के बाद ही अंतिम फैसला करना चाहिए. फिलहाल CSK के नए हेड कोच को लेकर तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं हुई है. हेमांग बदानी का नाम चर्चा में है, धोनी भारतीय कोचिंग सेटअप की दिशा में जोर दे रहे हैं और क्रिस श्रीकांत ने चंद्रकांत पंडित का नाम सामने रखा है. ऐसे में अगले कुछ हफ्ते CSK के भविष्य के कोचिंग सेटअप के लिहाज से बेहद अहम हो सकते हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES