SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

खुद को पूजा पाठ से दूर बताने वाले विराट कोहली पहली बार प्रेमानंद से कब मिले? जानें वृंदावन का पूरा कनेक्शन

टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के बारे में दावा किया गया है कि वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम आने के लिए उन्होंने 5 करोड़ रुपये लिए थे. कोहली ने इस मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए इस आरोप को बेबुनियाद बताया. आइए जानते हैं कि प्रेमानंद और वृंदावन से उनका कैसा रिश्ता रहा है.

Written By Ritesh Kumar
Published: Oct 07, 2026, 10:02 PM IST | Updated: Oct 07, 2026, 10:16 PM IST
Image Credit: X Photo/Screengrabs
Join

पूर्व भारतीय कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली यूं तो हमेशा सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन फिलहाल उनकी चर्चा क्रिकेट की वजह से नहीं, बल्कि वृंदावन में जारी एक विवाद के कारण हो रही है. श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश शर्मा और उर्फ फलाहारी महाराज ने प्रेमानंद के आश्रम को घेरते हुए इस मामले में विराट कोहली को भी घसीट लिया. उन्होंने दावा किया कि विराट कोहली को प्रेमानंद के आश्रम बुलाने के लिए 5 करोड़ रुपये दिए गए थे.

इस बड़े आरोप के बाद बुधवार (7 अक्टूबर) को विराट कोहली की तरफ से भी बयान आया. उनके प्रवक्ता ने फलाहारी महाराज के दावे को बिल्कुल बेबुनियाद और झूठा बताया और साथ ही मीडिया से भी अपील की कि ऐसी खबर को बिना जांच-पड़ताल किए ज्यादा महत्व ना दिया जाए.

पहले खुद को पूजा पाठ से दूर बताते थे विराट कोहली

विराट कोहली पिछले कुछ सालों या यूं कहें कि बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा से शादी करने के बाद से पूजा-पाठ और अध्यात्म की तरफ ज्यादा झुके हैं. पहले ऐसा नहीं था. ये हम नहीं कह रहे, बिल्कुल उन्होंने खुद कहा था. जब वो भारत के कप्तान थे, तब एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए कहा, ''क्या आपको मैं पूजा-पाठ टाइप दिखता हूं.'' उनके इस बयान पर काफी ठहाके भी लगे थे और आज भी उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता है.

प्रेमानंद महाराज से पहली बार कब मिले विराट कोहली?

विराट कोहली अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और बेटी वामिका के साथ 17 नवंबर 2022 को उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित कैंची धाम, नीम करौली बाबा के आश्रम गए थे. वहां उन्होंने बाबा के दरबार में मत्था टेका, दंडवत प्रणाम किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया था. विराट के इस अवतार को फैंस ने कभी नहीं देखा था. वो जो कहते थे कि ''क्या मैं आपको पूजा-पाठ टाइप दिखता हूं'', वो भगवान की भक्ति में लीन दिखे. कैंची धाम जाने के कुछ महीने बाद 4 जनवरी, 2023 को विराट और अनुष्का कृष्ण नगरी पहुंचे. दोनों वृंदावन में स्थिति प्रेमानंद महाराज के आश्रम गए और उनसे आशीर्वाद ली.

वृंदावन से कोहली के स्पेशल कनेक्शन

विराट कोहली अब अपने परिवार के साथ लंदन में रहते हैं. वो टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और सिर्फ वनडे में एक्टिव हैं. ऐसे में वो ज्यादातर लंदन में ही रहते हैं. इसके बावजूद वो साल में कम से कम एक बार जरूर वृंदावन पहुंचकर प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लेते हैं. हाल ही में उन्हें और अनुष्का को वृंदावन में नंगे पैर बिना किसी वीआईपी सेवा के आम श्रद्धालुओं की तरह घूमते देखा गया था. 

पिछले तीन सालों में विराट कोहली का झुकाव भक्ति की तरफ झुका है. इस बदलाव का श्रेय वो हमेशा अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा को देते रहे हैं. कोहली को कई बार तुलसी का माला पहने और मंत्र का जाप करते हुए भी देखा गया है.

यह भी पढ़ें: आखिरकार टूटा कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड: चूक गए थे अभिषेक-सूर्या, ईशान किशन ने खड़ा किया रनों का पहाड़
 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES