46 गेंद पर 100 रन: 10 साल बाद भारतीय गेंदबाजों की हुई इतनी भयंकर पिटाई, होप ने तोड़ा 'यूनिवर्स बॉस' का रिकॉर्ड
भारत के खिलाफ सीरीज में शाई होप का तूफानी फॉर्म जारी है. हैदराबाद में रनों की बरसात करते हुए उन्होंने अपने T20I करियर का तीसरा शतक जड़ा. वेस्टइंडीज ने 7.4 ओवर में ही 100 रन बनाकर 10 साल पुराना इतिहास दोहरा दिया.
भारत के खिलाफ लिमिटेड ओवर सीरीज में शाई होप का तूफानी फॉर्म जारी है. रांची में शतक जड़कर वेस्टइंडीज को ऐतिहासिक जीत दिलाने के बाद स्टार बल्लेबाज ने हैदराबाद में भी रनों की बरसात की. 5 मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. भारत के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. शाई होप ने नए ओपनिंग पार्टनर ज्वेल एंड्रयू के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया. वेस्टइंडीज ने महज 7.4 ओवर में 100 रन बनाकर इतिहास रच दिया.
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में दूसरी बार भारतीय गेंदबाजों की इतनी बुरी तरह से पिटाई हुई है. दिलचस्प बात ये है कि दोनों बार जख्म वेस्टइंडीज ने ही दिया है. 10 साल पहले यानी 2016 में इसी टीम ने भारत के खिलाफ शुरुआती 46 गेंदों पर 100 रन बनाए थे.
वेस्टइंडीज ने दोहराया इतिहास, भारत पर लगा दाग
हैदराबाद में 10 साल पुराना इतिहास दोहराकर वेस्टइंडीज ने भारतीय गेंदबाजों पर बड़ा दाग लगा दिया. T20I में भारत के खिलाफ किसी टीम ने इतने कम गेंदों पर 100 रनों का आंकड़ा नहीं छुआ है, लेकिन वेस्टइंडीज ने दो बार ये कारनामा कर दिया है. इससे पहले 2016 में लॉडरहिल में इतने ही ओवरों में उन्होंने 100 रन बनाए थे और कोई विकेट भी नहीं गंवाया था.
शाई होप का ऐतिहासिक शतक
तूफानी फॉर्म में चल रहे शाई होप ने चौथे टी20 मैच में भी भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई और पारी की अंतिम गेंद पर शतक जड़ा. 50 गेंदों पर 102 रनों की नाबाद पारी के दौरान वेस्टइंडीज के कप्तान ने 4 चौके और 9 छक्के जड़े. इस सेंचुरी के साथ ही उन्होंने 'यूनिवर्स बॉस' क्रिस गेल का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया. शाई होप अब वेस्टइंडीज की तरफ से T20I में सबसे अधिक शतक जड़ने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. गेल ने दो सेंचुरी जड़ी थी, जबकि होप ने अभी तक तीन शतक ठोक दिए हैं, जिसमें से दो इसी सीरीज में आए हैं.
वेस्टइंडीज के लिए T20I में सबसे अधिक शतक
3 - शाई होप
2 - क्रिस गेल, एविन लुईस
1 - जॉनसन चार्ल्स, रोवमैन पॉवेल
यह भी पढ़ें: आईपीएल 2027 ट्रेड: दिल्ली कैपिटल्स ने ढूंढा कुलदीप यादव का रिप्लेसमेंट, बदले में SRH को मिले टी नटराजन