)
वेस्टइंडीज के खिलाफ रविवार 17 सितंबर से शुरु हो रही तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज से पहले विराट कोहली ने अपने तूफानी तेवर जाहिर कर दिए हैं. अब विराट कोहली के बल्ले से पहले से कहीं ज्यादा तबाही देखने को मिल सकती है. वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय स्टार बल्लेबाज ने अपने नए गेम प्लान का खुलासा किया है. विराट कोहली ने साफ कहा है कि वह अब बाहरी उम्मीदों के दबाव में नहीं खेलना चाहते और अपनी बल्लेबाजी में ज्यादा आजादी के साथ कैलकुलेटेड रिस्क लेना चाहेंगे.
विराट कोहली ने कहा कि उन्होंने खुद से वादा किया है कि वह अब ज्यादा फ्री होकर बल्लेबाजी करेंगे. लंबे समय तक उनकी भूमिका पारी को संभालने और टीम को स्थिरता देने की रही है, लेकिन अब वह इस जिम्मेदारी के साथ-साथ जरूरत के मुताबिक ज्यादा जोखिम भी लेना चाहते हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ कल होने वाले भारत के पहले वनडे मैच से पहले जियोस्टार पर विराट कोहली ने कहा, 'सबसे पहले तो बदलाव यह आया है कि मैंने खुद से वादा किया है कि मैं अब और खुलकर खेलूंगा. मैं लोगों की उम्मीदों की चिंता नहीं करूंगा. लंबे समय तक मेरा रोल पारी को संभालने का रहा है.'
विराट कोहली ने कहा, 'मुझे पता है कि मैं खेल सकता हूं और अच्छे शॉट्स भी लगा सकता हूं, लेकिन हालात ऐसे होते हैं कि अगर पिच मुश्किल हो और स्थिति भी चुनौतीपूर्ण हो, तो आप ऐसी सोच में पड़ जाते हैं कि मैं शॉट तो मार सकता हूं, लेकिन मुझे एक खास रोल दिया गया है.' विराट कोहली ने आगे कहा कि अब वह पारी को आगे बढ़ाने और टीम के लिए ज्यादा रन बनाने के लिए सोच-समझकर रिस्क लेने के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं.
विराट कोहली ने कहा, 'इस बार मैं कोशिश कर रहा हूं कि थोड़ा मैं कैलकुलेटेड रिस्क लेते हुए 30 से 40 रन एक्स्ट्रा बनाऊं. अब तेजी से रन बनाने का समय आ गया है.' विराट कोहली ने यह भी बताया कि कैसे वनडे क्रिकेट का बदलता रूप टीमों को बड़े स्कोर बनाने के लिए प्रेरित कर रहा है, और कहा कि वह अनुकूल परिस्थितियों में ज्यादा रिस्क लेने को तैयार हैं.
वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज से पहले विराट कोहली ने कहा, 'अब खेल का अंदाज बदल रहा है. खासकर जब हालात तेज और अच्छे हों, और दूसरी टीमें आपको 340-350 रन बनाने पर मजबूर कर रही हों, तो हमें भी 350-360 रन बनाने में सक्षम होना चाहिए. अब मैं रिस्क लेने को पूरी तरह तैयार हूं, क्योंकि मुझे पता है कि अगर मैं वहां रन बनाता हूं, तो हम आसानी से 350-360 रन तक पहुंच जाएंगे और अगर मैं ऐसा करता हूं और ज्यादा देर तक क्रीज पर टिकता हूं, तो आखिर में और भी तेजी से रन बना सकता हूं.'