52 गेंद में दोहरा शतक और 28 छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड, युवराज के 'गुरुमंत्र' ने बदल दी वैभव की किस्मत, 30 MIN के फोन कॉल ने किया 'खेला'
वैभव सूर्यवंशी ने UAE के खिलाफ 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़ने से पहले युवराज सिंह से 30 मिनट तक बात की थी. युवराज सिंह की एक सलाह ने 15 साल के इस बल्लेबाज की किस्मत बदल दी.
भारतीय क्रिकेट के सनसनीखेज सितारे और महज 15 साल के धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने दोहा के मैदान पर ऐसा तूफान खड़ा किया, जिसने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है. राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के 'करो या मरो' के मुकाबले में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 52 गेंद में दोहरा शतक जड़कर इतिहास रच दिया. वैभव सूर्यवंशी ने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया. इस ऐतिहासिक पारी के बाद वैभव सूर्यवंशी ने खुलासा किया कि मैच से ठीक पहले भारत के वर्ल्ड कप विजेता क्रिकेटर युवराज सिंह के साथ हुई आधे घंटे की बातचीत ने उनकी बल्लेबाजी की दिशा ही बदल दी.
15 वर्षीय बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए पहले सिर्फ 28 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और फिर 52 गेंदों में दोहरा शतक ठोक दिया. उन्होंने न्यूजीलैंड के चैड बोवेस (103 गेंद) का दो साल पुराना रिकॉर्ड तोड़कर नया कीर्तिमान स्थापित किया. अपनी 204 रनों की नाबाद पारी में वैभव ने कुल 28 छक्के जड़े, जो प्रोफेशनल क्रिकेट की किसी भी एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड है. उनकी इस आतिशी पारी की बदौलत भारत-ए ने 250 रनों का लक्ष्य महज 14.2 ओवर में 7 विकेट बाकी रहते हासिल कर सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली.
युवराज के 'गुरुमंत्र' ने बदल दी वैभव की किस्मत
इस पारी ने न केवल सेमीफाइनल में भारत की जगह पक्की की, बल्कि यह भी साबित कर दिया कि वैभव सूर्यवंशी एक स्पेशल टैलेंट हैं. सुनील गावस्कर, सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसे दिग्गजों के शानदार योगदान के बाद, वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट को आने वाले कई सालों तक आगे ले जा सकते हैं. BCCI के एक वीडियो में वैभव सूर्यवंशी ने बताया कि मैच से पहले उन्होंने चार लोगों से बात की थी, अपने पिता, बचपन के कोच मनीष, U19 के साथी प्रथम और युवराज सिंह से.
30 MIN के फोन कॉल ने किया 'खेला'
युवराज सिंह के साथ उनकी बातचीत लगभग आधे घंटे तक चली. इस दौरान, इस दिग्गज ऑलराउंडर ने वैभव सूर्यवंशी को बल्लेबाजी के कुछ अहम टिप्स दिए और उन्हें सलाह दी कि बड़ी पारी खेलने से पहले क्रीज पर कुछ समय बिताएं. वैभव सूर्यवंशी ने कहा, 'कल मैंने सिर्फ चार लोगों से बात की. एक तो मेरे पिता जी थे. दूसरे मेरे बचपन के कोच मनीष ओझा थे, और तीसरे मेरे दोस्त प्रथम थे, जो U19 में मेरे साथ थे. ये तीन लोग हो गए, और चौथे युवराज सिंह सर थे. मैंने उनसे लगभग आधे घंटे तक बात की. उन्होंने मुझे बैटिंग के बारे में बहुत कुछ समझाया. मैं काफी परेशान था, इसलिए मैंने उनसे खुलकर बात की.'
'युवराज सर ने मदद की'
वैभव सूर्यवंशी ने कहा, 'मैंने युवराज सिंह से कहा कि सर, जब मैं विकेट पर बैटिंग करने जाता हूं, तो मुझे ये दिक्कतें आ रही हैं. उन्होंने आधे घंटे तक मुझे सब कुछ अच्छे से समझाया. उन्होंने कहा कि अगर मैं 20 गेंदें खेल लूं, तो स्कोर कुछ और ही होगा. उन्होंने मुझे कई तकनीकी बातें बताईं. आज इससे मुझे बहुत मदद मिली. मेरा बस यही माइंडसेट था कि जाऊं और देखूं कि विकेट कैसा है. मैंने जाकर कुछ गेंदें खेलीं. गेंद बल्ले पर अच्छे से आ रही थी, इसलिए मैंने अपने गेम पर भरोसा रखा.'
'मेरा ध्यान थोड़ा भटक गया था'
वैभव सूर्यवंशी ने माना कि अपने वीडियो देखने पर उन्हें समझ आया कि वे कुछ गलतियां कर रहे थे, और उन्होंने अपने आदर्श युवराज सिंह की कही हर बात को बहुत ध्यान से सुना और समझा. वैभव सूर्यवंशी ने कहा, 'पिछले दो मैचों और कुछ घरेलू मैचों में, मैं रन नहीं बना पाया. मेरा ध्यान थोड़ा भटक गया था और मैं खुद से यही पूछता रहा कि आखिर हो क्या रहा है, लेकिन मैंने युवराज सर से बात की. वे मेरे आदर्श हैं. जब आप अपने आदर्श से बात करते हैं, तो आप उनकी हर बात ध्यान से सुनते हैं. मैंने उनकी हर बात सुनी. उन्होंने मुझे कई महत्वपूर्ण बातें बताईं. मैंने अपनी बैटिंग के वीडियो देखे और मुझे एहसास हुआ कि मैं कुछ गलतियां कर रहा था. आज मैंने कोशिश की कि वे गलतियां न दोहराऊं. मैंने वही करने की कोशिश की जो उन्होंने मुझे बताया था. उन्होंने मेरी बहुत मदद की.'
'सभी फॉर्मेट में खेल सकता हूं'
वैभव सूर्यवंशी का कहना है कि वे क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में खेल सकते हैं और स्थिति के हिसाब से अपने खेल में बदलाव ला सकते हैं. वैभव सूर्यवंशी ने कहा, 'जब अहमदाबाद में IPL के बाद मेरा इंटरव्यू हुआ था, तब मैंने कहा था कि मैं तीनों फॉर्मेट में खेल सकता हूं. मैं स्थिति के अनुसार अपने खेल को बदल सकता हूं. मेरा अपने खेल पर इतना कंट्रोल है, लेकिन पिछले दो मैचों में, मैं एक ही तरह से खेलने की कोशिश कर रहा था. मैं लंबे फॉर्मेट की तरह खेलने की कोशिश कर रहा था. आज भी मेरा माइंडसेट वैसा ही था, लेकिन जब मैंने पिच देखी, तो मुझे लगा कि अगर मैं शॉट्स खेलूं, तो गेंद बल्ले पर अच्छे से आ रही है. इसलिए मैंने अपनी ताकत पर भरोसा किया.'