App

जश्न मनाया या विवाद मोल लिया? फाइनल जीतते ही भारतीय खिलाड़ियों का हाईवोल्टेज सेलिब्रेशन, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ये वीडियो

अंडर-19 एशिया कप 2026 फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को आखिरी गेंद पर 1 विकेट से हराकर खिताब जीत लिया. जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों के आक्रामक जश्न का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

जश्न मनाया या विवाद मोल लिया? फाइनल जीतते ही भारतीय खिलाड़ियों का हाईवोल्टेज सेलिब्रेशन, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ये वीडियो
Image Credit: Indian Under-19 Team Cricketers Celebration

भारत ने शनिवार को ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए रोमांचक फाइनल मैच में पाकिस्तान को 1 विकेट से मात देकर ACC मेंस एशिया कप 2026 की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया है. कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान पर इस बेहतरीन जीत के बाद भारत के युवा खिलाड़ी भावनाओं में बह गए और उन्होंने आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया. इस दौरान मैदान पर कुछ ऐसा हुआ, जिसकी सोशल मीडिया पर जमकर चर्चा हो रही है. फाइनल जीतने के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के प्लेयर्स और उनके खेमे के सामने काफी आक्रामक अंदाज में जश्न मनाया.

मामला आगे बढ़ता देख भारत के सपोर्ट स्टाफ के एक सदस्य ने टीम इंडिया के क्रिकेटर्स को बहुत ज्यादा आक्रामक होने से रोका. यह एक बेहद रोमांचक मुकाबला था, जिसमें भारत को आखिरी गेंद पर 3 रनों की जरूरत थी. ऐसे में मोहित उलवा ने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर भारत की जीत पक्की कर दी. इसके बाद भारतीय खिलाड़ी मैदान पर दौड़ पड़े और मोहित उलवा व चिगुरुपति वेंकटा के साथ जश्न मनाने लगे, जो उस समय क्रीज पर बल्लेबाजी कर रहे थे. मोहित उलवा ने खुद को तिरंगे में लपेट लिया और पूरी टीम भारतीय दर्शकों के सामने जश्न मनाने लगी.

जश्न मनाया या विवाद मोल लिया?

इस दौरान कैमरों के सामने भारतीय खिलाड़ियों का आक्रामक जश्न कैद हो गया. एक भारतीय क्रिकेटर को पाकिस्तान के विकेटकीपर के सामने चिल्लाते हुए देखा गया. वहीं, अन्य कैमरों में मोहित उलवा और चिगुरुपति वेंकटा को पाकिस्तान के खिलाड़ियों की तरफ उकसावे से भरे इशारे करते देखा गया. हालात और खराब होते उससे पहले ही भारत के सपोर्ट स्टाफ के एक सदस्य ने खिलाड़ियों को शांत रहने के लिए कहा. भारतीय युवा खिलाड़ियों को उनके आक्रामक जश्न के लिए काफी आलोचना का सामना करना पड़ा.

मोहित उलवा और मनाल चौहान ने मुश्किल पलों में अपना संयम बनाए रखा और भारत को आखिरी गेंद पर 1 विकेट से शानदार जीत दिलाई. 338 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए 42वें ओवर में भारत 252 रनों पर 8 विकेट गंवाकर भारी मुसीबत में था. फिर भी मनाल चौहान (47 रन) और मोहित उलवा (नाबाद 49 रन) ने दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन किया और हार के जबड़े से जीत छीन ली. पाकिस्तान ने फाइनल मैच में भारत को जीत के लिए 338 रनों का लक्ष्य दिया. जवाब में टीम इंडिया ने 9 विकेट पर 339 रन बनाकर आखिरी गेंद पर 1 विकेट से जीत दर्ज कर ली. पाकिस्तान के लेग-स्पिनर अहमद हुसैन की आखिरी गेंद पर मोहित उलवा ने शानदार चौका जड़ा, जिससे भारत ने मैच और खिताब अपने नाम कर लिया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियोज में भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तानी खिलाड़ियों की तरफ कुछ अनुचित इशारे करते हुए दिखाई दे रहे हैं. एक क्लिप में मनाल चौहान पाकिस्तान के विकेटकीपर हम्जा जहूर की तरफ इशारा करते हुए दिख रहे हैं. हम्जा जहूर और उनके साथियों की ओर से भारतीय क्रिकेटर्स द्वारा अनुचित इशारे किए जाने की बात कही गई है. सोशल मीडिया पर कुछ फैंस का मानना ​​है कि जश्न मनाने के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने मर्यादा की सीमा पार कर दी. वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि भारत के युवा क्रिकेटर्स भावनाओं में बह गए थे.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tarun Verma

Tarun Verma

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More