3-0 से 3-2 कैसे? बल्लेबाजों ने सीरीज में दिलाई अजेय बढ़त, लेकिन गेंदबाज हो गए फुस्स, 'गुरु' गंभीर भी नाराज
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 3-2 से जीतकर खत्म की, लेकिन आखिरी दो मैचों में गेंदबाजों की जमकर पिटाई और बल्लेबाजों की नाकामी ने 5-0 से क्लीन स्वीप का सपना तोड़ दिया.
टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में धमाकेदार शुरुआत की थी. श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने पहले लगातार तीन टी20 इंटरनेशनल मैच जीतते हुए पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त बना ली थी. क्रिकेट के जानकार और तमाम फैंस को उम्मीद थी कि अब न्यूजीलैंड का इस टी20 इंटरनेशनल सीरीज में वापसी करना बहुत मुश्किल है. टीम इंडिया की मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह भविष्यवाणी की जा रही थी कि श्रेयस अय्यर की सेना न्यूजीलैंड का 5-0 से सूपड़ा साफ कर देगी, लेकिन कहानी में बड़ा ट्विस्ट आ गया.
पहले लगातार तीन टी20 इंटरनेशनल मैच जीतकर 3-0 से आगे पहुंच चुकी टीम इंडिया ने सीरीज का अंत 3-2 से स्कोर लाइन के साथ किया. मेजबान न्यूजीलैंड की टीम आखिरी दो टी20 इंटरनेशनल मैचों में अचानक भारतीय टीम पर भारी पड़ गई. कीवी टीम ने भारत के खिलाफ पहले तीन टी20 इंटरनेशनल मैच लगातार हारने और 0-3 से पिछड़ने के बाद आखिरी दो मैचों में भारत को शिकस्त दे दी. इस तरह टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 3-0 से आगे होने के बावजूद भारत ने 3-2 से स्कोर लाइन के साथ सीरीज का अंत किया. भारत भले ही न्यूजीलैंड के खिलाफ यह टी20 इंटरनेशनल सीरीज 3-2 से जीत गया, लेकिन उसने आखिरी दो मैचों में बेहद खराब प्रदर्शन किया है.
भारतीय गेंदबाजों ने पानी की तरह रन बहाए
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त लेने के बाद भारतीय टीम चौथा मैच खेलने के लिए ऑकलैंड पहुंची, जहां उसका रिकॉर्ड बेहद शानदार था. टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने इस मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और कीवियों को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. न्यूजीलैंड ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 259 रन बोर्ड पर लगा दिए. इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने पानी की तरह रन बहाए थे. फास्ट बॉलिंग ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने इस मैच में 4 ओवर में 64 रन लुटा दिए. ऑफ स्पिन ऑलराउंडर नमन धीर भी बुरी तरह फ्लॉप रहे और उन्होंने महज 1 ओवर में 16 रन दे दिए.
ग्लेन फिलिप्स का नहीं निकाल पाए तोड़
भारत ने चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में कुल मिलाकर 6 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और इनमें से 5 गेंदबाजों ने 12 और उससे ज्यादा के इकोनॉमी रेट से रन लुटाए. इन रन लुटाने वाले गेंदबाजों में मयंक यादव, प्रिंस यादव, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल और नमन धीर शामिल थे. न्यूजीलैंड की तरफ से इस चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में ग्लेन फिलिप्स ने नंबर 4 पर बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंद पर 107 रन जड़ दिए. ग्लेन फिलिप्स की पारी में 10 छक्के और 6 चौके शामिल रहे. इसके अलावा माइकल ब्रेसबेल ने छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंद पर 65 रन ठोक दिए. माइकल ब्रेसबेल ने इस दौरान 6 छक्के और 4 चौके लगाए. भारतीय टीम यह मैच 87 रन से हार गई. श्रेयस अय्यर की टीम अपनी पारी के दौरान 20 ओवर में 9 विकेट खोकर केवल 172 रन ही बना पाई.
कहां से बदली कहानी?
चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में न्यूजीलैंड की पारी के 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने अक्षर पटेल की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स का आसान सा कैच टपका दिया था. ग्लेन फिलिप्स उस वक्त 34 गेंद पर 57 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे. ग्लेन फिलिप्स अगर तब आउट हो जाते तो कीवी टीम 259 रनों के स्कोर तक नहीं पहुंच पाती. ग्लेन फिलिप्स ने इस जीवनदान का फायदा उठाया और 49 गेंद पर 107 रन की पारी खेली. सही मायने में इस मैच को गंवाने के पीछे बहुत हद तक गेंदबाज जिम्मेदार रहे हैं. पांचवें टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए भारत और न्यूजीलैंड की टीमें हेमिल्टन पहुंची. रविवार को सेडॉन पार्क मैदान पर भारत ने पहले बल्लेबाजी करते ओवर 20 ओवर में 191/8 का स्कोर खड़ा कर दिया. जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने 18 ओवर में ही 3 विकेट खोकर 195 रन बनाते हुए अपना रन चेज पूरा कर लिया.
भुवनेश्वर कुमार का नहीं चला जादू
पांचवें टी20 इंटरनेशनल मैच में भुवनेश्वर कुमार (4 ओवर में 41 रन), अर्शदीप सिंह (4 ओवर में 40 रन), प्रिंस यादव (3 ओवर में 35 रन), वरुण चक्रवर्ती (4 ओवर में 45 रन) और नीतीश कुमार रेड्डी (2 ओवर में 19 रन) बहुत महंगे साबित हुए हैं. कुल मिलाकर चौथे और पांचवें टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत की गेंदबाजी बुरी तरह फ्लॉप रही, जिसका न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने बहुत फायदा उठाया. पहले तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों में भी भारत की गेंदबाजी बहुत खराब रही थी, लेकिन तब बल्लेबाजों ने संभाल लिया था.
'गुरु' गंभीर भी नाराज
आखिरी दो टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में भारत के गेंदबाजों ने खूब रन लुटाए और भारतीय बल्लेबाज भी दबाव में आ गए. बल्लेबाजों और गेंदबाजों की एक-साथ नाकामी के कारण भारत को आखिरी दो टी20 इंटरनेशनल मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. टी20 इंटरनेशनल सीरीज भारत के पक्ष में 3-2 के नतीजे पर खत्म होने के बावजूद हेड कोच गौतम गंभीर ने माना कि सिर्फ बल्लेबाजों का रन बनाना ही काफी नहीं, बल्कि गेंदबाजों का विकेट निकालना भी बहुत अहम होता है. गेंदबाज ही आपको विदेश में सीरीज जिताते हैं.