App

भारत की सबसे बड़े रन चेज की कहानी: 406 रन, 56 बाउंड्री और कप्तान का दोहरा शतक, टीम इंडिया ने दिखाई वर्ल्ड कप की झांकी

गुवाहाटी में भारत ने वेस्टइंडीज के 406 रनों के विशाल लक्ष्य को शुभमन गिल के सबसे तेज दोहरे शतक (223*) और रोहित शर्मा के 35वें शतक की बदौलत हासिल कर ऐतिहासिक जीत दर्ज की. 5 शतकों से भरे इस मैच में भारत ने 3 मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली.

भारत की सबसे बड़े रन चेज की कहानी: 406 रन, 56 बाउंड्री और कप्तान का दोहरा शतक, टीम इंडिया ने दिखाई वर्ल्ड कप की झांकी
Image Credit: रोहित शर्मा और शुभमन गिल. BCCI

19 नवंबर 2023 की रात अमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में एक लाख से अधिक फैंस ब्लू जर्सी में रो रहे थे. भारतीय क्रिकेट टीम अपने घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया से वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल हार चुकी थी. रोहित शर्मा, विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह की आंखों से आंसू लगातार बह रहे थे. उसी समय टीम इंडिया ने एक बात तो ठान ली थी कि अगली बार चूकना नहीं है. इसकी एक झलक गुवाहाटी में बुधवार (30 सितंबर) को देखने को मिली है. वेस्टइंडीज से मिले 406 रन के टारगेट का पीछा कर उसने अपने फैंस को कह दिया है कि कुर्सी की पेटी बांध लीजिए, अब मौसम बदलने वाला है.

भारत ने अगले साल साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में होने वाले वर्ल्ड कप को लेकर अपने मिशन की शुरुआत कर दी है. वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मैच में विराट कोहली और शुभमन गिल के शतक के बाद दूसरे वनडे में गिल के दोहरे शतक के साथ रोहित शर्मा की सेंचुरी ने दुनिया की अन्य सभी टीमों को कड़ी चेतावनी दे दी है. भारत किसी भी मैदान पर किसी के खिलाफ कोई भी लक्ष्य हासिल करने और 2011 के बाद वर्ल्ड कप जीतने के लिए तैयार है.

 

 

वेस्टइंडीज ने 3 शतक से मचाया तहलका

गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में रनों का ऐसा तूफान आया जिसने इतिहास के कई रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने अपने 50 ओवरों में 405/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो वनडे क्रिकेट इतिहास में उनका अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है. पहली बार उसके तीन बल्लेबाजों ने किसी एक वनडे में शतक लगाए हैं. विंडीज के लिए जॉन कैंपबेल ने 101, कप्तान शाई होप ने 104 और आमिर जांगू ने 114 रन बनाए. 406 रन टारगेट आसान नहीं होता है और ऐसा लग रहा था कि टीम इंडिया को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा.

शुभमन गिल

भारत का मुंहतोड़ जवाब

टीम इंडिया जब इतने बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो कुछ ऐसा हुआ, जिस पर किसी को भरोसा नहीं हुआ. कप्तान शुभमन गिल के ऐतिहासिक दोहरे शतक और रोहित शर्मा के आक्रामक शतक के दम पर भारत ने महज 43.3 ओवरों में 2 विकेट खोकर 406 रनों का लक्ष्य हासिल कर लिया. भारत ने 6.3 ओवर (39 गेंदें) शेष रहते यह जीत दर्ज की और तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली.

वनडे इतिहास में सबसे बड़े सफल रन-चेज

435 रन - दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया (जोहान्सबर्ग, 2006)
406 रन - भारत बनाम वेस्टइंडीज (गुवाहाटी, 2026)
375 रन - नीदरलैंड बनाम वेस्टइंडीज (हरारे, 2023)

रोहित और गिल ने रचा इतिहास

406 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान शुभमन गिल (133 गेंदों में नाबाद 223) और अनुभवी रोहित शर्मा (72 गेंदों में 101 रन) ने तूफानी शुरुआत दिलाई. दोनों ओपनर्स ने पहले विकेट के लिए महज 158 गेंदों में 255 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की. यह वनडे में भारत के लिए दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग पार्टनरशिप है, जो 2001 में केन्या के खिलाफ सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली के 258 रनों के रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंची. रोहित शर्मा ने वनडे करियर का अपना 35वां शतक पूरा किया और 27वें ओवर में जेडन सील्स की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हुए.

रोहित शर्मा

शुभमन गिल के दोहरे शतक ने तोड़े रिकॉर्ड

रोहित शर्मा के आउट होने के बाद भी शुभमन गिल का बल्ला नहीं रुका. उन्होंने महज 117 गेंदों में अपना दूसरा वनडे दोहरा शतक पूरा किया, जो वनडे इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक बन गया. इसके साथ ही गिल ने 2023 में मुंबई में अफगानिस्तान के खिलाफ ग्लेन मैक्सवेल के नाबाद 201 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए वनडे में सफल रन-चेज का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर (223*) बना दिया. इसके अलावा उनकी यह 223* रनों की पारी लिस्ट-ए क्रिकेट में रन-चेज के दौरान अब तक की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी बनी और वनडे इतिहास में ओवरऑल तीसरा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बन गई.

वनडे रन-चेज में सबसे बड़े व्यक्तिगत स्कोर

223 रन* - शुभमन गिल बनाम वेस्टइंडीज (गुवाहाटी, 2026)
201 रन* - ग्लेन मैक्सवेल बनाम अफगानिस्तान (मुंबई, 2023)
193 रन - फखर ज़मान बनाम दक्षिण अफ्रीका (जोहान्सबर्ग, 2021)

एक ही वनडे मैच में पहली बार 5 शतक

शतकवीरों के लिहाज से यह मुकाबला बेहद खास रहा, क्योंकि वनडे इतिहास में पहली बार एक ही मैच में 5 बल्लेबाजों ने शतक जमाए. वेस्टइंडीज की ओर से सलामी बल्लेबाज जॉन कैम्पबेल ने 68 गेंदों में 101 रनों की आक्रामक पारी खेली. कप्तान शाई होप ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए अपना 20वां वनडे शतक (104 रन) जड़ा, जबकि आमिर जांगू ने 70 गेंदों में नाबाद 114 रनों की तूफानी पारी खेली. वहीं भारत की ओर से शुभमन गिल (223*) और रोहित शर्मा (101) ने शतक बनाए.

रोहित शर्मा शुभमन गिल

सबसे तेज वनडे डबल सेंचुरी (गेंदों के हिसाब से)

117 गेंदें - शुभमन गिल बनाम वेस्टइंडीज (2026)
126 गेंदें - ईशान किशन बनाम बांग्लादेश (2022)
128 गेंदें - ग्लेन मैक्सवेल बनाम अफगानिस्तान (2023)

वेस्टइंडीज की टीम 405 रन बनाकर भी क्यों हार गई?

अपने तीन बल्लेबाजों के शतकों के बावजूद वेस्टइंडीज की टीम को हार का सामना करना पड़ा. वनडे इतिहास में यह 11वां मौका था जब किसी टीम के तीन बल्लेबाजों ने एक ही पारी में शतक बनाए, लेकिन ऐसा पहली बार हुआ जब 3 शतक लगाने वाली टीम मैच हार गई. वेस्टइंडीज ने 405/7 रन बनाए, जो वनडे इतिहास में हारने वाली टीम द्वारा बनाया गया तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है. इस मैच में कुल 811 रन बने, जो वनडे क्रिकेट इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा मैच एग्रीगेट (किसी एक मैच में टोटल स्कोर) है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More