SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Analysis: जडेजा की वनडे में वापसी.. ध्रुव जुरेल ने काटा पंत का पत्ता, पांड्या बाहर, सेलेक्शन मीटिंग में क्या-क्या हुआ? 10 पॉइंट्स में समझिए चयन की बड़ी बातें

रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा चल रही थी, लेकिन सेलेक्टर्स ने उन्हें टीम में बनाए रखा है. आइए 10 पॉइंट्स में समझते हैं, सेलेक्शन की बड़ी बातें क्या रहीं.

Written By Tarun Verma
Published: Sep 17, 2026, 09:52 AM IST | Updated: Sep 17, 2026, 11:44 AM IST
Image Credit: Team India Selection
Join

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सेलेक्शन कमिटी ने बुधवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज, T20I सीरीज और ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम की घोषणा कर दी है. इसके अलावा भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जापान के खिलाफ 22 सितंबर को सानो में होने वाले एकमात्र T20I मैच और एशियन गेम्स 2026 की टीम में भी बड़े बदलाव किए हैं. वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से शुरू होने वाली ODI सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान होते ही कई बड़े नामों को लेकर तस्वीर साफ हो गई है.

रोहित शर्मा और विराट कोहली ने वनडे टीम में अपनी जगह बरकरार रखी है, जबकि शुभमन गिल की कप्तानी में केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है. वहीं, पंजाब के ऑलराउंडर नमन धीर और जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय सीनियर ODI टीम में शामिल किया गया है. रोहित के वनडे भविष्य को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा चल रही थी, लेकिन सेलेक्टर्स ने उन्हें टीम में बनाए रखा है. रोहित ने इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे वनडे में शानदार शतक (138 रन) भी लगाया था. विराट भी टीम का हिस्सा बने हुए हैं. आइए 10 पॉइंट्स में समझते हैं, सेलेक्शन की बड़ी बातें क्या रहीं.

1. रोहित शर्मा भारत की वनडे टीम में बरकरार

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को 'हिटमैन' रोहित शर्मा के टैलेंट और अनुभव पर पूरा भरोसा है. वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए रोहित शर्मा का भारतीय टीम में सेलेक्शन इस बात का संकेत है कि वह भारत के लिए 2027 वर्ल्ड कप खेलने की रेस में बने हुए हैं. रोहित शर्मा वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज में कप्तान शुभमन गिल के साथ पारी की शुरुआत करेंगे, जबकि यशस्वी जायसवाल को रिजर्व ओपनर के तौर पर चुना गया है.

2. केएल राहुल को बनाया गया ODI का उपकप्तान

एशियन गेम्स 2026 में जब श्रेयस अय्यर टीम इंडिया की कप्तान कर रहे होंगे, तब वह वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज में उपलब्ध नहीं रह पाएंगे. ऐसे में श्रेयस अय्यर की गैरमौजूदगी में केएल राहुल को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे इंटरनेशनल सीरीज के लिए टीम इंडिया का उपकप्तान बनाया गया है.

3. नमन धीर और आकिब नबी पहली बार भारत की ODI टीम में

पंजाब के ऑलराउंडर नमन धीर और जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को पहली बार भारतीय सीनियर ODI टीम में शामिल किया गया है. नमन धीर विस्फोटक बल्लेबाजी के अलावा ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. वहीं, आकिब नबी घातक तेज गेंदबाज हैं.

4. हार्दिक पांड्या को किसी भी टीम में नहीं मिली जगह

हार्दिक पांड्या को वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI टीम, टी20 इंटरनेशनल टीम और एशियन गेम्स 2026 की टीम से भी बाहर रखा गया है. हार्दिक पांड्या की कॉम्पिटीटिव क्रिकेट में वापसी 20 सितंबर से निर्धारित है. ODI टीम में वापसी से पहले सेलेक्टर्स यह देखना चाहते हैं कि वह 10 ओवर गेंदबाजी करने की क्षमता हासिल कर चुके हैं या नहीं.

5. ऋषभ पंत को ODI और T20I टीम में नहीं मिला मौका

ऋषभ पंत को वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की ODI और T20I टीम में मौका नहीं मिला है. ऐसी उम्मीद थी कि ऋषभ पंत को कम से कम वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज में तो मौका मिलेगा ही, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. सेलेक्टर्स ने ध्रुव जुरेल पर भरोसा दिखाया है. ध्रुव जुरेल को वेस्टइंडीज के खिलाफ ODI सीरीज के लिए बैकअप विकेटकीपर के तौर पर चुना गया है. वहीं, ऋषभ पंत को वेस्टइंडीज के खिलाफ T20I सीरीज से भी बाहर रखा गया है.

6. रवींद्र जडेजा की 8 महीने बाद वनडे टीम में वापसी

अनुभवी लेफ्ट आर्म स्पिन ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा की लगभग 8 महीने बाद भारत की ODI टीम में वापसी हुई है. रवींद्र जडेजा ने भारत के लिए अपना पिछला ODI मैच 18 जनवरी 2026 को न्यूजीलैंड के खिलाफ इंदौर में खेला था.

7. ऋतुराज गायकवाड़ को वनडे टीम में मिला मौका

ऋतुराज गायकवाड़ को वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है. श्रेयस अय्यर एशियन गेम्स 2026 में भारत की टी20 टीम की कप्तानी करेंगे. ऐसे में ODI टीम में उनकी गैरमौजूदगी के दौरान ऋतुराज गायकवाड़ के नंबर-4 पर बल्लेबाजी करने की उम्मीद है.

8. विपराज निगम को पहली बार भारत की T20I टीम में मौका

एशियन गेम्स 2026 टूर्नामेंट और जापान के खिलाफ एकमात्र T20I मैच के लिए चोटिल वरुण चक्रवर्ती की जगह विपराज निगम को पहली बार भारत की T20I टीम में शामिल किया गया है. 22 साल के विपराज निगम एक स्पिन ऑलराउंडर हैं. वरुण चक्रवर्ती साइड स्ट्रेन के कारण एशियन गेम्स 2026 टूर्नामेंट और जापान के खिलाफ एकमात्र T20I मैच से बाहर हो गए हैं.

9. नीतीश कुमार रेड्डी को एशियन गेम्स की टीम से रिलीज किया गया

एशियन गेम्स 2026 के लिए चुने गए नीतीश कुमार रेड्डी को टीम से रिलीज कर दिया गया है. नीतीश कुमार रेड्डी अब एशियन गेम्स 2026 में हिस्सा लेने की बजाय वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली ODI सीरीज में खेलते नजर आएंगे.

10. मोहम्मद सिराज की ODI और कुलदीप यादव की T20I में एंट्री

वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की ODI इंटरनेशनल सीरीज के लिए तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज की भारत की ODI टीम में वापसी हुई है. मोहम्मद सिराज ने भारत के लिए अपना पिछला ODI मैच न्यूजीलैंड के खिलाफ 18 जनवरी 2026 को इंदौर में खेला था. वहीं, कुलदीप यादव को लंबे समय के बाद भारत की T20I टीम में शामिल किया गया है. कुलदीप यादव को वेस्टइंडीज के खिलाफ 6 अक्टूबर से शुरू होने वाली पांच मैचों की T20I सीरीज के लिए टीम इंडिया में मौका मिला है.

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की ODI टीम

शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उपकप्तान और विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जायसवाल, नमन धीर.

वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की T20I टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उपकप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, मयंक यादव.

ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम

ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), सनत सांगवान, शिखर मोहन, सुदीप घरामी, सरफराज खान (उपकप्तान), स्मरण रविचंद्रन, मानव सुथार, सारांश जैन, आकाश दीप, मुकेश कुमार, मुकेश चौधरी, आर्यन जुयाल (विकेटकीपर), आर्यन पांडे, अनुकूल रॉय, आयुष दोसेजा

जापान T20I और एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर, विपराज निगम.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES