94 साल में पहली बार हुआ ऐसा, एक पारी में पांच बल्लेबाजों का तूफान, टेस्ट क्रिकेट में भारत का ऐतिहासिक कारनामा
भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों ने इतिहास रच दिया है. भारत के 94 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार टीम इंडिया के टॉप-5 बल्लेबाजों ने विदेशी जमीन पर एक ही पारी में 50+ रन बनाए हैं.
न्यूजीलैंड की धरती पर टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसे जानकर हर भारतीय क्रिकेट फैन का सीना गर्व से चौड़ा हो जाएगा. वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने कीवी गेंदबाजों की जमकर खबर ली. शनिवार को तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने पहली पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 486 रन बना लिए थे, लेकिन इस स्कोर से भी ज्यादा चर्चा उस ऐतिहासिक रिकॉर्ड की हो रही है, जो टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने भारत के 94 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार बनाया है.
भारत ने अपना पहला टेस्ट मैच साल 1932 में खेला था, लेकिन पिछले 94 साल में कभी टीम इंडिया के सभी टॉप-5 बल्लेबाज विदेशी धरती पर खेले गए किसी टेस्ट मैच की एक पारी में एक साथ 50+ के स्कोर नहीं बना पाए थे, हालांकि अब टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने इतिहास बदल दिया है. न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में जारी पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल और ऋषभ पंत सभी टॉप-5 बल्लेबाजों ने 50+ स्कोर बनाए हैं. टेस्ट क्रिकेट के 94 साल पुराने भारतीय इतिहास में पहली बार विदेशी धरती पर ऐसा हुआ है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में भारत के टॉप 5 बल्लेबाजों का प्रदर्शन
1. यशस्वी जायसवाल - 85 रन
2. केएल राहुल - 136 रन
3. देवदत्त पडिक्कल - 80 रन
4. शुभमन गिल - 98 रन
5. ऋषभ पंत - नाबाद 55 रन
94 साल में पहली बार हुआ ऐसा
भारत की ओर से पारी की शुरुआत करने उतरे यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने पहले विकेट के लिए शानदार साझेदारी की. जायसवाल ने 85 रन की पारी खेली, जबकि राहुल ने अपने बल्ले से 136 रन ठोक दिए. जायसवाल के आउट होने के बाद तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए देवदत्त पडिक्कल ने भी कीवी गेंदबाजों को परेशान किया. उन्होंने 175 गेंदों का सामना करते हुए 80 रन बनाए. वहीं, चौथे नंबर पर उतरे कप्तान शुभमन गिल ने 98 रन की शानदार पारी खेली. वह महज दो रन से अपने शतक से चूक गए.
एक पारी में टॉप-5 बल्लेबाजों ने ठोके 50+ स्कोर
तीसरे दिन के आखिरी सेशन में ऋषभ पंत ने भी अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. पंत ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 62 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए. इस तरह भारतीय टीम के टॉप-5 बल्लेबाजों ने मिलकर न्यूजीलैंड के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया. तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक भारत का स्कोर 486/4 था. टीम इंडिया ने पहली पारी में न्यूजीलैंड के खिलाफ अभी तक 118 रन की बढ़त बना ली है.
केएल राहुल इस टेस्ट मैच की पहली पारी में शतक जड़कर सुनील गावस्कर और सुरिंदर अमरनाथ के बाद न्यूजीलैंड में अपने पहले ही टेस्ट मैच की पहली पारी में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं. सुनील गावस्कर और सुरिंदर अमरनाथ ने 1976 में ऑकलैंड के ईडन पार्क में अपना पहला टेस्ट मैच खेला था और अपनी पहली पारी में क्रमशः 116 और 124 रन बनाए थे. यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल और शुभमन गिल बदकिस्मत रहे कि वे शतक बनाने के हकदार होने के बावजूद शतक तक नहीं पहुंच सके.