टेस्ट में 11000 रन: रूट, कैलिस और द्रविड़ से तेज निकले स्टीव स्मिथ, सचिन नहीं इस दिग्गज के नाम है वर्ल्ड रिकॉर्ड
स्टीव स्मिथ ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. वो टेस्ट क्रिकेट में 11000 रन बनाने वाले दुनिया के 12वें और ऑस्ट्रेलिया के तीसरे खिलाड़ी बने हैं. वो इस मुकाम तक जो रूट, जैक कैलिस और राहुल द्रविड़ से तेज पहुंचे हैं. वर्ल्ड रिकॉर्ड किसके नाम है?
साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रहे दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. वो टेस्ट क्रिकेट में 11000 रन पूरे करने वाले दुनिया के 12वें और ऑस्ट्रेलिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. इस मुकाम तक पहुंचने के लिए स्मिथ ने इंग्लैंड के जो रूट, साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज जैक कैलिस और पूर्व भारतीय महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ से भी कम पारियां खेली हैं. स्मिथ ने यह उपलब्धि अपने टेस्ट करियर के 226वीं इनिंग में हासिल की.
स्टीव स्मिथ ऑस्ट्रेलिया की तरफ से टेस्ट में तीसरे सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग 13378 रन के साथ शिखर पर हैं, जबकि एलन बॉर्डर 11174 रन के साथ दूसरे नंबर पर हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट की पहली पारी में स्मिथ अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके. वो 88 गेंदों का सामना करने के बाद 28 रन बनाकर आउट हुए. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 2 चौके लगाए. उन्हें वियान मुल्डर ने आउट किया.
कुमार संगकारा के नाम है वर्ल्ड रिकॉर्ड
टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेजी से 11000 रन बनाने के मामले में स्टीव स्मिथ पांचवें नंबर पर हैं. इस स्पेशल सूची में श्रीलंका के पूर्व दिग्गज कुमार संगकारा शिखर पर मौजूद हैं, जिन्होंने 208 पारियों में ये बड़ी उपलब्धि हासिल की थी. उनके बाद ब्रायन लारा (213 इनिंग) और रिकी पोंटिंग (222 इनिंग) हैं. चौथे स्थान पर भारत के पूर्व महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर हैं, जिन्होंने 11000 रन के लिए 223 पारियां ली थी.
टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 11000 रन
208 इनिंग - कुमार संगकारा
213 इनिंग - ब्रायन लारा
222 इनिंग - रिकी पोंटिंग
223 इनिंग - सचिन तेंदुलकर
226 इनिंग - स्टीव स्मिथ
234 इनिंग - राहुल द्रविड़
234 इनिंग - जैक कैलिस
237 इनिंग - महेला जयवर्धने
238 इनिंग - जो रूट
252 इनिंग - एलिस्टेयर कुक
256 इनिंग - एस. चंद्रपॉल
259 इनिंग - एलन बॉर्डर
स्टीव स्मिथ बनाम जो रूट
टेस्ट क्रिकेट में फैब-4 (विराट कोहली, स्टीव स्मिथ, जो रूट और केन विलियमसन) में से स्मिथ और रूट ही एक्टिव हैं. बाकी दो स्टार बल्लेबाजों ने इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है. स्मिथ और रूट की तुलना करें तो रनों के मामले में इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज काफी आगे हैं. रूट ने 169 टेस्ट की 309 पारियों में 50.5 की औसत से 14278 रन बनाए हैं, जिसमें 41 शतक और 69 अर्धशतक शामिल है.
वहीं, स्टीव स्मिथ ने टेस्ट क्रिकेट के 127 मैचों की 226 पारियों में 55.56 की औसत से 11000 रन बनाए हैं. उनके नाम 37 शतक और 45 अर्धशतक है. सिर्फ औसत में स्मिथ आगे हैं, बाकी मामलों में रूट ने बढ़त बनाई हुई है.
यह भी पढ़ें: वापसी में रबाडा का धमाका: 155 KMPH की स्पीड से फेंकी 'रॉकेट' गेंद, तोड़ा डेल स्टेन का बड़ा रिकॉर्ड