761 इंटरनेशनल विकेट लेकर मचाई थी तबाही, अब दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया बॉलिंग कोच, चामिंडा वास की IPL में एंट्री
श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास IPL 2027 के लिए दिल्ली कैपिटल्स के बॉलिंग कोच बन गए हैं. दिल्ली की इस फ्रेंचाइजी ने शनिवार सुबह एक्स पर इस बात की जानकारी दी है.
श्रीलंका के महान तेज गेंदबाज चमिंडा वास इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपने कोचिंग करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं. दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास को अपना फास्ट बॉलिंग कोच नियुक्त किया है. इंटरनेशनल क्रिकेट में 761 विकेट लेने वाले श्रीलंका के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक रहे चमिंडा वास अब दिल्ली कैपिटल्स (DC) के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बन गए हैं. इस टीम के हेड कोच सौरव गांगुली हैं.
दिल्ली कैपिटल्स ने इससे पहले इसी हफ्ते युवराज सिंह को अपना असिस्टेंट और बैटिंग कोच नियुक्त किया था. चमिंडा वास ने मुनाफ पटेल की जगह ली है, जो पिछले दो सीजन तक दिल्ली कैपिटल्स के बॉलिंग कोच थे. चमिंडा वास ने श्रीलंका के लिए टेस्ट क्रिकेट में 355 विकेट और वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 400 विकेट चटकाए हैं.
कोचिंग करियर की शुरुआत कब की?
चमिंडा वास ने इसके अलावा टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 6 विकेट झटके हैं. 52 साल के चमिंडा वास इससे पहले भी तीन अलग-अलग मौकों पर श्रीलंका की पुरुष क्रिकेट टीम के लिए इसी रोल में कोचिंग दे चुके हैं. उन्होंने अपने कोचिंग करियर की शुरुआत न्यूजीलैंड के साथ एक छोटे कॉन्ट्रैक्ट से की थी, जिसके बाद 2013 से 2015 तक वे श्रीलंका क्रिकेट टीम के साथ जुड़े रहे.
दिल्ली कैपिटल्स ने बनाया बॉलिंग कोच
2016 में टी20 वर्ल्ड कप के लिए उन्हें आयरलैंड का बॉलिंग कोच बनाया गया था, जिसके बाद वे फिर से श्रीलंका क्रिकेट टीम में लौट आए. चमिंडा वास खुद भी IPL में खेल चुके हैं. 2008 से 2010 के बीच वे डेक्कन चार्जर्स का हिस्सा थे, जहां उन्होंने 13 मैचों में 18 विकेट लिए थे. चमिंडा वास IPL में एडम गिलक्रिस्ट की कप्तानी वाली उस टीम का हिस्सा थे, जिसने साउथ अफ्रीका की धरती पर आयोजित 2009 के IPL सीजन के फाइनल में अनिल कुंबले की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरु टीम को हराकर खिताब जीता था.
हेड कोच सौरव गांगुली की लीडरशिप और युवराज सिंह के बल्लेबाजी अनुभव के साथ-साथ, चमिंडा वास के इंटरनेशनल लेवल में गेंदबाजी अनुभव के जुड़ने से दिल्ली कैपिटल्स (DC) को उम्मीद है कि उनकी नई कोचिंग टीम उनके खिताबी सपने को सच करने में मदद कर सकती है.
चमिंडा वास के रिकॉर्ड्स
दिल्ली कैपिटल्स के साथ उनका यह रोल IPL में उनका पहला कोचिंग असाइनमेंट होगा. चमिंडा वास इस खेल के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाजों में से एक हैं. चमिंडा वास ने 1994 से 2009 तक चले अपने 15 साल के इंटरनेशनल करियर के दौरान श्रीलंका के लिए 111 टेस्ट, 322 वनडे और छह T20I मैच खेले. उन्होंने टेस्ट में 355, वनडे में 400 और T20I में छह विकेट लिए. इसके अलावा, उन्होंने टेस्ट में 3,089 रन और वनडे में 2,025 रन बनाए हैं.