South Africa vs Australia 1st Test: 9 साल के लंबे इंतजार के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम साउथ अफ्रीका में टेस्ट सीरीज खेल रही है. तीन मैचों की शृंखला का पहला टेस्ट डरबन में खेला जा रहा है. कंगारू कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. तमाम क्रिकेट फैंस की नजर 34 वर्षीय खिलाड़ी निक मैडिंसन पर थी, जो 10 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं. हालांकि, वो अपने कमबैक मैच को यादगार नहीं बना सके, बल्कि उनपर शर्मनाक दाग लग गया.
निक मैडिंसन के जज्बे को तो पूरा क्रिकेट जगत सलाम कर रहा है, क्योंकि कैंसर से लंबी लड़ाई लड़ने के बाद उन्होंने क्रिकेट के मैदान पर वापसी की है. ये सच है कि उनकी वापसी स्कोरबोर्ड पर लिखे किसी भी नंबर से कहीं ज्यादा मायने रखती है. मैडिंसन इस वापसी को यादगार बनाना चाहते थे, लेकिन वो बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. उनके आउट होते ही वो कारनामा हुआ, जो 149 सालों के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में कभी नहीं हुआ था.
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला तो किया, लेकिन उनके दोनों सलामी बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए. पहले ट्रेविस हेड 9 रन बनाकर वियान मुल्डर के शिकार बने और फिर मैडिंसन बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. उन्हें मार्को यानसेन ने चलता किया. दिलचस्प बात ये रही कि मैडिंसन ने 33 गेंदों का सामना किया, लेकिन एक भी रन नहीं बना सके. टेस्ट क्रिकेट में 10 साल के लंबे गैप का दबाव उनकी बैटिंग में साफ दिखाई दे रहा था. वो कैंसर से जंग जीतकर मैदान पर तो लौट आए, लेकिन वापसी के बाद अपने पहले टेस्ट में फेल हो गए.
टेस्ट क्रिकेट में सबसे अधिक गेंद खेलकर शून्य पर आउट होने वाले ओपनर्स की लिस्ट में निक मैडिंसन का नाम शामिल हो गया है. इस शर्मनाक क्लब में न्यूजीलैंड के डैरिन मरे पहले नंबर पर हैं, जिन्होंने 1995 में श्रीलंका के खिलाफ 39 गेंदों का सामना किया था और शून्य पर आउट हो गए थे. ऑस्ट्रेलियाई टीम 1877 से टेस्ट क्रिकेट खेल रही है. 149 सालों के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है, जब कोई कंगारू ओपनर इतनी गेंदें खेलने के बाद शून्य पर आउट हुआ है.
39 - डैरिन मरे (NZ) बनाम SL, डुनेडिन, 1995
36 - ट्रेवर ग्रिपर (ZIM) बनाम WI, किंग्स्टन, 2000
33 - निक मैडिंसन (AUS) बनाम SA, डरबन, 2026
30 - मार्क डेकर (ZIM) बनाम SL, बुलावायो, 1994
29 - ब्रायन लकहर्स्ट (ENG) बनाम AUS, सिडनी, 1971
दक्षिण अफ्रीका (प्लेइंग इलेवन): एडेन मार्करम, रयान रिकेल्टन, डेविड बेडिंघम, टेम्बा बावुमा (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, वियान मुल्डर, काइल वेरेन (WK), मार्को यानसेन, साइमन हार्मर, केशव महाराज, एनरिक नॉर्किया
ऑस्ट्रेलिया (प्लेइंग इलेवन): ट्रेविस हेड, निक मैडिंसन, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), ब्यू वेबस्टर, पैट कमिंस (कप्तान), मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड