साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा को आखिरकार टेस्ट मैच में हार का स्वाद चखना पड़ गया है. डरबन में उनकी टीम को ऑस्ट्रेलिया ने पहले टेस्ट मैच में 214 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया. इस जीत के साथ ही कंगारू टीम ने 3 टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. सीरीज का दूसरा टेस्ट 18 अक्टूबर से गकेबराह में खेला जाएगा. इसके बाद तीसरा टेस्ट 27 तारीख से केपटाउन में होगा.
अनुभवी तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने दूसरी पारी में छह विकेट लेकर साउथ अफ्रीका की पारी को 206 रनों पर समेट दिया. इससे पहले कंगारू टीम ने पहली पारी में 390 और दूसरी पारी में 314/6 का स्कोर बनाया था. वहीं, साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 284 रन बनाए थे. उनके अलावा मैट रेनशॉ ने 2 विकेट अपने नाम किए. मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस को 1-1 सफलता मिली.
Australia are off to a winning start in the #WTC27 series against South Africa 📸💪 More on the current State of Play ➡️: https://t.co/Ag5irO9kgu https://t.co/0CRHM8tqcL
— ICC (@ICC) October 13, 2026
बावुमा का कप्तानी रिकॉर्ड
बावुमा का यह बतौर कप्तान 13वां टेस्ट मैच था. इससे पहले 12 मैचों में से उन्हें 11 में जीत मिली थी. एक टेस्ट ड्रॉ हुआ था. 2023 से कप्तानी कर रहे बावुमा को आखिरकार पहली हार मिली है. नवंबर 2024 के बाद से लगातार चार टेस्ट जीतने के बाद साउथ अफ्रीका की घर में यह पहली हार है. 2006 के बाद से किंग्समीड, डरबन में यह ऑस्ट्रेलिया की लगातार चौथी टेस्ट जीत है.
साउथ अफ्रीकी कप्तान के तौर पर पहली हार से पहले सबसे ज्यादा टेस्ट
12 - तेम्बा बावुमा
8 - हाशिम अमला
5 - हर्बी वेड
4 - पीटर वैन डेर मर्व
4 - ग्रीम स्मिथ
4 - फाफ डुप्लेसिस
चौथी पारी में मार्करम का गजब रिकॉर्ड
साउथ अफ्रीका के लिए दूसरी पारी में एडेन मार्करम ने सबसे ज्यादा 75 रन बनाए. डेविड बेडिंघम ने 46 और मार्को यानसेन 35 रन बनाए. मार्करम का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथी पारी में रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने कंगारू टीम के खिलाफ चौथी पारी में 143, 21, 136 और 75 रनों की पारी खेली है. 2019 के बाद से 500+ रन बनाने वाले नौ बल्लेबाजों में से केवल एडेन मार्करम (50.72) और जो रूट (50.51) ने टेस्ट की चौथी पारी में 50 से ज़्यादा का औसत बनाया है.
मैट रेनशॉ ने रचा इतिहास
ऑस्ट्रेलिया के लिए बाएं हाथ के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने पहली पारी में 190 और दूसरी पारी में 82 रन बनाए. उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर 272 रन बनाए. इसके अलावा गेंदबाजी में 2 विकेट भी झटके. रेनशॉ एक टेस्ट में 250+ रन बनाने और 2+ विकेट लेने वाले कुल 11वें और पहले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए हैं. वहीं, हेजलवुड ने अपने टेस्ट करियर में 15वीं बार 5 विकेट हॉल (एक पारी में 5 या उससे अधिक विकेट) पूरा किया.
टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई पेसरों के लिए सबसे ज्यादा 5 विकेट
29 - ग्लेन मैक्ग्रा
23 - डेनिस लिली
19 - मिचेल स्टार्क
16 - ग्राहम मैकेंजी
15 - जोश हेजलवुड