SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ऑस्ट्रेलिया को 2001 वाला जख्म: साउथ अफ्रीका ने किया भारत जैसा कारनामा, हथिया लिया नंबर-1 का ताज

केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया को 176 रनों से रौंदकर साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को वही जख्म दिया है जो 25 साल पहले भारत ने दिया था. जी हां, 2001 के बाद पहली बार पहला मैच जीतने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया को 3 मैचों की सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है.

Written By Ritesh Kumar
Published: Oct 31, 2026, 09:27 PM IST | Updated: Oct 31, 2026, 09:41 PM IST
Image Credit: ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत खत्म, टेस्ट में साउथ अफ्रीका नंबर-1 (@ProteasMenCSA/X)
Join

केपटाउन में ऑस्ट्रेलिया को 176 रनों से रौंदकर साउथ अफ्रीका ने ना सिर्फ 2-1 से सीरीज पर कब्जा जमाया, बल्कि आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भी कंगारुओं से नंबर-1 की कुर्सी छीन ली है. 124 रेटिंग के साथ अब साउथ अफ्रीका शिखर पर है, जबकि 122 रेटिंग के साथ पैट कमिंस की अगुआई वाली टीम दूसरे स्थान पर फिसल गई है. केपटाउन में खेले गए सीरीज के तीसरे टेस्ट में प्रोटियाज ने ऑस्ट्रेलिया के सामने 288 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसके जवाब में कंगारू टीम महज 111 रनों पर ढेर हो गई. 25 साल के लंबे इंतजार के बाद ऑस्ट्रेलिया को 3 मैचों की सीरीज में पहला टेस्ट जीतने के बावजूद सीरीज गंवानी पड़ी है.

साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया का वही हाल किया है, जो 2001 में भारत ने किया था. 25 साल पहले कंगारुओं ने टीम इंडिया को मुंबई में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट में 10 विकेट से पटखनी दी थी. उसके बाद आया कोलकाता का वो ऐतिहासिक टेस्ट मैच, जिसने भारतीय क्रिकेट को हमेशा के लिए बदल दिया. फॉलो-ऑन खेलने के बावजूद सौरव गांगुली की अगुआई वाली टीम ने ईडन गार्डन्स में 171 रनों से जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया.

ताजा हुआ 2001 वाला जख्म

केपटाउन में साउथ अफ्रीका की शानदार जीत ने ऑस्ट्रेलिया के उस जख्म को ताजा कर दिया, जो उन्हें 25 साल पहले भारत में मिला था. 3 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला जीतकर कंगारू घमंड में चूर थे. लेकिन कोलकाता में हुए दूसरे टेस्ट में उनका घमंड चकनाचूर हो गया. पहली पारी में 445 रन और भारत को 171 रनों पर ऑलआउट करने के बावजूद ऑस्ट्रेलिया वो मैच हार गया. फॉलो-ऑन खेलते हुए टीम इंडिया ने बाजी पलट दी. दूसरी पारी में वीवीएस लक्ष्मण ने 281 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली, जबकि राहुल द्रविड़ ने 180 रन बनाए. भारत ने दूसरी इनिंग में 657 रनों का पहाड़ खड़ा किया, जिसके आगे कंगारू टीम 212 रनों पर निपट गई. हरभजन सिंह ने 6 विकेट चटकाए थे.

कोलकाता में ऐतिहासिक जीत के बाद भारत ने चेन्नई में खेले गए सीरीज के आखिरी मैच में भी ऑस्ट्रेलिया को 2 विकेट से हराया. मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने पहली पारी में शानदार शतक जड़ा, जबकि लक्ष्मण-द्रविड़ ने फिफ्टी ठोकी. पहला मुकाबला हारने के बावजूद टीम इंडिया ने 2-1 से सीरीज फतह की. उस दौरे के बाद पहली बार हुआ है, जब ऑस्ट्रेलिया पहला मैच जीतने के बावजूद सीरीज हारा है. कंगारुओं को इस बार ये जख्म साउथ अफ्रीका ने दिया है.

ऑस्ट्रेलिया ने पहला मैच जीतने के बावजूद 3 मैचों की टेस्ट सीरीज गंवा दी:

1882-83 में इंग्लैंड के खिलाफ (घरेलू)
1888 में इंग्लैंड के खिलाफ (विदेशी)
2001 में भारत के खिलाफ (विदेशी)
2026 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ (विदेशी)

ऑस्ट्रेलिया को हराकर नंबर-1 टीम बनी साउथ अफ्रीका

केपटाउन के न्यूलैंड्स मैदान पर खेले गए तीसरे टेस्ट की बात करें तो साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 329 रन बनाए थे. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 429 रन बनाए और 100 रनों की बढ़त हासिल की. मैच में पिछड़ने के बाद प्रोटियाज ने जबरदस्त वापसी की और दूसरी इनिंग में 387 रन बना दिए. रयान रिकेल्टन (101) और वियान मुल्डर (115) ने शानदार शतक जड़ा. ऑस्ट्रेलिया के सामने 288 रनों का लक्ष्य था. टेस्ट मैच के आखिरी दिन कंगारू टीम महज 111 रनों पर ढेर हो गई. दूसरी पारी में साउथ अफ्रीका की तरफ से स्पिनर साइमन हार्मर ने 6 विकेट और स्टार पेसर कगिसो रबाडा ने 3 विकेट चटकाए. मैच में 10 विकेट लेने वाले साइमन हार्मर को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज जीतकर साउथ अफ्रीकी टीम आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंच गई है.

यह भी पढ़ें: अफ्रीकी शेर के आगे कंगारू ढेर: कौन हैं 37 साल के साइमन हार्मर? अकेले 10 विकेट लेकर रचा इतिहास, 74 साल बाद हुआ ऐसा
 

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रितेश कुमार स्पोर्ट्स न्यूज करने के लिए 24 घंटे तैयार रहते हैं क्योंकि इसी से सबसे ज्यादा प्यार करते हैं. पत्रकारिता में 5 साल का अनुभव. The Lallantop से सफर शुरू हुआ और R Bharat के रास्ते अब Zee News तक पहुंचा है. स्पोर्ट्स क्षेत्र में एक सफल पत्रकार बनने का सपना है. भारतीय क्रिकेटर्स, ओलंपिक और पैरालंपिक मेडलिस्ट का इंटरव्यू करने करने का अनुभव. ट्रेडिंग खबरों में डूबे रहने का शौक है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES