App

इसे कहते हैं कमबैक: डरबन में जीत के बाद उछल रहे थे कंगारू, साउथ अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट में दिया जोरदार पटका

साउथ अफ्रीका ने तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में जोरदार वापसी की. उसने डरबन टेस्ट में हार के बाद दूसरे मुकाबले में कंगारू टीम को हरा दिया. सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आ गई है. तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच केपटाउन में 27 अक्टूबर से खेला जाएगा.

इसे कहते हैं कमबैक: डरबन में जीत के बाद उछल रहे थे कंगारू, साउथ अफ्रीका ने दूसरे टेस्ट में दिया जोरदार पटका
Image Credit: साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया- AP

साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को गकेबराह टेस्ट में पारी और 31 रनों के अंतर से हराकर जोरदार कमबैक कर लिया. तीन टेस्ट मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने डरबन में मेजबान टीम को 214 रनों से हराकर खुद की पीठ थपथपाई थी. यहां तक कि उसके ओपनर ट्रैविस हेड ने तो इंस्टाग्राम स्टोरी में साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा का मीम शेयर किया था. उस घमंड को अफ्रीकी टीम ने कुछ ही दिनों के अंदर तोड़ दिया. बावुमा और उनके साथियों ने कंगारू टीम को ऐसा पटका दिया है, जिसे वह लंबे समय तक याद रखेगी.

गकेबराह टेस्ट के पहले दो दिनों में सिर्फ 43 ओवर फेंके गए थे. बारिश से प्रभावित मैच में ऐसा लग रहा था कि नतीजा निकलना मुश्किल था. दूसरे दिन के अंत तक साउथ अफ्रीका का स्कोर पहली पारी में 5 विकेट पर 97 रन था. यहां से गेम पलट गया. तीसरे दिन साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा क्रीज पर टिक गए और 179 रनों की मैराथन पारी खेल दी. उनके साथ आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए मार्को यानसेन और नौवें नंबर के सिमोन हार्मर ने भी ऑस्ट्रेलिया को खूब छकाया. यानसेन ने 85 और हार्मर ने 82 रन बनाए. साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी को 425/9 के स्कोर पर घोषित किया और यह ऑस्ट्रेलिया के लिए एक पहाड़ साबित हुआ.

 

 

फॉलोऑन खेलने पर मजबूर हुआ ऑस्ट्रेलिया

कंगारू टीम दोनों पारियों में भी मिलाकर साउथ अफ्रीका के 425 रनों तक नहीं पहुंच पाई. पहली पारी में तो ऑस्ट्रेलिया 100 रन भी नहीं बना पाया. उसकी पूरी टीम 99 रनों पर सिमट गई थी. मार्को यानसेन ने इस बार गेंदबाजी से कमाल दिखाया और पहली पारी में 5 विकेट लेकर कहर बरपा दिया. कंगारू टीम 326 रनों से पीछे हो गई. साउथ अफ्रीका ने 1970 के बाद उसे फॉलोऑन खेलने के लिए बुलाया. ऑस्ट्रेलिया 2005 के बाद विदेशी मैदान पर और कुल 2019 के बाद फॉलोऑन खेला.

हेड के शतक पर भारी पड़े रबाडा

कंगारू टीम ने दूसरी पारी में संघर्ष दिखाया. ट्रैविस हेड ने 190 गेंद पर 121 रन बनाकर कुछ संघर्ष जरूर दिखाया. उनके अलावा मार्नस लाबुशेन (39), स्कॉट बोलैंड (40) और एलेक्स कैरी (नाबाद 37) ही 30 रन के स्कोर को पार कर पाए. दिग्गज स्टीव स्मिथ पहली पारी में 24 रन बनाने के बाद दूसरी पारी में 3 रन ही बना पाए. अफ्रीकी टीम के लिए दूसरी पारी में 4 और वियान मुल्डर ने 3 विकेट लिए. सिमोन हार्मर को 2 और मार्को यानसेन को एक सफलता मिली.

हेड का शतक और ऑस्ट्रेलिया की हार

यह पहली बार है जब ट्रैविस हेड के शतक बनाने के बाद ऑस्ट्रेलिया कोई इंटरनेशनल मैच हारा है. उनके 21 इंटरनेशनल शतकों कंगारू टीम को जीत मिली है. एकमात्र दूसरा अपवाद 2024 में ब्रिस्बेन में भारत के खिलाफ ड्रॉ हुआ टेस्ट था, जिसमें उन्होंने 152 रन बनाए थे. दूसरी ओर, बावुमा की कप्तानी में साउथ अफ्रीका की 14 मैचों में यह 12वीं जीत है. एक टेस्ट ड्रॉ हुआ और एक में हार मिली है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More