App

अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड: पहली गेंद पर 7वीं बार जड़ा छक्का, संजू सैमसन का 2026 में 8वां 50+ स्कोर

भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को 5 टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में 4 विकेट से हरा दिया. इस मैच में संजू सैमसन ने फिफ्टी से रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी. अभिषेक शर्मा ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की.

अभिषेक शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड: पहली गेंद पर 7वीं बार जड़ा छक्का, संजू सैमसन का 2026 में 8वां 50+ स्कोर
Image Credit: संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा. BCCI

भारत ने न्यूजीलैंड के लंबे दौरे की शुरुआत धमाकेदार अंदाज में की है. उसने क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल में गुरुवार (22 अक्टूबर) को खेले गए पहले टी20 मैच में 4 विकेट से जीत हासिल की. भारत ने इस जीत के साथ ही सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली. टीम इंडिया के लिए संजू सैमसन ने धमाकेदार अर्धशतक लगाया. उनके अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर, नमन धीर, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने उपयोगी पारियां खेलीं. सैमसन और अभिषेक ने मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी से कई उपलब्धियां हासिल कर लीं.

अभिषेक शर्मा टी20 इंटरनेशनल में अपनी पारी की पहली गेंद पर सबसे ज्यादाबार छक्का लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. उन्होंने करियर में सातवीं बार छक्के के साथ अपनी पारी की शुरुआत की है. इस मामले में वह अब पहले स्थान पर पहुंच गए. उन्होंने अफगानिस्तान के शफिकुल्लाह शिनवारी का रिकॉर्ड तोड़ दिया. शिनवारी ने ऐसा छह बार किया है. अभिषेक और शिनवारी के बाद भारत के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव (5), आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग (4), न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो (4) और यूएई के मोहम्मद नवीद (4) का नंबर आता है.

 

 

सैमसन ने की ईशान की बराबरी

सैमसन ने इस मैच में 33 गेंद पर 67 रन बनाए. उन्होंने 8 चौके और 4 छक्के लगाए. सैमसन को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया. इस अर्धशतकीय पारी की बदौलत उन्होंने ईशान किशन की बराबरी कर ली. सैमसन ने इस साल 8वीं बार 50 या उससे अधिक रन की पारी खेली है. वह एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा बार 50 या उससे अधिक रन बनाने के मामले में संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर पहुंच गए. इस मामले में सूर्यकुमार यादव पहले नंबर पर हैं. उन्होंने 2022 में 11 बार ऐसा किया है.

T20I में एक कैलेंडर साल में भारत के लिए सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर
11 - सूर्यकुमार यादव, 2022
9 - विराट कोहली, 2022
9 - अभिषेक शर्मा, 2026
8 - ईशान किशन, 2026
8 - संजू सैमसन, 2026

अभिषेक-सैमसन का रिकॉर्ड

टी20 इंटरनेशनल के एक कैलेंडर साल में भारत के लिए ओपनिंग में सबसे ज्यादा 50+  साझेदारी करने के मामले में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा संयुक्त रूप से पहले स्थान पर पहुंच गए हैं. दोनों ने पांचवीं बार 2026 में 50 या उससे अधिक रन की साझेदारी की है. अभिषेक और शुभमन गिल ने 2025 और केएल राहुल और रोहित शर्मा ने 2021 में ऐसा किया था. शिखर धवन और रोहित ने 2018 में 4 बार 50 या उससे अधिक रन की साझेदारी की थी.

मैच में क्या हुआ?

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर बॉलिंग का फैसला किया. न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 225 रन बनाए. ग्लेन फिलिप्स ने 40 गेंद पर नाबाद 82 रन बनाए. फिन एलन ने 24 गेंद पर 45 रनों का योगदान दिया. 226 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने 19.4 ओवर में 6 विकेट पर 230 रन बनाकर हासिल कर लिया. सैमसन के 67 रन के अलावा अय्यर ने 42, नमन धीर ने नाबाद 42 और अभिषेक शर्मा ने 29 रन बनाए. अक्षर पटेल ने 24 रन बनाए.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rohit Raj

Rohit Raj

रोहित राज एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण से करियर की शुरुआत करने वाले रोहित ईटीवी, दैनिक भास्कर, जनसत्ता और अमर उजाला से होते हुए जी न्यूज के हिंदी डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं और स्पोर्ट्स टीम को लीड करते हैं. रोहित कई एक्सक्लूसिव खबरें और एथलीट्स का इंटरव्यू कर चुके हैं. पत्रकारिता में 40 अंडर 40 अवॉर्ड विजेता हैं. खेलों में ज्यादा रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप, वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2025 और अन्य खेलों के बड़े-बड़े इवेंट को करने का अनुभव रखते हैं. ब्रेकिंग न्यूज, एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर पकड़ है. क्रिकेट के अलावा हर खेलों को आसान भाषा में लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में लगे रहते हैं.
Read More