स्मृति मंधाना ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, महिला T20I में बनाए सबसे ज्यादा रन, न्यूजीलैंड की दिग्गज सूजी बेट्स को छोड़ा पीछे
Most Runs Womens in T20I: भारत की स्मृति मंधाना महिला टी20 इंटरनेशनल मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं. उन्होंने जापान में एशियन गेम्स के दौरान बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में यह उपलब्धि हासिल की
Most Runs Womens T20I: भारतीय महिला क्रिकेट की सुपरस्टार स्मृति मंधाना ने एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वह महिला टी20 इंटरनेशनल इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गई हैं. उन्होंने जापान के निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में बांग्लादेश के खिलाफ एशियन गेम्स में यह उपलब्धि हासिल की. मंधाना ने न्यूजीलैंड की दिग्गज खिलाड़ी सूजी बेट्स के रिकॉर्ड को तोड़ा.
सूजी बेट्स ने कीवी टीम के खिलाफ 186 मैचों में 4758 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका औसत 28.83 का रहा है. उन्होंने एक शतक और 28 अर्धशतक लगाए हैं. मंधाना को उनसे निकलने के लिए इस मैच में 8 रनों की दरकार थी. उन्होंने इसे आसानी से हासिल कर लिया. उनके अब 178 मैचों में 4788 रन हो गए हैं. मंधाना के नाम 2 शतक और 36 अर्धशतक है.
महिला टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा रन
स्मृति मंधाना (भारत)- 178 मैच- 4788 रन
सूजी बेट्स (न्यूजीलैंड)- 186 मैच- 4758 रन
हरमनप्रीत कौर (भारत)- 209 मैच- 4327 रन
चमारी अटापट्टू (श्रीलंका)- 172 मैच- 4282 रन
सोफी डिवाइन (न्यूजीलैंड)- 158 मैच- 3817 रन
महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन
मंधाना महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं. उनके टेस्ट में 9 मैचों में 788 रन हैं. इसके अलावा 120 वनडे मैचों में मंधाना ने 5411 रन बनाए हैं. अब 178 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 4788 रन हो गए हैं. इस तरह तीनों फॉर्मेट को मिला दें तो 307 मैचों में उनके 10987 रन हो गए हैं.
शेफाली ने की मंधाना की बराबरी
इस मैच के दौरान स्मृति मंधाना की साथी ओपनर शेफाली वर्मा ने भी एक रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने इस साल महिला टी20 इंटरनेशनल में 8 बार 50 या उससे अधिक रन बनाए हैं. इस मामले में शेफाली ने मंधाना की बराबरी कर ली है. मंधाना ने 2024 में 8 बार टी20 इंटरनेशनल मैचों में 50 या उससे अधिक रन बनाए थे.
महिला T20I में एक कैलेंडर साल में सबसे ज्यादा 50 से ज्यादा स्कोर
8 - शेफाली वर्मा (भारत)- 2026
8 - स्मृति मंधाना (भारत)- 2024
7 - मिताली राज (भारत)- 2018
7 - नताशा माइल्स (हांगकांग)- 2026