SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड चकनाचूर, श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास, ऐसा करने वाले बने पहले भारतीय कप्तान

वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक लगाकर श्रेयस अय्यर ने अपने T20I करियर का नया बेस्ट स्कोर भी बना दिया है. श्रेयस अय्यर ने 43 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 102 रन कूट दिए.

Written By Tarun Verma
Published: Oct 07, 2026, 02:54 PM IST | Updated: Oct 07, 2026, 07:49 PM IST
Image Credit: Shreyas Iyer and Virat Kohli
Join

भारतीय क्रिकेट में श्रेयस अय्यर ने ऐसा कारनामा कर दिया है, जो इससे पहले कोई भी भारतीय कप्तान T20I क्रिकेट में नहीं कर सका था. वेस्टइंडीज के खिलाफ लखनऊ में खेले गए पहले T20I में अय्यर ने बल्ले से तूफान मचाते हुए नाबाद शतक जड़ दिया. उनकी इस पारी के दम पर भारत ने 172 रनों के लक्ष्य को 14.4 ओवर में आसानी से हासिल कर लिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.

श्रेयस अय्यर ने भारत के लिए नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हुए महज 43 गेंदों में नाबाद 102 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 10 चौके और 6 छक्के शामिल रहे. मुंबई के इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और वेस्टइंडीज के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. उनकी विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने 172 रनों के लक्ष्य को 8 विकेट बाकि रहते अपने नाम कर लिया.

विराट कोहली का बड़ा रिकॉर्ड चकनाचूर

इस शतक के साथ अय्यर ने T20I क्रिकेट में अपना पहला शतक पूरा किया, लेकिन उनकी इस सेंचुरी की सबसे बड़ी खासियत कुछ और रही. अय्यर T20I में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक लगाने वाले भारत के पहले कप्तान बन गए. इससे पहले रन चेज में किसी भारतीय कप्तान का सबसे बड़ा स्कोर विराट कोहली के नाम था. कोहली ने 6 दिसंबर 2019 को हैदराबाद में वेस्टइंडीज के खिलाफ 50 गेंदों पर नाबाद 94 रन बनाए थे. अब अय्यर ने 102 रन की पारी के साथ इस रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है.

ये भी पढ़ें - धोनी के शहर में खेलेगी टीम इंडिया: रांची में कैसा है भारत का रिकॉर्ड? यहां सिर्फ 3 खिलाड़ी को खेलने का अनुभव

T20I में कप्तान के तौर पर रन चेज करते हुए सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड पाकिस्तान के बाबर आजम के नाम है. बाबर ने 14 अप्रैल 2021 को सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 204 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 59 गेंदों पर 122 रन बनाए थे. बाबर के इस रिकॉर्ड की बराबरी सिंगापुर के कप्तान अरित्र दत्ता ने 11 फरवरी 2024 को बैंकॉक में जापान के खिलाफ की थी. उन्होंने भी 122 रन की पारी खेली थी.

श्रेयस अय्यर ने रचा इतिहास

श्रेयस अय्यर ने इसके अलावा भारतीय कप्तान के तौर पर T20I में शतक लगाने के मामले में रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव की बराबरी कर ली है. रोहित शर्मा ने कप्तान के तौर पर तीन T20I शतक लगाए हैं, जबकि सूर्यकुमार यादव ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ साल 2023 में कप्तान रहते हुए एक T20I सेंचुरी जड़ी थी. अब अय्यर भी इस खास लिस्ट में शामिल हो गए हैं.

भारत के कप्तान के तौर पर सबसे तेज T20I शतक का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है. रोहित ने 22 दिसंबर 2017 को इंदौर में श्रीलंका के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक पूरा किया था. अय्यर ने 42 गेंदों में सेंचुरी लगाकर इस रिकॉर्ड को तो नहीं तोड़ा, लेकिन भारतीय कप्तानों के खास शतक क्लब में अपनी जगह जरूर बना ली. 42 गेंदों में लगाया गया अय्यर का शतक भारत की ओर से T20I क्रिकेट में संयुक्त रूप से छठा सबसे तेज शतक है. भारत के लिए सबसे तेज T20I शतक का रिकॉर्ड अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज है.

ये भी पढ़ें - हेड कोच गौतम गंभीर के बाद BCCI ने भी जताया अजीत अगरकर का आभार, एक-एक कर गिनाई उपलब्धियां

इससे पहले अय्यर का सबसे बड़ा स्कोर नाबाद 80 रन था

अभिषेक शर्मा ने 17 सितंबर 2026 को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अफगानिस्तान के खिलाफ महज 30 गेंदों में शतक पूरा किया था. उनकी विस्फोटक पारी ने उन्हें भारतीय क्रिकेट में सबसे तेज T20I सेंचुरी लगाने वाला बल्लेबाज बना दिया. वेस्टइंडीज के खिलाफ इस ऐतिहासिक शतक से पहले T20I क्रिकेट में अय्यर का सबसे बड़ा स्कोर 80 रन नाबाद था. उन्होंने यह पारी 9 जुलाई 2026 को ब्रिस्टल में इंग्लैंड के खिलाफ खेली थी. इंग्लैंड के खिलाफ उस मुकाबले में अय्यर ने 80 रन की नाबाद पारी के दौरान चार चौके और पांच छक्के लगाए थे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

तरुण वर्मा ज़ी न्यूज़ हिंदी डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं. तरुण वर्मा फरवरी 2021 से ज़ी न्यूज का हिस्सा हैं. तरुण वर्मा किसी भी मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी ख़बरों के विभिन्न एंगल्स पर साइड स्टोरीज़ करने के अलावा खिलाड़ियों पर स्‍पेशल पैकेजेस बनाने में बहुत रुचि है. क्रिकेट व अन्य खेलों से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी ज़ी न्यूज़ के पाठकों तक पहुंचाने की ज़िम्मेदारी तरुण वर्मा बख़ूबी निभाते हैं. तरुण वर्मा को क्रिकेट खेलने, किताबें पढ़ने और घूमने का बहुत शौक है. तरुण वर्मा साल 2016 में गौतम गंभीर के कोच संजय भारद्वाज का इंटरव्यू कर चुके हैं. तरुण वर्मा खेलों के कई बड़े-बड़े इवेंट्स को कवर करने का अनुभव रखते हैं. ज़ी न्यूज़ से जुड़ने से पहले तरुण वर्मा इंडिया टुडे ग्रुप मीडिया (Aajtak.in) संस्थान का भी हिस्सा रह चुके हैं. आप Tarun.Verma@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. तरुण वर्मा एक दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES