)
आईपीएल 2027 के लिए हार्दिक पांड्या के बाद एक और बड़े ट्रेड के आसार नजर आ रहे हैं. मोहम्मद शमी को लेकर लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. लखनऊ को अब शमी रास नहीं आ रहे हैं. खबर है कि, लखनऊ की टीम इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन के बदले मोहम्मद शमी को राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेड करने जा रही है. सिर्फ शमी को ही नहीं बल्कि बाएं हाथ के स्पिनर एम. सिद्धार्थ को भी लखनऊ की टीम करन के लिए छोड़ने को तैयार है.
ईएसपीएन क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक दोनों गेंदबाजों को लखनऊ की टीम सैम करन के लिए छोड़ने के लिए सहमत हो गई है. मोहम्मद शमी को छोड़ने की वजह उनका आईपीएल 2026 में खराब प्रदर्शन भी हो सकता है. उन्होंने 13 मैचों में 9.00 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट लिए थे. हालांकि, उन्होंने इससे पहले अपनी गेंदबाजी से बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया है. शमी अब 36 साल के हो गए है और उन्होंने हाल ही में टेस्ट फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान किया था.
ये ट्रेड अगर पूरा होता है, तो राजस्थान रॉयल्स की टीम को जोफ्रा आर्चर और मोहम्मद शमी के साथ पेस अटैक में फायदा मिल सकता है. आंकड़ों पर नजर डालें तो 2024 के बाद से, शमी ने पावरप्ले में 8.76 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट लिए हैं. शमी के रहते IPL 2026 में पावरप्ले के दौरान लखनऊ टीम की इकॉनमी सबसे अच्छी रही. टीम ने 8.71 के इकॉनोमी रेट से 23 विकेट झटके थे. वहीं, राजस्थान की इकॉनमी 10.14 (28 विकेट) थी.
लखनऊ की टीम को एक शानदार ऑलराउंडर की तलाश है, जो मिडिल ऑर्डर में टीम को मुश्किलों से निकाले. सैम करन इसके लिए फिट बैठते हैं. सैम करन इंजरी के चलते आईपीएल 2026 नहीं खेल पाए थे. अगर ट्रेड पूरा होता है तो करन के लिए LSG तीसरी IPL फ्रेंचाइजी होगी. पंजाब किंग्स (PBKS) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ करन दो-दो बार खेल चुके हैं. लखनऊ के लिए करन एक कप्तानी का भी विकल्प होंगे. सैम करन 2022 टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे, जो उनकी काबीलियत का सबूत है.