टेस्ट की दोनों पारियों में नर्वस नाइंटीज: सऊद शकील के नाम जुड़ा 'बदकिस्मत' रिकॉर्ड, 2009 के बाद पहली बार हुआ ऐसा
पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला रावलपिंडी में ड्रॉ हो गया. पाकिस्तानी बल्लेबाज सऊद शकील दोनों पारियों में शतक से चूक गए और नर्वस नाइंटीज का शिकार बन गए.
टेस्ट क्रिकेट में एक नर्वस नाइंटीज खिलाड़ियों को परेशान कर देती है और पाकिस्तान के सऊद शकील तो एक ही टेस्ट में दो बार इसका शिकार हो गए हैं. रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ ड्रॉ हुए टेस्ट मैच में शकील दो बार सेंचुरी के करीब पहुंचे और दोनों बार कुछ कदम दूर रह गए. पहली पारी में वह 93 और दूसरी पारी में 97 रन पर आउट हो गए. टेस्ट क्रिकेट में 2009 के बाद ऐसा हुआ है कि कोई बल्लेबाज एक ही पारी के दोनों पारियों में नर्वस नाइंटीज का शिकार बना हो.
शुक्रवार (13 नवंबर) को मैच के पांचवें और आखिरी दिन शकील ने दूसरी पारी में पाकिस्तान को बचाने के लिए मैराथन पारी खेली. उन्होंने 210 गेंदों का सामना किया और श्रीलंका की उम्मीदों को पूरी तरह समाप्त कर दिया. पाकिस्तान ने पहली पारी में 9 विकेट पर 434 रन बनाए थे. इसके बाद श्रीलंका ने पहली पारी में 446 रन बनाकर 12 रनों की बढ़त हासिल कर ली थी. दूसरी पारी को पाकिस्तान ने 284/8 के स्कोर पर घोषित किया और श्रीलंका को मैच ड्रॉ कराने पर मजबूर किया. इस मैच के पांच दिनों में खराब रोशनी के कारण 120 ओवरों का खेल बर्बाद हुआ.
शकील ने ऐसे बचाया मैच
पाकिस्तान का स्कोर 5 विकेट पर 125 रन था. अजान आवेश 22, तैयब आरिफ 11, मोहम्मद ताहा 24, कप्तान बाबर आजम 34 और सलमान अली आगा 13 रन बनाकर आउट हुए. यहां से शकील को गाजी गोरी का साथ मिला और दोनों ने छठे विकेट के लिए 156 गेंद पर 92 रनों की साझेदारी की. गाजी गोरी 35 रन बनाकर आउट हुए. शकील ने फिर अराफात मिन्हास के साथ सातवें विकेट के लिए 44 और रजाउल्लाह के साथ आठवें विकेट के लिए 23 रन जोड़े. मिन्हास 16 रन बनाकर आउट हुए और रजाउल्लाह छह रन बनाकर नाबाद रहे. शकील के 97 रन के निजी स्कोर पर आउट होने के बाद पाकिस्तान ने पारी घोषित कर दी. वह दूसरी पारी में 272 रन आगे था. श्रीलंका दिन के खेल में समय की कमी के कारण 273 रन के टारगेट को हासिल नहीं कर सकता था, इसलिए उसने ड्रॉ पर सहमति जता दी.
शकील के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड
शकील एक टेस्ट की दोनों पारियों में नर्वस नाइंटीज का शिकार होने वाले पाकिस्तान के पहले और दुनिया के छठे बल्लेबाज बन गए. टेस्ट क्रिकेट में ऐसा 2009 के बाद हुआ है. पिछली बार श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज महेला जयवर्धने इस तरह दो शतक से चूके थे. वह कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट की पहली पारी में 92 और दूसरी पारी में 96 रन बनाकर आउट हो गए थे.
टेस्ट में दो बार नर्वस नाइंटीज का शिकार होने वाले बल्लेबाज
98 और 97, सी हिल बनाम इंग्लैंड, एडिलेड, 1902
95 और 93, एफ वूली बनाम ऑस्ट्रेलिया, लॉर्ड्स, 1921
91 और 96, गॉर्डन ग्रीनिज बनाम पाकिस्तान, जॉर्जटाउन, 1977
91 और 97, गॉर्डन ग्रीनिज बनाम न्यूजीलैंड, क्राइस्टचर्च, 1980
92 और 96, महेला जयवर्धने बनाम न्यूजीलैंड, कोलंबो SSC, 2009
93 और 97, सऊद शकील बनाम श्रीलंका, रावलपिंडी, 2026
ये भी पढ़ें: 'क्रीज में फंस गए', मैट हेनरी के आगे सरेंडर पर फूटा गौतम गंभीर का गुस्सा, रोहित-विराट समेत टॉप ऑर्डर को सुनाई दो टूक
साकिब खान ने रचा इतिहास
पाकिस्तान ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज साकिब खान को इस टेस्ट मैच में मौका दिया था. उन्होंने 130 रन देकर सात विकेट हासिल किए. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया. साकिब अपने डेब्यू टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीतने वाले सातवें पाकिस्तानी खिलाड़ी बन गए. उनसे पहले मोहम्मद जाहिद, अजहर महमूद, मोहम्मद सामी, यासिर हमीद, फवाद आलम और आबिद अली यह पुरस्कार डेब्यू टेस्ट मैच में जीतने में सफल रहे हैं.