सैम अयूब पर चला पीसीबी का हंटर: पाकिस्तान की वनडे टीम से हुए बाहर, टी20 कप्तान की हो गई एंट्री
पाकिस्तान के ओपनर बल्लेबाज सैम अयूब को वनडे टीम से अचानक ही बाहर कर दिया गया है. अयूब की जगह टी20 टीम के कप्तान साहिबजादा फरहान को 50 ओवर के मैचों के लिए चुना गया है.
पाकिस्तान के ओपनर बल्लेबाज सैम अयूब लंबे समय से खराब फॉर्म में चल रहे हैं. वह बल्ले से रन बनाने में संघर्ष कर रहे हैं और गेंदबाजी में भी कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पा रहे हैं. इसे देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ चल रहे ट्राई सीरीज के बीच में अयूब को टीम से बाहर कर दिया. वह अपनी फॉर्म को वापस पाने के लिए घरेलू क्रिकेट में भाग लेंगे. वहां आत्मविश्वास हासिल करने के साथ-साथ तकनीक में भी सुधार करने पर काम करेंगे.
वनडे ट्राई सीरीज में अयूब तीन मैचों में एक बार भी दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच पाए हैं. वह 7, 8 और 6 के स्कोर पर पवेलियन लौटे हैं. इसके बाद हेड कोच माइक हेसन ने अयूब से बात की और उन्हें घरेलू क्रिकेट में खेलने की सलाह दी गई. पीसीबी ने बताया कि खिलाड़ी ने अपनी फॉर्म को लेकर ईमानदार आकलन का सम्मान किया है. अयूब ने पाकिस्तान के लिए 20 वनडे में 40.63 की औसत से 772 रन बनाए हैं. उन्होंने नौ विकेट भी लिए हैं.
फरहान की अचानक एंट्री क्यों?
साहिबजादा फरहान को एशियन गेम्स से टी20 टीम की कमान सौंपी गई है. उन्होंने इस दौरान शानदार प्रदर्शन किया है. फरहान ने एशियन गेम्स में टीम को सिल्वर मेडल दिलाया. उसके बाद श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज में 2-1 से जीत हासिल की. फरहान ने टी20 सीरीज के तीनों मैच में अर्धशतक लगाया था. इसे देखते हुए वनडे में उनकी वापसी का रास्ता भी खुल गया. वह 6 वनडे में सिर्फ 101 रन बनाकर बाहर हो गए थे, लेकिन अब वापसी करने के बाद वह ज्यादा रन बनाना चाहेंगे.
ये भी पढ़ें: भारतीय कोच का दावा: गेंदबाजों के लिए बनाया 'बुलेटप्रूफ' प्लान, टेस्ट में डेब्यू करेंगे अर्शदीप सिंह?
ट्राई सीरीज में पाकिस्तान की हालत कैसी?
पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज में अब तक 3 मैच खेले हैं और तीनों में जीत हासिल की है. वह छह अंकों के साथ अंक तालिका में पहले स्थान पर है. श्रीलंका ने 2 मैचों में एक जीत हासिल की है और उसे एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है. चार अंक के साथ लंकाई टीम दूसरे नंबर पर है. इंग्लैंड को तीनों मैचों में हार मिली है और वह अंक तालिका में सबसे नीचे तीसरे क्रम पर है.
ये भी पढ़ें: सेलेक्टर्स ने टीम इंडिया से किया बाहर... अब गरजा ये भारतीय क्रिकेटर, रणजी में 7 विकेट हॉल लेकर मचाया कहर
इंग्लैंड को एक विकेट से हराया
पाकिस्तान ने रविवार (25 अक्टूबर) को इंग्लैंड के खिलाफ लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में रोमांचक जीत हासिल की. 242 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने 48वें ओवर में एक विकेट से मैच को अपने नाम कर लिया. ऑलराउंडर शादाब खान ने इस मैच के हीरो रहे. उन्होंने 96 गेंदों पर नाबाद 113 रन बनाकर मैच को टीम के नाम कर दिया. यह उनका वनडे में पहला शतक था. उन्होंने 10वें विकेट के लिए हारिस रऊफ के साथ नाबाद 89 रनों की साझेदारी की और टीम को सीरीज में तीसरी जीत दिलाई.